Web News

www.upwebnews.com

एटा में मलावन केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट नेहाईस्कूल इंग्लिश पेपर में पकड़े दो ‘मुन्ना भाई’ पकड़े,

February 23, 2026

एटा में मलावन केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट नेहाईस्कूल इंग्लिश पेपर में पकड़े दो ‘मुन्ना भाई’ पकड़े,

दूसरे के स्थान पर दे रहे थे परीक्षा

एटा 23 फरवरी उप्रससे। जिले के मलावन थाना क्षेत्र में स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने सघन चेकिंग के दौरान हाईस्कूल अंग्रेजी की परीक्षा दे रहे दो ‘मुन्ना भाई’ पकड़े। ये दोनों दूसरे परीक्षार्थियों की जगह परीक्षा दे रहे थे।

मलावन स्थित आर.के.एस.एच.एस.एस. परीक्षा केंद्र पर प्रथम पाली में अंग्रेजी का पेपर चल रहा था, तभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट और तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय की टीम केंद्र का भ्रमण कर रही थी। नीरज वार्ष्णेय को दोनों पर शक हुआ, जिसके बाद पूछताछ में उन्होंने सच उगल दिया। पकड़े गए फर्जी परीक्षार्थी अंशुल पुत्र मुनेश शुभम नामक परीक्षार्थी की जगह परीक्षा दे रहा था। दूसरा फर्जी परीक्षार्थी सुबोध पुत्र संजय पवन कुमार के स्थान पर परीक्षा दे रहा था।

तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय ने बताया कि दोनों ‘मुन्ना भाइयों’ के विरुद्ध नकल विरोधी अधिनियम वर्ष 2025 के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई जा रही है। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।

डीएम ने उत्साहवर्धन कर आशा मालवीय को उज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी

Asha Malviya

उप्रससे अजय बरया

ललितपुर। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की रहने वाली आशा मालवीय इन दिनों अपने साहस, संकल्प और देशभक्ति के जज़्बे से लोगों को प्रेरित कर रही हैं। नारी शक्ति, देशभक्ति और अदम्य साहस के उद्देश्य के साथ वह 7800 किलोमीटर की लंबी साइकिल यात्रा पर निकली हैं। जयपुर से शुरू हुई उनकी यह यात्रा गुजरात होते हुए कन्याकुमारी तक जाएगी। फिलहाल वह ललितपुर पहुंच चुकी हैं और अब तक 3100 किलोमीटर की दूरी तय कर चुकी हैं।
कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने आशा मालवीय का उत्साहवर्धन किया और उनके इस साहस भरे कदम की प्रशंसा करते हुए कहा कि नारी शक्ति अगर ठान ले तो वह सब कुछ कर सकती हैं। आज महिलाएं हर क्षेत्र के कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। इसके लिए सरकार नारी सुरक्षा, नारी सम्मान व नारी स्वावलंबन के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी नारी शक्ति की ताकत, साहस और दृढ़ता का सम्मान करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में उनकी उपलब्धियों की सराहना करती है, केन्द्र व प्रदेश की सरकार शिक्षा, उद्यमिता, कृषि, प्रौद्योगिकी, खेल सहित अन्य क्षेत्रों में अनेक पहलों के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आशा मालवीय को उज्वल भविष्क की शुभकामनाएं देते हुये जनपद के पर्यटन चित्र भेंट किये।
आशा मालवीय ने बता कि उन्होंने फिजिकल एजुकेशन में पीजी की पढ़ाई की है। खेल और फिटनेस के क्षेत्र से जुड़ी होने के कारण उन्होंने हमेशा युवाओं और विशेषकर महिलाओं को शारीरिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया है। उनका मानना है कि आत्मविश्वास, अनुशासन और दृढ़ निश्चय से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और साहसी बनने के लिए प्रेरित करना है। वे जहां-जहां से गुजर रही हैं, वहां लोगों से संवाद कर रही हैं और बेटियों की शिक्षा, महिला सुरक्षा तथा राष्ट्रप्रेम का संदेश दे रही हैं। रास्ते में कई सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों द्वारा उनका स्वागत भी किया जा रहा है।
कठिन मौसम, लंबी दूरी और शारीरिक थकान जैसी चुनौतियों के बावजूद आशा का उत्साह कम नहीं हुआ है। उनका कहना है कि यह यात्रा केवल साइकिल चलाने की नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की एक मुहिम है।
ललितपुर पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके साहस की सराहना की। आशा मालवीय की यह पहल न केवल महिलाओं के लिए प्रेरणा है, बल्कि युवाओं में देशभक्ति और आत्मबल की भावना को भी मजबूत कर रही है।
7800 किलोमीटर की इस ऐतिहासिक यात्रा को पूरा करने का उनका संकल्प अडिग है। उनका संदेश स्पष्ट हैकृ“यदि हौसले बुलंद हों तो कोई भी मंजिल दूर नहीं।

