
साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में मौजूद संस्कार भारती के सदस्य
हाथरस, 11 जनवरी 2026 (उप्रससे)। । विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर संस्कार भारती द्वारा रुई की मंडी में एक विशेष साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता साहित्यकार गोपाल शर्मा ने की, जबकि मुख्य अतिथि डॉ जितेंद्र शर्मा रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रांतीय संरक्षक आशुकवि अनिल बौहरे ने हिंदी के वैश्विक महत्व और उसकी निरंतर बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डालते हुए हिंदी को जन-जन की भाषा बनाने पर जोर दिया।
वरिष्ठ साहित्यकार श्याम बाबू चिंतन ने कहा कि हिंदी हिंद की पताका है, जो संविधान के विधान से विश्वगुरु बनने की क्षमता रखती है। जिलाध्यक्ष चेतन उपाध्याय ने हिंदी को भारतीय संस्कृति की मिठास से जुड़ी भाषा बताया। सुखप्रीत सिंह सुखी ने कहा कि पर्ण की किस्मत कंद हो जाना नहीं होती, वहीं डॉ सुनीता उपाध्याय ने हिंदी की समन्वयकारी शक्ति पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में जीवन लाल शर्मा, चौ जयवीर सिंह, सोनाली वार्ष्णेय, अनु विमल, हेमेंद्र कुमार सहित अन्य साहित्यकारों ने भी हिंदी के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंत में महामंत्री एआर शर्मा ने सभी उपस्थित साहित्यकारों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन जिलाध्यक्ष चेतन उपाध्याय द्वारा किया गया।
