Web News

www.upwebnews.com

मंगलवार को होगी नगर निगम बोर्ड बैठक,11.59 अरब के बजट पर लगेगी मुहर

February 23, 2026

मंगलवार को होगी नगर निगम बोर्ड बैठक,11.59 अरब के बजट पर लगेगी मुहर

Post on 23.2.26
Monday, Time 11.15 AM Moradabad, Rajesh Bhatia

मुरादाबाद,23 फरवरी(उप्र समाचार सेवा)।
अगले वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बजट बैठक अब मंगलवार को होगी। नए वर्ष के लिए 115925 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है। निगम के इस मूल बजट में आय व्यय का ब्योरा रखा गया है।
दो दिन पहले नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में मेयर,
नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त और सदस्यों की मौजूदगी में आगामी सालाना बजट का प्रस्ताव रखा गया। बजट में निगम को होने वाली और खर्च संबंधी प्रस्तावों पर चर्चा हुई। कार्यकारिणी बैठक में
11.59 अरब रुपए का बजट रखा गया।
निगम के सालाना बजट पर अब बोर्ड बैठक में मुहर लगेगी। अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह के अनुसार शहर के विकास के लिए 11.59 अरब रुपए का बजट प्रावधान रखा गया। बैठक में कार्यकारिणी बजट पर चर्चा हुई। बजट में इस बार कुछ बढ़ोतरी की गई है। पिछली बार निगम को बजट 11.23 अरब रुपए रखा गया। बजट में नाला निर्माण,जलापूर्ति, सीवर लाइन, सड़क सुधार, सड़क चौड़ीकरण, पथ प्रकाश आदि कार्यों के लिए धनराशि निर्धारित की गई है।
जबकि बोर्ड बैठक अब 24 फरवरी को तय की गई है।जिसमें बजट मुहर लगेगी।‌

मुख्यमंत्री ने IBM AI GovTech Innovation Centre का उद्घाटन किया

मुख्यमंत्री के समक्ष उ0प्र0 सरकार एवं आई0बी0एम0 के मध्य 02 एम0ओ0यू0 का आदान-प्रदान किया गया
लखनऊ को ए0आई0 सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा
Yogi Adityanath
लखनऊ : 22 फरवरी, 2026, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहाँ IBM AI GovTech Innovation Centre का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी के समक्ष आई0बी0एम0 एवं उत्तर प्रदेश सरकार के मध्य 02 एम0ओ0यू0 का आदान-प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान यू0पी0 डिजिटल गवर्नेन्स तथा आई0बी0एम0 की विकास यात्रा पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गयी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की विजनरी लीडरशिप में भारत ने समग्र विकास की नई आधारशिला रखी है। विगत 11 वर्ष में इन्फ्रास्ट्रक्चर व डीपटेक के क्षेत्र में भारत ने जिन ऊँचाइयों को प्राप्त किया है, वह अद्भुत, आश्चर्यजनक व दुनिया के लिए कौतुहल का विषय है। प्रदेश सरकार ने तय किया है कि लखनऊ को ए0आई0 सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। यदि आई0बी0एम0 इस कार्य में सहयोग करेगी, तो इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आई0बी0एम0 ने आई0आई0टी0 कानपुर में देश का पहला कम्प्यूटर स्थापित करने में योगदान दिया था। क्वॉण्टम कम्प्यूटिंग के लिए उत्तर प्रदेश की दावेदारी मजबूत है, क्योंकि प्रदेश लगातार इस दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार, आई0आई0टी0 कानपुर व आई0बी0एम0 क्वॉण्टम कम्प्यूटिंग की दिशा में कार्य करने के लिए तत्पर हैं। तीनों मिलकर आगे बढ़ेंगे, तो प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप क्वॉण्टम कम्प्यूटिंग का कार्यक्रम उत्तर प्रदेश से प्रारम्भ होकर डीपटेक की दिशा में आगे बढ़ने में सफल होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गत वर्ष उन्हें आई0आई0टी0 कानपुर में डीपटेक पर आधारित कॉन्फ्रेंस में भाग लेने का अवसर प्राप्त हुआ था। राज्य सरकार ने मेडटेक के लिए आई0आई0टी0 कानपुर के साथ मिलकर कार्य किया है। वर्तमान में अलग-अलग क्षेत्रों में 07 सेण्टर ऑफ एक्सीलेंस प्रदेश में कार्यरत हैं, जो उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। हेल्थ सेक्टर में लखनऊ का एस0जी0पी0जी0आई0 अच्छा कार्य कर रहा है। आई0आई0टी0 कानपुर भी उत्कृष्ट कार्य कर रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज डिजिटल इण्डिया की सफलता विभिन्न मंचों के माध्यम से प्रस्तुत हो रही है। वैश्विक नेताओं ने नई दिल्ली में आयोजित इण्डिया ए0आई0 इम्पैक्ट समिट में प्रधानमंत्री जी के विजन को सराहा। प्रधानमंत्री जी की लीडरशिप में डिजिटल इण्डिया की सफलता की कहानी सबके सामने है। 140 करोड़ भारतवासियों को डिजिटल पहचान पत्र प्राप्त हुआ। 50 करोड़ लोग भारत में आयुष्मान भारत की सुविधा प्राप्त कर रहे हैं। देश के 50 करोड़ परिवार पारदर्शी बैंकिंग प्रणाली के अन्तर्गत डी0बी0टी0 के माध्यम से अपने खातों में शासन की सुविधा और योजनाओं का सीधे लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कल गौतमबुद्धनगर जनपद में प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में प्रदेश की पहली सेमीकण्डक्टर यूनिट की आधारशिला रखी गयी है। प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में रोबोटिक्स के सेण्टर ऑफ एक्सीलेंस हेतु धनराशि का प्राविधान किया है। इससे पूर्व, ड्रोन टेक्नोलॉजी के लिए भी सेण्टर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना हेतु बजट की व्यवस्था की गयी है।
इस अवसर पर आई0बी0एम0 इण्डिया/साउथ एशिया के प्रबन्ध निदेशक श्री संदीप पटेल, आई0आई0टी0 कानपुर के डायरेक्टर प्रो0 मणीन्द्र अग्रवाल, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा आई0बी0एम0 के अन्य पदाधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

