Web News

www.upwebnews.com

84 कोसी होली परिक्रमा पर दो मेला स्पेशल

February 27, 2026

84 कोसी होली परिक्रमा पर दो मेला स्पेशल

प्रयागराज का बालामऊ में ठहराव

Post on 27.2.26
Friday, Time 9.45 pm
Moradabad, Rajesh Bhatia

मुरादाबाद,27 फरवरी(उप्र समाचार सेवा)।

मुरादाबाद मंडल में नैमिषारणय व मिश्रित तीर्थ पर 84 कोसी होली परिक्रमा पर रेल यात्रियों को सुविधा मिलेगी। रेल प्रशासन ने यात्री व श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए दो बालामऊ-सीतापुर सिटी मेला स्पेशल (04391-92 व 04393-94) ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है। ट्रेनें 28 फरवरी से 16 मार्च तक चलेगी।मेला स्पेशल सीतापुर सिटी से चलकर रामकोट,मिश्रित तीर्थ, बेनीगंज रुकेंगी।
इसके अलावा प्रयागराज संगम एक्सप्रेस 14307-08 ट्रेन का बालामऊ स्टेशन पर ठहराव निर्धारित किया गया है।

पं.मदन मोहन गोस्वामी की 26वीं पुण्यतिथि पर संगीत पुष्पांजलि

कार्यक्रम में बुद्धिजीवी और कलाप्रेमी सम्मानित हुए

Post on 27.2.26
Friday, Time 9.00 pm
Moradabad, Rajesh Bhatia

मुरादाबाद,27 फरवरी(उप्र समाचार सेवा)।
शुक्रवार को पं. मदन मोहन गोस्वामी की 26वीं पुण्यतिथि पर संगीत पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पंचायत भवन सभागार में हुए कार्यक्रम की शुरुआत एमएलसी
डा.जयपाल सिंह व्यस्त, डा. विशेष कुमार, राजेश रस्तोगी ने दीप प्रज्वलन कर की।इस मौके पर शहर विधायक रितेश गुप्ता, मेयर विनोद अग्रवाल, टीएमयू प्रोफेसर डा.हरबंस दीक्षित, समाजशास्त्री विशेष गुप्ता गणमान्य लोग रहे।अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम के शुरु में पं. गोस्वामी के जीवन चरित्र को दृश्य के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।इसे मौजूद लोगों ने सराहा।
कार्यक्रम का संचालन बाबा संजीव आकांक्षी ने करते हुए
गोस्वामी जी के जीवन व संगीत साधना पर प्रकाश डाला।इस दौरान दिल्ली, लखनऊ और मुरादाबाद के कलाकारों ने भजन, गजल व शास्त्रीय गीतों की प्रस्तुतियां दीं। चित्रकला में विशेष पहचान रखने वाले डॉ. नवनीत गोस्वामी के निर्देशन में पंडित गोस्वामी के जीवन पर आधारित कलात्मक प्रस्तुति भी दी गई।
कार्यक्रम में संगीत व कला क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को “पंडित से मदन मोहन गोस्वामी स्मृति सम्मान” से सम्मानित किया गया। इनमें कुमारी दीक्षित और दीक्षा देवल को शास्त्रीय संगीत, दीपक भट्ट को गजल गायन, रुक्मणी खन्ना तथा बाल सुंदरी तिवारी को “सहस्त्र चंद्र दर्शन” पुरस्कार से सम्मानित भी किया गया।

आंगनबाड़ी केन्द्र केवल भवन नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों की बुनियाद : मुख्यमंत्री

  • सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों को उनके स्वयं के भवनों में संचालित करने हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए
  • आंगनबाड़ी केन्द्रों के लिए प्री-फैब्रिकेटेड मॉडल तैयार कर विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की जाए
  • जहाँ भी सम्भव हो, प्राथमिक विद्यालयों के प्रांगण में ही बाल-मित्र आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण किया जाए
  • आंगनबाड़ी केन्द्रों के भवन के निर्माण में सी0एस0आर0 का सहयोग लिया जाए, राज्य सरकार आवश्यकतानुसार वित्तीय सहयोग प्रदान करेगी

