दुकान सील करने की चेतावनी से भड़के दुकानदार
मुरादाबाद, 7 फरवरी (उप्र समाचार सेवा)।
शनिवार को नगर निगम के किराया बढ़ाए जाने का विरोध शुरू हो गया है। टाउन हॉल समेत अन्य दुकानदारों ने निगम के फैसले पर आपत्ति जताते हुए बाजार बंद दिया। दोपहर बाद से विरोध गर्माया तो तमाम व्यापारी एकजुट हो गए और कई घंटे दुकानें नहीं खोली। मामले में कड़ा विरोध जताने के देर रात व्यापारियों ने बैठक भी बुलाई है।
नगर निगम की दुकानों का किराया बढ़ाए जाने पर तमाम व्यापारी नाराज है। व्यापारियों का कहना है कि दुकानों के किराया कई गुना ज्यादा बढ़ा दिया गया। एक हफ्ते पहले निगम ने दुकानदारों से नया किराया जमा करने को कहा। पर शनिवार को मामले ने तूल पकड़ा। निगम की दुकान सील करने की चेतावनी से व्यापारी खफा हो गए और दुकानों को बंद करने का निर्णय ले लिया। दोपहर दो बजे से कटरानाज, पटेल मार्केट, टाउन हॉल, अंबेडकर पार्क समेत अन्य दुकानों पर विरोध शुरू हो गया। व्यापारियों ने दुकानों के शटर गिरा दिए और विरोध स्वरूप प्रदर्शन किया। शाम तक दुकानें बंद रहीं। अब व्यापारी इस मुद्दे पर लंबी लड़ाई लड़ने की तैयारी में है। देर रात व्यापारियों की बैठक भी बुलाई गई जिसमें अगली रणनीति पर विचार विमर्श किया जाएगा।

