Web News

www.upwebnews.com

होली एंजल स्कूल, चिनौर में गूँजा रेड क्रॉस का मानवता संदेश

October 21, 2026

होली एंजल स्कूल, चिनौर में गूँजा रेड क्रॉस का मानवता संदेश


प्रधानाचार्य सिस्टर फातिमा ने साझा किए छात्र जीवन में रेड क्रॉस से जुड़कर सेवा करने के अनुभव :-

शाहजहाँपुर। ( संजीव गुप्त ) आज के विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उनमें मानवता, संवेदना तथा सेवा के संस्कार विकसित करना बेहतर समाज की नींव है। इसी उद्देश्य से महामहिम राज्यपाल एवं उत्तर प्रदेश रेड क्रॉस सोसाइटी की अध्यक्ष श्रीमती आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा एवं मंशा के अनुरूप होली एंजल स्कूल, चिनौर में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, शाखा शाहजहाँपुर की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें भारी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यालय की प्रबंधिका सिस्टर फातिमा ने बताया कि वह अपने छात्र जीवन के दौरान तमिलनाडु में रेड क्रॉस से जुड़ी थीं और इसके सेवा कार्यों में भाग लिया था। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को मानवता, सहयोग और जरूरतमंदों की सहायता करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. विजय जौहरी ने बच्चों को सरल भाषा में बताया कि रेड क्रॉस का जन्म मानवता की सेवा के लिए हुआ है। इसके संस्थापक हेनरी ड्यूनेंट के मानवीय विचारों से प्रेरित यह आंदोलन वर्ष 1863 में जिनेवा में शुरू हुआ। अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस समिति का मुख्यालय जिनेवा, स्विट्जरलैंड में है। हेनरी ड्यूनेंट को वर्ष 1901 में पहला नोबेल शांति पुरस्कार मिला, जबकि अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस समिति को 1917, 1944 और 1963 में यह सम्मान मिला। इस प्रकार संस्थापक और संस्था से जुड़े कुल चार नोबेल शांति पुरस्कारों का गौरवशाली इतिहास बच्चों के सामने रखा गया।
उन्होंने बताया कि भारत में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की स्थापना वर्ष 1920 में संसद के अधिनियम के अंतर्गत हुई। राष्ट्रीय स्तर पर भारत की राष्ट्रपति संस्था की अध्यक्ष हैं और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री राष्ट्रीय सभापति हैं। उत्तर प्रदेश में राज्यपाल राज्य शाखा की अध्यक्ष हैं, व मानणिया बृजेश पाठक उप मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सर्कार प्रदेश सभापति हैं जनपद स्तर पर जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में नेतृत्व में रेड क्रॉस की गतिविधियाँ संचालित होती हैं। जीतेन्द्र कुमार द्वारा कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार के मैजिक शो के माध्यम से बच्चों का मनोरंजन करते हुए रेड क्रॉस का संदेश पहुँचाया गया। डॉ. जौहरी ने प्राथमिक उपचार, हाथ धोने की सही विधि, स्वच्छता और आपात स्थिति में शुरुआती सहायता की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों से कहा कि किसी साथी को चोट लगने या किसी जरूरतमंद को सहायता की आवश्यकता होने पर संवेदनशीलता दिखाएँ और सुरक्षित तरीके से शिक्षक अथवा जिम्मेदार व्यक्ति की मदद लें। उन्होंने बताया कि रेड क्रॉस रक्तदान, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य जागरूकता, प्राथमिक उपचार तथा युद्ध और संकट के समय पीड़ितों की सहायता जैसे महत्वपूर्ण कार्य करता है। इसका उद्देश्य बिना किसी भेदभाव के पीड़ितों, जरूरतमंदों और संकट में फँसे लोगों तक सहायता पहुँचाना है।
डॉ. जौहरी ने कहा कि विद्यालयों में रेड क्रॉस का प्रचार-प्रसार बच्चों को जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आज के विद्यार्थी ही कल देश की सेवा करेंगे। उनमें मानव सेवा की भावना विकसित करना समाज के उज्ज्वल भविष्य में निवेश करने के समान है।
रेड क्रॉस का संदेश — “जहाँ रेड क्रॉस, वहाँ मानव सेवा।”
इस अवसर पर प्रिंसिपल सिस्टर फातिमा वाईस प्रिंसिपल सिस्टर प्रेमा टीचर विनीत आनंद, विनय श्रीवास्तव , जीतेन्द्र कुमार और अनेक शिक्षक – शिक्षिकाओं ने सहभागिता की l