Web News

www.upwebnews.com

उपज अध्यक्ष का रामपुर में स्वागत

February 8, 2026

उपज अध्यक्ष का रामपुर में स्वागत

UPAJ President Sarvesh Kumar Singh hounered by Surya Prakash Pal in Rampur

रामपुर में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सूर्य प्रकाश पाल ने उपज अध्यक्ष सर्वेश कुमार सिंह का स्वागत किया

Posted on 08.02.2026 Sunday, Time 08.32 PM, Rampur

रामपुर, 08 फरवरी 2026, उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री दर्जा) श्री सूर्य प्रकाश पाल जी से वरिष्ठ पत्रकार और उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश कुमार सिंह ने भेंट की। भेंट के दौरान श्री पाल ने अंगवस्त्र भेंट कर उपज प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया।

इस अवसर पर साथ में राष्ट्र सेविका समिति की पदाधिकारी श्रीमती अनीता प्रकाश और उत्तर प्रदेश समाचार सेवा के वरिष्ठ संवाददाता श्री किशन लाल शर्मा भी उपस्थित थे। उपज अध्यक्ष ने श्री सूर्य प्रकाश पाल जी को उत्तर प्रदेश समाचार सेवा का विशेषांक अभ्युदय भेंट किया।

Uttar Pradesh Samachar Sewa Souvenir Abhuday presented to Upadhyaksh UP Rajya pichda varg ayog

उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सूर्य प्रकाश पाल को उत्तर प्रदेश समाचार सेवा की स्मारिका अभ्युदय भेंट करते हुए सर्वेश कुमार सिंह

भेंट वार्ता के दौरान श्री पाल से वर्तमान राजनीतिक परिप्रेक्ष्य पर चर्चा हुई।

January 29, 2026

Haridwar: श्रमजीवी पत्रकार यूनियन का रजत जयंती समारोह आयोजित

आज के दौर में पत्रकारिता बड़ी जिम्मेदारी-अरूण शर्मा
समाज को सही दिशा देने में पत्रकारों की बड़ी भूमिका-आदेश चौहान
पत्रकार समाज का आईना हैं-किरण जैसल

Published on 29.01.2026, Thursday, 09:51 PM, Report by Ramchandra Kannojia, Haridwar, UP Samachar Sewa
हरिद्वार, 29 जनवरी (उत्तर प्रदेश समाचार सेवा)। उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन का रजत जयंती समारोह आयोजित किया गया। प्रेस क्लब सभागार में आयोजित पत्रकार यूनियन के रजत जयंती समारोह में पत्रकारिता के मूल्यों, सामाजिक सरोकारों और भविष्य की दिशा पर व्यापक विचार-विमर्श हुआ।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां शारदा की स्तुति के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुप्रसिद्ध कथावाचक रविदेव शास्त्री ने की। मुख्य अतिथि के रूप में रानीपुर विधायक आदेश चौहान तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अरुण शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रजनीकांत शुक्ला ने किया। जिलाध्यक्ष संजय आर्य ने यूनियन के गठन से लेकर वर्तमान तक की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने सदैव जमीनी स्तर पर काम करने वाले पत्रकारों की आवाज़ को बुलंद किया है। कार्यक्रम संयोजक डा.हिमांशु द्विवेदी ने सभी अतिथियों, पत्रकार साथियों और गणमान्य नागरिकों का पटका पहनाकर स्वागत किया। विशिष्ट अतिथि प्रदेश अध्यक्ष अरुण शर्मा ने यूनियन के 25 वर्षों के संघर्ष, उपलब्धियों और पत्रकार हितों के लिए किए गए आंदोलनों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज के दौर में पत्रकारिता एक बड़ी जिम्मेदारी है। जिसमें सत्य, निष्पक्षता और सामाजिक प्रतिबद्धता सबसे महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे मानकों और मर्यादाओं का पालन करते हुए निर्भीक और ईमानदार पत्रकारिता करें। उन्होंने बताया कि यूनियन लगातार पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान के लिए संघर्षरत है। मुख्य अतिथि विधायक आदेश चौहान ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और समाज को दिशा देने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। विधायक आदेश चौहान ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड राज्य का गठन संभव हो पाया। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में हो रहे विकास कार्यों की भी सराहना की। मेयर किरण जैसल ने समारोह में उपस्थित पत्रकारों को रजत जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकार समाज का आईना हैं और उनकी लेखनी समाज को जागरूक करने का कार्य करती है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी एवं प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु शंकर करौरी महादेव ने ऑडियो संदेश के माध्यम से यूनियन को 25 वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं प्रेषित कीं और पत्रकारों की भूमिका की सराहना की। प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने सभी अतिथियों, पत्रकारों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह समारोह पत्रकारिता के मूल्यों को सशक्त करने वाला रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे स्वामी रविदेव शास्त्री ने कहा कि बदलते समय में पत्रकारिता के सामने नई चुनौतियां हैं। लेकिन श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने सदैव सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता दी है। इस अवसर पर जगदीश लाल पाहवा, डा.विशाल गर्ग, विजयपाल बघेल ग्रीन मैन, नितिन गौतम, लोकेंद्र अंतवाल, विजयपाल सिंह, प्रेस क्लब महामंत्री दीपक मिश्रा सहित शहर के अनेक प्रतिष्ठित नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं डा.हिमांशु द्विवेदी, अमित कुमार गुप्ता, मनोज कुमार खन्ना, राजकुमार पाल, संजय शर्मा, गगनदीप गोस्वामी, सुनील दत्त पांडे, रामचंद्र कनौजिया, दीपक नौटियाल, सुभाष कपिल, रोहित सिखोला, मनोज रावत, लव शर्मा, महेश पारिक, ऋषि सचदेवा, विपिन शर्मा, संदीप गोयल, संजय संतोषी, संजय रावल, जगदीश प्रेमी, अनिरुद्ध भाटी, संजय चौहान, सुनील शेट्टी, नरेंद्र ढीला, गौरव चक्रपाणि, देशप्रेमी, रामकुमार शर्मा, देवेश शर्मा, सुमित तिवारी, कुलदीप अग्रवाल, आशु शर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

