ई – चालान कार्यालय परिसर की है घटना
मथुरा। सदर बाजार थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह ई-चालान ऑफिस परिसर में एक होमगार्ड का शव फांसी पर लटका मिला। इस घटना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया और घटना की जांच शुरू कर दी है।
बुधवार की सुबह जब कार्यालय के कर्मचारी पहुंचे, तो उन्होंने होमगार्ड का शव पंखे के कुंडे से लटका देखा। कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सदर बाजार थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बलदेव थाना क्षेत्र के ग्राम बिरौना निवासी लखन पुत्र मलखान सिंह के रूप में हुई है। लखन की ड्यूटी ई-चालान ऑफिस में थी और वह मंगलवार रात ड्यूटी पर आया था।
बुधवार को सुबह उसका शव फंदे से लटका मिला। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, लेकिन सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।
