Web News

www.upwebnews.com

हाथरस-अलीगढ़ मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: 18 वर्षीय युवक की मौत, 5 घायल, CCTV में कैद लाइव दुर्घटना

January 25, 2026

हाथरस-अलीगढ़ मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: 18 वर्षीय युवक की मौत, 5 घायल, CCTV में कैद लाइव दुर्घटना

हाथरस। हाथरस-अलीगढ़ मार्ग पर आज दो कारों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक 18 वर्षीय युवक की जान चली गई जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दर्दनाक हादसा बालाजी रिसॉर्ट के सामने दोपहर करीब 3:16 बजे हुआ। घटना उस समय हुई जब पहली कार (UP81 DE 8616) बालाजी रिसॉर्ट से अलीगढ़ की ओर जा रही थी और इसे चला रहे थे अलीगढ़ निवासी आलोक कुमार शर्मा, कार में उनके साथ विजय कुमार (39) और प्रवीण गुप्ता (54) भी सवार थे। दूसरी कार (i10, UP86 N 8229) अलीगढ़ से हाथरस की तरफ आ रही थी, इसे चला रहे थे हाथरस निवासी 18 वर्षीय वंश शर्मा उर्फ कान्हा, कार में उनके साथ जतिन सारस्वत (17), प्रिंस (17), कार्तिक शर्मा (19) और नन्नू पचौरी (17) सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी बहुत दूर जाकर गिरी और दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। वंश शर्मा को गंभीर हालत में अन्य घायलों के साथ हाईवे एम्बुलेंस द्वारा अलीगढ़ के रूसा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अन्य पांच घायलों का इलाज जारी है और कुछ की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची, मृतक और घायलों के परिजनों को तुरंत सूचित किया गया। सड़क पर लगे जाम को हटाने के लिए हाईवे क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और CCTV फुटेज में टक्कर की भयावहता और लाइव दुर्घटना के फुटेज साफ देखे जा सकते हैं। स्थानीय प्रशासन ने हाईवे पर सुरक्षित ड्राइविंग और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की चेतावनी दी है।