लखनऊ : 27 फरवरी, 2026 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज यहां अपने सरकारी आवास पर आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में आंगनबाड़ी केन्द्रों के सम्बन्ध में समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों को उनके स्वयं के भवनों में संचालित करने हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्रों में 03 से 06 वर्ष आयु के बच्चे आते हैं। यह केन्द्र प्री-प्राइमरी के रूप में भी उपयोगी हैं। ऐसे में बच्चों की सुविधा, पठन-पाठन की उत्कृष्ट व्यवस्था तथा भवनों का आकर्षक स्वरूप सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि प्रदेश में 1.89 लाख से अधिक आंगनबाड़ी केन्द्र संचालित हैं, जिनमें से लगभग 76 हजार केन्द्र अभी अपने स्वयं के भवनों में नहीं चल रहे हैं। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इन भवनों के निर्माण में कॉरपोरेट-सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सी0एस0आर0) का सहयोग लिया जा सकता है और आवश्यकतानुसार राज्य सरकार भी वित्तीय सहयोग प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री जी ने सुझाव दिया कि आंगनबाड़ी केन्द्रों के लिए प्री-फैब्रिकेटेड मॉडल अपनाया जा सकता है। उन्होंने एक मानक मॉडल तैयार कर विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहाँ भी सम्भव हो, प्राथमिक विद्यालयों के प्रांगण में ही बाल-मित्र आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण किया जाए, ताकि शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य से संबंधित एकीकृत सेवाएँ एक ही स्थान पर सहजता से उपलब्ध हो सकें।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बच्चों, गर्भवती माताओं और समुदाय को सुरक्षित, स्वच्छ तथा आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आंगनबाड़ी केन्द्र केवल भवन नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों की बुनियाद हैं। राज्य सरकार आंगनबाड़ी ढाँचे को पूरी तरह रूपांतरित करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। यह मिशन ‘स्वस्थ बचपन, समर्थ उत्तर प्रदेश’ को नई गति देगा।
बैठक में मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि प्रस्तावित नए आंगनबाड़ी भवनों का मॉडल समावेशी एवं आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। इसमें पेयजल सुविधा, विद्युत व्यवस्था, शौचालय, खेल-आधारित गतिविधियों हेतु पर्याप्त ‘प्ले एरिया’, किचन शेड, हॉट-कुक्ड मील की व्यवस्था, लो-हाइट वॉश यूनिट, बाल-मित्र शौचालय, गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु पृथक कक्ष तथा रेनवॉटर हार्वेस्टिंग सहित पोषण वाटिका जैसी व्यवस्थाएँ शामिल होंगी।

दहेज हत्या में पति को आजीवन कारावास

हाथरस। थाना चंदपा क्षेत्र के दहेज हत्या प्रकरण में जनपद एवं सत्र न्यायालय ने अभियुक्त शिवम चौहान को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश पुलिस के “ऑपरेशन कन्विक्शन” अभियान के अंतर्गत प्रभावी पैरवी के बाद हुई।
16 अप्रैल 2025 को गढ़ी बलना निवासी योगेश ने बहन की दहेज के लिए हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचना के बाद आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। सुनवाई के उपरांत न्यायालय ने अभियुक्त को धारा 80(2) भारतीय न्याय संहिता में आजीवन कारावास तथा अन्य धाराओं में अतिरिक्त कारावास व अर्थदंड से दंडित किया।
पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के विरुद्ध कड़ा संदेश माना जा रहा है।

सिकंदराराऊ स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, मालगाड़ी के नीचे फंसा युवक सुरक्षित निकला

मालगाड़ी के नीचे फंसा युवक
हाथरस। जनपद के सिकंदराराऊ रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार एक युवक खड़ी मालगाड़ी के नीचे से पटरी पार करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान ट्रेन को संकेत मिल गया और डिब्बे चलने लगे, जिससे युवक पहियों के बीच फंस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन सरकते ही प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और युवक को तुरंत पटरी के बीच लेट जाने के लिए कहा। युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए पेट के बल लेटकर अपनी जान बचाई। कुछ ही क्षणों में पूरी मालगाड़ी उसके ऊपर से गुजर गई।
ट्रेन गुजरने के बाद युवक सुरक्षित बाहर निकल आया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से ट्रैक पार करने वालों पर सख्ती बरतने और जागरूकता बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।

« Newer PostsOlder Posts »