रसोइयों की कला प्रतियोगिता आयोजित, उत्कृष्ट प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
23/02/2026

गोरखपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, 10वीं पार्क रोड, निकट सीतापुर आई हॉस्पिटल परिसर में रसोइया पाक कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से जनपद गोरखपुर के विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गोरखपुर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लेखाधिकारी जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय गोरखपुर सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
प्रतियोगिता में रसोइयों द्वारा मध्यान्ह भोजन योजना के अंतर्गत निर्धारित मानकों के अनुसार सामग्री का उपयोग करते हुए स्वादिष्ट एवं पौष्टिक व्यंजन तैयार किए गए। निर्णायक मंडल द्वारा व्यंजनों की गुणवत्ता, स्वाद एवं प्रस्तुति के आधार पर मूल्यांकन किया गया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान विकास क्षेत्र नगर क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय रेती रोड की रसोइया को प्राप्त हुआ। द्वितीय स्थान विकास क्षेत्र जंगल कौड़िया के कंपोजिट विद्यालय तथा तृतीय स्थान विकास क्षेत्र सहजनवा के प्राथमिक विद्यालय भौवापार की रसोइया को मिला। विजेताओं को क्रमशः 3500, 2500 एवं 1500 रुपये की धनराशि उनके निजी बैंक खातों में प्रदान की गई।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी रसोइयों के प्रयासों की सराहना की और आशा व्यक्त की कि वे अपने अनुभव के आधार पर अन्य विद्यालयों की रसोइयों को भी प्रेरित करेंगी, जिससे मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और बेहतर हो सके।कार्यक्रम का संचालन दीपक पांडेय द्वारा किया गया।

होली, रमजान और ईद को लेकर प्रशासन सतर्क

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
23/02/2026

  • पुलिस लाइन में डीएम व एसएसपी की सद्भावना समिति संग बैठक, सुरक्षा व व्यवस्थाओं पर दिए सख्त निर्देश*

गोरखपुर। आगामी होली, रमजान और ईद-उल-फितर के मद्देनजर गोरखपुर पुलिस लाइन सभागार में जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ की अध्यक्षता में सद्भावना समिति, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराना रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि 4 मार्च को होली है और उसी दिन रमजान का पंद्रहवां रोजा भी है, जबकि 13 मार्च को अलविदा की नमाज अदा की जाएगी। ऐसे में संवेदनशीलता, सतर्कता और समन्वय अत्यंत आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें और त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने दें। उन्होंने निर्देश दिया कि होलिका दहन स्थलों का पूर्व सत्यापन कर लिया जाए। विशेषकर जिन स्थानों पर मस्जिदों के सामने होलिका दहन होता है, वहां पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं का सम्मान सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की अफवाह या उकसावे की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने होली के जुलूसों को लेकर विशेष रणनीति बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन जुलूसों में बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं, वहां पर्याप्त फोर्स, ड्रोन निगरानी और सीसीटीवी मॉनिटरिंग की व्यवस्था की जाए। जिन जुलूसों में मुख्यमंत्री की सहभागिता रहती है, उन मार्गों का प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों द्वारा पूर्व निरीक्षण किया जाए। जुलूस समाप्त होने के बाद भी कम से कम दो घंटे तक संबंधित क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहे, ताकि किसी भी प्रकार की हुड़दंग या अप्रिय घटना को रोका जा सके।
बैठक में शहर की आधारभूत सुविधाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। विरासत गलियों में चल रहे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। सीओ कोतवाली कार्यालय के सामने सड़क पर निकले लोहे के रॉड को तत्काल दुरुस्त कराने के लिए संबंधित विभाग को आदेशित किया गया। जिलाधिकारी ने नगर निगम और लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिया कि शहर के भीतर जहां-जहां सड़कें टूटी हुई हैं, वहां शीघ्र पिचिंग कार्य कराया जाए और सड़क चौड़ीकरण के कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि त्योहारों के दौरान यातायात बाधित न हो।
बिजली विभाग को निर्देशित किया गया कि शहर में लटक रहे बिजली के तारों को तत्काल ठीक कराया जाए। खुले तार या झूलती केबलें दुर्घटना का कारण बन सकती हैं, इसलिए इस पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। साथ ही पेयजल आपूर्ति, सफाई व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। मिठाई, खोया, रंग और अअन्य खाद्य सामग्री की जांच नियमित रूप से की जाए। दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिया गया कि प्रमुख बाजारों, चौराहों और जुलूस मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए। अस्थायी पार्किंग स्थल चिन्हित किए जाएं और अवैध पार्किंग पर सख्ती बरती जाए।
ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए डीजे और साउंड सिस्टम निर्धारित मानक के अनुरूप कम ध्वनि स्तर पर बजाने के निर्देश दिए गए। रात्रि में निर्धारित समय सीमा के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। अलविदा की नमाज के दिन मस्जिदों के आसपास विशेष सतर्कता रखने, यातायात डायवर्जन योजना लागू करने और पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया।
बैठक में एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र, एसपी सिटी अभिनव त्यागी, एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी, एसपी मंदिर संतोष कुमार, अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, एसडीएम सदर दीपक गुप्ता, एसडीएम बांसगांव प्रदीप सिंह एसडीएम सहजनवा केशरी नन्दन तिवारी एसीएम प्रथम प्रशांत वर्मा एसीएम द्वितीय राजू कुमार सीओ कैंट योगेन्द सिंह ,सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी सीओ गोरखनाथ रवि सिंह सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह सीओ ट्रैफिक विवेक तिवारी विभिन्न विभागों के अधिकारी और सद्भावना समिति के सदस्य उपस्थित रहे। समिति के सदस्यों ने भी सुझाव दिए, जिन पर प्रशासन ने सकारात्मक आश्वासन दिया।
अंत में जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गोरखपुर की पहचान आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के लिए है। सभी नागरिक प्रशासन का सहयोग करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की प्राथमिकता है कि होली, रमजान और ईद के सभी पर्व शांति, सुरक्षा और आपसी सद्भाव के साथ संपन्न हों।

