एटा 24 जुलाई उप्रससे। शहर के नन्नूमल चौराहा स्थित सार्वजनिक शौचालय के पास आज शुक्रवार शाम एक युवक का शव मिला। सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अनुज (32) पुत्र बुद्धलाल, निवासी बकेवर जनपद इटावा का रहने वाला है वर्तमान में कैलाश मंदिर के पीछे रहता है।
स्थानीय लोगों ने आज शुक्रवार शाम करीब 4 बजे सार्वजनिक शौचालय के पास युवक का शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे।
मृतक के मामा अविनाश ने बताया कि अनुज वर्मा उनके साथ कैलाश मंदिर के पास रह रहे थे। मूल रूप से वह लखना क्षेत्र के रहने वाले थे और काम की तलाश में उनके पास आकर रह रहे थे। उन्होंने बताया कि अनुज दुकान पर गए थे और वहां से सार्वजनिक शौचालय गए थे। कुछ देर बाद दुकान से फोन आया कि वह शौचालय में अचेत अवस्था में पड़े हैं।
कोतवाली नगर प्रभारी धर्मेंद्र पवार ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि युवक की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