गगहा में हत्या के मामले का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार*

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur

22/02/2026

*शराब के नशे में लाठी-डंडे से वार कर महिला की हत्या का आरोप*

गोरखपुर। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गगहा पुलिस ने हत्या के एक गंभीर मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सनसनी फैली रही।
थाना गगहा पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 66/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत नामजद अभियुक्त जयगोविन्द पुत्र राममिलन, निवासी पूरे, थाना गगहा जनपद गोरखपुर को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है तथा आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
घटना के संबंध में बताया गया कि दिनांक 20/21 फरवरी 2026 की रात्रि में अभियुक्त ने शराब के नशे में एक महिला पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। गंभीर चोटें लगने के कारण पीड़िता की मृत्यु हो गई। मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि जनपद में हत्या जैसे जघन्य अपराधों पर सख्त नजर रखी जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है।

निरंकारी मिशन का सेवा और समर्पण से सशक्त जल संरक्षण का प्रेरक संकल्प

जल की रक्षा, सृष्टि की सुरक्षा

एटा 22 फरवरी उप्रससे। जल प्रकृति का अमूल्य उपहार है, जीवन की आधारशिला और मानव सभ्यता की जीवन रेखा जब यह जल स्वच्छ और संरक्षित रहता है, तो केवल पर्यावरण ही नहीं, समाज का सामूहिक स्वास्थ्य और संतुलन भी सुदृढ़ होता है। इसी विचार को साकार रूप देते हुए संत निरंकारी मिशन की ब्रांच एटा के निरंकारी श्रद्धालुओं ने संगत इंचार्ज सेवाराम एवं यूनिट नंबर 526 के सेवा दल अधिकारी प्रेमचंद के नेतृत्व में सैकड़ो सेवादारो ने आगरा रोड स्थित हजारा नहर पर स्वच्छ जल.स्वच्छ मन का संदेश को देते हुए सफाई अभियान का आयोजन किया। साथ ही प्राकृतिक जल स्रोतों, नदियों, तालाबों, झीलों और समुद्री तटों की निस्वार्थ भाव से स्वच्छता एवं संरक्षण का व्यापक अभियान आज जन-जन के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रहा है। यह पहल केवल सफाई तक सीमित नहीं, बल्कि जागरूकता, जिम्मेदारी और सामूहिक सहभागिता का सशक्त संदेश है।

