एटा 24 जुलाई उप्रससे। जनपद में अवागढ़ थाना क्षेत्र के वीरनगर में रेलवे लाइन के पास गुरूवार देर रात दो राष्ट्रीय पक्षी मोर मृत पाए गए। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर अवागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वन विभाग की टीम को भी इस मामले की जानकारी दी गई। दोनों मृत मोरों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, ताकि उनकी मौत के सही कारणों का पता चल सके। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मोरों की मौत की परिस्थितियों का खुलासा हो पाएगा। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और राष्ट्रीय पक्षी की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
