* किसानों को मिलीं कई आधुनिक सुविधाएं*
शाहजहांपुर।( संजीव गुप्त )
प्रदेश के सहकारिता मंत्री श्री जे.पी.एस. राठौर ने आज जनपद के विकासखंड पुवायां (गंगसरा) स्थित एम-पैक्स दिउरिया गुटैया में 100 मीट्रिक टन क्षमता वाले समिति गोदाम के मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने नवगठित एम-पैक्स नत्थापुर के कार्य-व्यवसाय का भी विधिवत शुभारंभ कर क्षेत्र के किसानों को एक बड़ी सौगात दी। इस दौरान उन्होंने सहकारिता के क्षेत्र में आ रहे डिजिटल और बुनियादी बदलावों की जानकारी देते हुए किसानों को सरकार की योजनाओं के प्रति आश्वस्त किया।
लोकार्पण के अवसर पर मंत्री जी ने समिति भवन और किसानों की सुविधा के लिए बनाए गए किसान शेड का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं पर गहरी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विशेष रूप से किसानों के बैठने के लिए बनाए गए शेड की काफी सराहना की। उन्होंने कहा कि किसानों की सहूलियत और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित किसानों और विभागीय अधिकारियों को संबोधित करते हुए श्री राठौर ने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रयासों से अब किसानों को बिल्कुल समय से खाद उपलब्ध हो रही है। किसानों को उर्वरक के लिए भटकना न पड़े और उन्हें सतत रूप से खाद मिलती रहे, इसके लिए सरकार ने एक बड़ा कदम उठाते हुए हर समिति को 15 लाख रुपये की ब्याज मुक्त क्रेडिट गारंटी उपलब्ध कराई है। इससे समितियों के पास खाद का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने में मदद मिल रही है।
सहकारिता समितियों को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में उठाए जा रहे कदमों का जिक्र करते हुए मंत्री जी ने बताया कि अब किसान समितियों पर आसानी से क्यूआर कोड (QR Code) के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं। इसके अलावा, समितियों के कंप्यूटराइजेशन का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। इससे न केवल कार्यप्रणाली में तेजी आएगी, बल्कि पूरी व्यवस्था में 100 प्रतिशत पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी।
समितियों को ऊर्जा के मोर्चे पर आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार की एक और महत्वपूर्ण पहल की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि हर समिति पर सरकार की ओर से 2 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट भी लगाया जा रहा है, जिससे बिजली की समस्या दूर होगी और कामकाज सुचारू रूप से चलता रहेगा। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों के साथ-साथ भारी संख्या में क्षेत्रीय किसान और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
