
आक्रोश व्यक्त करते अधिवक्ता
हाथरस। पश्चिमी उत्तर प्रदेश बार एसोसिएशन के आवाहन और जिला एसोसिएशन रामपुर के प्रस्ताव पर अधिवक्ता फारूख अहमद खान की हत्या के विरोध में दी बार एसोसिएशन सिकंदराराऊ ने शोक सभा आयोजित की। सभा में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
अधिवक्ताओं ने हत्यारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए मृतक की पत्नी को प्रदेश सरकार से एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की। साथ ही अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा ठोस कानून बनाए जाने की मांग उठाई। चेतावनी दी गई कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन किया जाएगा।
इस संबंध में अधिवक्ताओं ने उप जिलाधिकारी संजय कुमार को ज्ञापन सौंपा। शोक सभा में एसोसिएशन के पदाधिकारी व अधिवक्ता मौजूद रहे।