मीडिया प्रवक्ता अमित कुमार ने जानकारी देते हुए बतायाकि ‘स्वच्छ जल, स्वच्छ मन’ अभियान के चौथे चरण का भव्य एवं प्रेरणास्पद आयोजन सतगुरु माता सुदीक्षा एवं निरंकारी राजपिता रमित के मार्गदर्शन में भारतवर्ष के 25 राज्यों, केन्द्रशासित प्रदेश के 930 शहरों के 1600 से अधिक स्थानों पर सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ, जिसमें लगभग 12 लाख स्वयंसेवक सम्मिलित हुए। यह केवल एक पर्यावरणीय प्रयास नहीं, बल्कि अध्यात्म, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का अद्भुत समन्वय था, जो जन-जन के अंतर्मन को स्पर्श करते हुए जागरूकता एवं कर्तव्यबोध की भावना को और अधिक सुदृढ़ बनाता है। संत निरंकारी मिशन की सामाजिक शाखा संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में, बाबा हरदेव सिंह की अनेक शिक्षाओं से प्रेरणा लेते हुए इस ‘प्रोजेक्ट अमृत’ का आयोजन किया गया। यह परियोजना मानवता को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाते हुए जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संतुलन के प्रति सामूहिक संकल्प का संदेश देती है।
इसी सेवा भावना को आगे बढ़ाते हुए मिशन द्वारा “संत निरंकारी हेल्थ सिटी” जैसी मानवीय सेवा परियोजनाओं को विकसित किया जा रहा है। यह पहल केवल स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार नहीं, बल्कि करुणा और समर्पण का जीवंत उदाहरण है। जिस प्रकार ब्रह्मज्ञान आत्मा को शांति प्रदान करता है, उसी प्रकार यह स्वास्थ्य सेवा समाज के प्रत्येक वर्ग को शारीरिक राहत और सशक्त जीवन प्रदान करने का माध्यम बनेगी।

संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के सचिव ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान का शुभारम्भ सेवादल के प्रार्थना गीत से हुआ, जिससे संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो उठा। इस अवसर पर देशभर में प्रसारित दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करते हुए सुरक्षा, अनुशासन एवं स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की गई, जो आयोजन की सुव्यवस्थित एवं संस्कारित कार्यशैली को दर्शाता है। इसी अवसर पर खुले प्रांगण में सत्संग कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। निःसंदेह, ‘स्वच्छ जल, स्वच्छ मन’ का यह संदेश केवल एक अभियान नहीं, बल्कि एक जीवन-दर्शन है, जो जल की धाराओं में निर्मलता स्थापित करने के साथ ही मन की गहराइयों में चेतना को आलोकित करता है। यही ऊर्जा आने वाली पीढ़ियों के लिए एक संतुलित, सुरक्षित और शाश्वत भविष्य की आधारशिला बनाती है।

एटा में अज्ञात वाहन की टक्कर से दो सगे भाइयों की मौत, दवा लेकर लौट रहे थे घर

एटा 22 फरवरी उप्रससे। जनपद के जलेसर में हाथरस से लौट रहे दो सगे भाइयों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी। दोनों की मौत, पुलिस सीसीटीवी से जांच में जुटी।

एटा जनपद के थाना जलेसर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दोनों भाई हाथरस से दवा लेकर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने बताया दोनों भाई दवा लेने के लिए बाइक से हाथरस गए थे। वापस लौटते समय जलेसर क्षेत्र में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद दोनों भाई सड़क पर घायल अवस्था में पड़े रहे। राहगीरों ने घटना की सूचना तुरन्त जलेसर थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। मृतकों के भाई सुरेंद्र ने बताया कि दोनों साथ में दवा लेने गए थे और घर लौटते समय यह हादसा हो गया।

जलेसर प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी वाहन चालक की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

« Newer PostsOlder Posts »