Web News

www.upwebnews.com

Hathras यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, हाथरस में 6 की मौत, 6 घायल

March 3, 2026

Hathras यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, हाथरस में 6 की मौत, 6 घायल

Posted on 03.03.2026, Tuesday, Time 12.00 Noon Hathras Accident

हाथरस, 03 मार्च 26, सादाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत यमुना एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। माइलस्टोन 141 के पास दिल्ली से धौलपुर जा रही एक इको कार को पीछे से तेज रफ्तार डबल डेकर स्लीपर बस ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक दुर्घटना में इको सवार 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, इको गाड़ी अलग-अलग स्थानों से 13 सवारियां लेकर राजस्थान के धौलपुर जा रही थी। ओवरटेक के दौरान बस की टक्कर से इको पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतकों में 3 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। घायलों में 3 छोटे बच्चे और 3 वयस्क (2 पुरुष व 1 महिला) हैं। बच्चों को इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां दो बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि बस चालक, सह चालक और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया गया है। संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और बस मालिक के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी।
इस हादसे पर योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए जनपद प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

हाथरस में यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा

हाथरस में यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, 6 लोगों को मृत्यु, हाथरस की घटना

March 2, 2026

अखिल भारतीय वार्ष्णेय वेलफेयर एसोसिएशन महिला प्रकोष्ठ का होली मिलन समारोह

होली मिलन समारोह में अखिल भारतीय वार्ष्णेय वेलफेयर एसोसिएशन की सदस्याएं
हाथरस।अखिल भारतीय वार्ष्णेय वेलफेयर एसोसिएशन महिला प्रकोष्ठ द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सभी सखियों ने फूलों की होली खेली और एक-दूसरे को होली की बधाई दी। इस अवसर पर समाज को संदेश दिया गया कि होली रंगों और अपनों का त्योहार है, जिसे गले मिलकर और गिले-शिकवे मिटाकर मनाना चाहिए।
अध्यक्ष कल्पना वार्ष्णेय ने केमिकल युक्त रंगों के प्रयोग से बचने और समाज में एकता व सौहार्द बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक रंगों से होली खेलकर पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों की रक्षा की जा सकती है।
कार्यक्रम में डिम्पल वार्ष्णेय, श्वेता वार्ष्णेय, अर्चना वार्ष्णेय, पूनम वार्ष्णेय, मंजू वार्ष्णेय, इंदिरा वार्ष्णेय, सुनीता वार्ष्णेय, पूजा वार्ष्णेय, आशू वार्ष्णेय, कुसुम वार्ष्णेय, ईशा वार्ष्णेय, रेनू वार्ष्णेय, लक्ष्मी वार्ष्णेय, साधना वार्ष्णेय, मधु वार्ष्णेय, दामनी वार्ष्णेय सहित अन्य सखियां मौजूद रहीं। समारोह हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुआ।

February 27, 2026

दहेज हत्या में पति को आजीवन कारावास

हाथरस। थाना चंदपा क्षेत्र के दहेज हत्या प्रकरण में जनपद एवं सत्र न्यायालय ने अभियुक्त शिवम चौहान को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश पुलिस के “ऑपरेशन कन्विक्शन” अभियान के अंतर्गत प्रभावी पैरवी के बाद हुई।
16 अप्रैल 2025 को गढ़ी बलना निवासी योगेश ने बहन की दहेज के लिए हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचना के बाद आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। सुनवाई के उपरांत न्यायालय ने अभियुक्त को धारा 80(2) भारतीय न्याय संहिता में आजीवन कारावास तथा अन्य धाराओं में अतिरिक्त कारावास व अर्थदंड से दंडित किया।
पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के विरुद्ध कड़ा संदेश माना जा रहा है।

सिकंदराराऊ स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, मालगाड़ी के नीचे फंसा युवक सुरक्षित निकला

मालगाड़ी के नीचे फंसा युवक
हाथरस। जनपद के सिकंदराराऊ रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार एक युवक खड़ी मालगाड़ी के नीचे से पटरी पार करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान ट्रेन को संकेत मिल गया और डिब्बे चलने लगे, जिससे युवक पहियों के बीच फंस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन सरकते ही प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और युवक को तुरंत पटरी के बीच लेट जाने के लिए कहा। युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए पेट के बल लेटकर अपनी जान बचाई। कुछ ही क्षणों में पूरी मालगाड़ी उसके ऊपर से गुजर गई।
ट्रेन गुजरने के बाद युवक सुरक्षित बाहर निकल आया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से ट्रैक पार करने वालों पर सख्ती बरतने और जागरूकता बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।

Older Posts »