एटा में 15 वर्ष पूर्ण कर चुके निजी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित

एटा 23 फरवरी उप्रससे। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सतेन्द्र कुमार ने बताया है कि जनपद एटा के टीटीजेड क्षेत्र (जलेसर, अवागढ़) में पंजीकृत ऐसे सभी निजी वाहन (दो पहिया/चार पहिया, गैर परिवहन वाहन), जिनकी पंजीकरण तिथि से 15 वर्ष की आयु पूर्ण हो चुकी है, उनका संचालन नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेश दिनांक 20 जुलाई 2016 तथा अध्यक्ष, टीटीजेड प्राधिकरण आगरा द्वारा पारित आदेश के अनुपालन में पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है। ऐसे समस्त वाहनों का पंजीयन मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 53(1) के अंतर्गत निलंबित/निरस्त किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि पूर्व में दिनांक 01 नवंबर 2007 से 25 जून 2010 तक पंजीकृत समस्त गैर परिवहन वाहन, जो जनपद एटा में पंजीकृत थे अथवा अन्य जनपद/राज्य से एनओसी लेकर आए थे और जिनकी आयु 25 जून 2010 तक 15 वर्ष पूर्ण हो चुकी थी, कुल संख्या 4533 का संचालन जनपद एटा में किसी भी स्थान अथवा टीटीजेड क्षेत्र में नहीं किया जा सकता। इस संबंध में कार्यालय आदेश के माध्यम से पंजीयन निलंबन/निरस्तीकरण की कार्यवाही की जा चुकी है।
उन्होंने आगे बताया कि वर्तमान में टीटीजेड क्षेत्रांतर्गत दिनांक 17 फरवरी 2011 से पूर्व पंजीकृत 5401 पेट्रोल वाहन एवं 17 फरवरी 2016 से पूर्व पंजीकृत 2162 डीजल वाहनों के स्वामी कार्यालय से एनओसी प्राप्त कर अन्य क्षेत्र अथवा अन्य जनपद में पंजीकरण कराएं। अन्यथा की स्थिति में उपयुक्त क्षेत्रांतर्गत पंजीकृत ऐसे समस्त वाहनों की आरसी निलंबित कर दी जाएगी।
यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि 15 वर्ष पुराने वाहन टीटीजेड क्षेत्र में संचालित पाए जाते हैं तो पुलिस/परिवहन विभाग द्वारा ऐसे वाहनों को निरुद्ध कर आरबीएसएफ केंद्रों के माध्यम से स्क्रैप कर दिया जाएगा।

« Newer PostsOlder Posts »