Web News

www.upwebnews.com

इस्तीफा दे चुके पीसीएस अलंकार अग्निहोत्री का डीएम पर आरोप, बंधक बनाने की हुई कोशिश

January 26, 2026

इस्तीफा दे चुके पीसीएस अलंकार अग्निहोत्री का डीएम पर आरोप, बंधक बनाने की हुई कोशिश

Alankar Agnihotri City Magistrate Bareilly PCS

नगर मैजिस्ट्रेट बरेली अलंकार अग्निहोत्री पद से त्यागपत्र देने के बाद सरकारी आवास के बाहर पोस्टर प्रदर्शित करते हुए।

बरेली, 26 जनवरी 2026 ( UP Samachar Sewa) यूजीसी और शंकराचार्य के मुद्दे पर इस्तीफा दे चुके नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने जिलाधिकारी पर आरोप लगाया है कि उनके आवास पर मुझे बंधक बनाने का प्रयास हुआ। अग्निहोत्री अपने इस्तीफे की हार्ड कापी लेकर जिलाधिकारी के पास गए थे। उन्होंने आवास से बाहर आकर मीडिया से कहा कि उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उन्हें बंधक बनाने की कोशिश हुई।

अलंकार अग्निहोत्री को डीएम आवास पर कई अन्य अधिकारियों ने समझाया था, लेकिन वे अपनी बात पर अडे रहे। उनकी मंशा इस बात से भी स्पष्ट हुई कि वे डीएम आवास पर जब गए तो कई ब्राह्मण संगठनों के लोगों को अपने साथ ले गए। हालांकि उक्त लोगों को डीएम आवास में प्रवेश नहीं करने दिया गया। अलंकार अग्निहोत्री ने बाहर आकर यह भी कहा कि वे दो घण्टे में आवास खाली कर देंगे। उनसे आवास खाली करने को कहा गया है।

उधर एडीएम कम्पाउण्ड स्थित उनके सरकारी आवास पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। क्योंकि अलंकार अग्निहोत्री ने अपनी जान को खतरा बताया है। उन्होंने यह भी कहा कि डीएम के पास लखनऊ से फोन आया था। इसके बाद ही उनके साथ इस तरह का व्यवहार किया गया है।

ज्ञातव्य है कि नगर मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री ने आज अपन पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने यूजीसी के नियमों और शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानन्द के अपमान को मुद्दा बनाया है। हालांकि जिस तरह से इस्तीफा देकर उन्होंने इसका प्रदर्शन किया। उससे यह लगता है कि उनका पूरा प्रकरण राजनीति प्रेरित है। क्योंकि उन्होंने न केवल इस्तीफे में राजनीतिक भाषा का प्रयोग किया बल्कि अपने आवास की नेम प्लेट के सामने खड़े होकर पहले से तैयार एक पोस्टर भीजारी किया। इससे लगता है कि वे मीडिया की सुर्खियां बटोरने के प्रयास में हैं।