Web News

www.upwebnews.com

वन विभाग के मुकदमे के बाद गिरफ्तार हुआ मोर मारने का आरोपी 

February 20, 2026

वन विभाग के मुकदमे के बाद गिरफ्तार हुआ मोर मारने का आरोपी 

 प्लास्टिक के कट्टे से मोर का शव बरामद
मथुरा (​चौमुहां। थाना छाता क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम तरौली जनूनी में राष्ट्रीय पक्षी मोर के शिकार का एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में हरियाणा के फरीदाबाद निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से एक मृत नर मोर बरामद हुआ है, जिसे वह प्लास्टिक के कट्टे में भरकर ले जाने की फिराक में था।
जानकारी के अनुसार, घटना 19 फरवरी 2026 की रात करीब 8:00 बजे की है। ग्राम तरौली जनूबी के ग्रामीणों ने एक युवक को संदिग्ध अवस्था में देखा। ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी ने डंडे से प्रहार कर पेड़ पर बैठे मोर को मार गिराया था। जब वह मृत मोर को प्लास्टिक के कट्टे में भर रहा था।
सूचना मिलते ही वन विभाग बीट प्रभारी प्रताप सिंह पुलिस टीम को लेकर मौके पर पहुंचे। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विजेंद्र उर्फ बीरेंद्र (25 वर्ष), पुत्र ज्ञान सिंह बताया। वह डबुआ कॉलोनी, थाना डबुआ, जिला फरीदाबाद (हरियाणा) का निवासी बताया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद कट्टे से मोर का शव बरामद किया गया।
डीएफओ वेंकटा श्रीकर पटेल ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और वन विभाग द्वारा मोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस मामले में वन विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की है। डीएफओ के निर्देशन में वन रक्षक प्रताप सिंह ने छाता कोतवाली में आरोपी के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोपी के चेहरे पर चोट के निशान भी मिले हैं, जिसके संबंध में उसने बताया कि भागते समय गिरने के कारण उसे ये चोटें आईं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है