हाथरस। सिकंदराराऊ क्षेत्र में रतिभानपुर गांव के पास नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में ग्राम खुटआ पीलगांव निवासी करीब 50 वर्षीय वरिष्ठ अधिवक्ता बृजभान सिंह की मौत हो गई। घटना से अधिवक्ताओं और ग्रामीणों में शोक की लहर है।
बताया गया कि बृजभान सिंह रोज की तरह बाइक से सिकंदराराऊ सिविल कोर्ट जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने घायल को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हाल ही में हुए सिविल बार एसोसिएशन चुनाव में उन्हें निर्विरोध सचिव चुना गया था और जल्द शपथ ग्रहण होना था। अस्पताल में अधिवक्ताओं की भीड़ जुटी रही। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
