एटा 07 नवंबर उप्रससे। जनपद में दिवाली के त्योहार की खुशियां एक परिवार के लिए मातम में बदल गईं। जिस घर में त्योहार की तैयारियां चल रही थीं और खुशियों का माहौल था, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई।
निधौली कलां क्षेत्र के गांव नगला खैराती के समीप शनिवार को दिवाली के लिए घर का जरूरी सामान और सब्जियां खरीदकर लौट रहे 20 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। जवान बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार के लोगों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां-बाप और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव चंद्रभानपुर निवासी 20 वर्षीय मनीष कुमार पुत्र सोरन सिंह दिवाली के त्योहार को लेकर घर का सामान और सब्जियां खरीदने बाइक से गया था। खरीदारी करने के बाद वह खुशी-खुशी अपने घर लौट रहा था। तभी गांव नगला खैराती समीप रास्ते में गैस सिलेंडरों से भरे चार पहिया वाहन और उसकी बाइक की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मनीष गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। आनन-फानन में घायल मनीष को जिला मेडिकल कॉलेज एटा की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जिस भाई को परिवार दिवाली की खुशियों के बीच घर लौटने का इंतजार कर रहा था, उसकी मौत की खबर ने सभी को तोड़कर रख दिया। त्योहार की तैयारियां अधूरी रह गईं और घर में खुशियों की जगह मातम छा गया। सूचना पर पहुंची निधौली कलां पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
