Web News

www.upwebnews.com

विकास योजनाओं का क्रियान्वयन समय सीमा में पूर्ण होः आयुक्त

January 28, 2026

विकास योजनाओं का क्रियान्वयन समय सीमा में पूर्ण होः आयुक्त

Mathura Vrandavan Vikas Pradhikaran Meeting

मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण की बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते हुए आयुक्त आगरा

मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण की 108वीं बोर्ड बैठक हुई संपन्न

Posted on : 28.01.2026, Wednesday Time: 08:46 PM,  Source: Atul Kumar

मथुरा, 28 जनवरी 2026 (उप्र समाचार सेवा) । आयुक्त, आगरा मंडल, आगरा/अध्यक्ष, मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण  शैलेन्द्र कुमार सिंह  की अध्यक्षता में मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण की 108वीं बोर्ड बैठक हुई संपन्न।

बैठक में सर्वप्रथम मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण के वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित आय-व्ययक (बजट) को अनुमोदन प्रदान किया गया, जिसमें कुल रुपए 2082.84 करोड़ के आय-व्यय का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही रुपए 2053.57 करोड़ के प्रस्तावित व्यय को भी स्वीकृति दी गई।

बैठक में टीबी बोर्ड एवं सीबीआई से संबंधित उच्चतम न्यायालय से संलग्न विभिन्न प्रकरणों की पैरवी हेतु अधिवक्ता नियुक्त किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही टीबी बोर्ड एवं सीबीआई कोर्ट हेतु विशिष्टताओं के आधार पर विभिन्न पदों पर नियुक्ति किए जाने के प्रस्तावों को अनुमोदन दिया गया, जिनमें 05 अन्य अभियंता, 01 शहरी एक्सपर्ट, 01 जीआईएस एक्सपर्ट, 01 प्रोक्योरमेंट सलाहकार की आउटसोर्स माध्यम से नियुक्ति शामिल है।

बैठक में तहसील सदर के ग्राम जैंत में प्राधिकरण द्वारा विकसित की जा रही आवासीय योजना में मानचित्रों में आंशिक संशोधन को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त गोवर्धन विकास आवासीय योजना के अंतर्गत प्राधिकरण की महायोजना-2031 के प्रस्तावित विकास क्रियान्वयन हेतु जोनल प्लान तैयार किए जाने तथा कॉरिडोर मॉडल के माध्यम से विभिन्न प्रतिष्ठानों के अंतर्गत क्लास-शॉप आवासीय योजना की दुकानों की सेल किए जाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

समीक्षा के दौरान प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, परियोजनाओं की प्रगति तथा बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि बोर्ड बैठक में अनुमोदित प्रस्तावों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विकास कार्यों में पारदर्शिता, वित्तीय अनुशासन तथा कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण एवं जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने पर बल दिया गया।

मंडलायुक्त ने कहा कि मथुरा-वृन्दावन क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्राधिकरण की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने एवं नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, उपाध्यक्ष मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण लक्ष्मी एन, नगर आयुक्त नगर निगम मथुरा वृन्दावन जग प्रवेश, सचिव मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण आशीष सिंह, मुख्य नगर नियोजक, प्राधिकरण बोर्ड के सदस्य तथा गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।