January 28, 2026

उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज),लोकतंत्र के प्रहरी, पत्रकारों की सशक्त आवाज

AJAY CHAUDHRY, JOURNALIST MEERUT

अजय चौधरी,  उपज प्रदेश उपाध्यक्ष, अध्यक्ष जिला मेरठ

Posted on : 28.01.2026, Wednesday Time: 09:53 PM,  Source:  Ajay Chaudhry
#UPAJ #ASSOCIATION #MEDIA #UP ASSOCIATION OF JOURNALISTS
अजय चौधरी
लोकतंत्र की आत्मा स्वतंत्र और निर्भीक पत्रकारिता में बसती है। जब तक प्रेस स्वतंत्र है, तब तक सत्ता जवाबदेह है और समाज सच से जुड़ा रहता है। पत्रकार केवल समाचारों के संवाहक नहीं होते, वे सत्ता और जनता के बीच वह सेतु हैं, जो सच को सामने लाता है और अन्याय के विरुद्ध आवाज़ उठाता है। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा करना केवल किसी संगठन की नहीं, बल्कि पूरे लोकतंत्र की जिम्मेदारी है। इसी दायित्वबोध के साथ उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) राज्य में पत्रकारों के हितों के लिए एक सशक्त और प्रतिबद्ध मंच के रूप में कार्य कर रहा है।
उत्तर प्रदेश जैसे विशाल, संवेदनशील और सामाजिक-राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य में पत्रकारिता करना आसान नहीं है। कम मानदेय, असुरक्षित कार्य परिस्थितियाँ, प्रशासनिक दबाव, उत्पीड़न और कई बार जानलेवा हमले—ये आज पत्रकारों की दैनिक चुनौतियाँ बन चुकी हैं। ऐसे समय में उपज ने पत्रकारों के लिए एक मजबूत ढाल की भूमिका निभाई है। यह संगठन न केवल समस्याओं को उजागर करता है, बल्कि उनके समाधान के लिए संगठित और निरंतर संघर्ष भी करता है।
पत्रकारों की सुरक्षा उपज के एजेंडे का केंद्र बिंदु है। संगठन राज्य में पत्रकार सुरक्षा बिल को लागू कराने के लिए सरकार पर लगातार दबाव बना रहा है। उपज का स्पष्ट और दो-टूक मत है कि बिना कानूनी संरक्षण के निर्भीक पत्रकारिता संभव नहीं है। यदि पत्रकार भय के माहौल में काम करेंगे, तो सच दबेगा और लोकतंत्र कमजोर होगा। इसलिए पत्रकारों को सुरक्षा देना किसी वर्ग विशेष का नहीं, बल्कि समाज और लोकतंत्र के हित का प्रश्न है।
उपज की सबसे बड़ी शक्ति उसकी एकता और एकजुटता है। संगठन ने प्रदेश भर के पत्रकारों को एक साझा मंच पर जोड़ने का कार्य किया है, जहाँ उनकी आवाज़ सुनी जाती है और उनके अधिकारों के लिए सामूहिक संघर्ष किया जाता है। यही कारण है कि आज उपज प्रदेश के सबसे प्रभावशाली और भरोसेमंद पत्रकार संगठनों में गिना जाता है।
व्यावसायिक स्वतंत्रता पत्रकारिता की रीढ़ है। उपज पत्रकारों को बिना किसी भय, दबाव या लालच के अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करता है। संगठन उन्हें नैतिक, वैचारिक और संगठनात्मक समर्थन प्रदान करता है और यह संदेश देता है कि सत्ता से सवाल पूछना अपराध नहीं, बल्कि पत्रकार का संवैधानिक कर्तव्य है।
आज, जब पत्रकारिता कई स्तरों पर संकट से गुजर रही है—चाहे वह आर्थिक दबाव हो, राजनीतिक हस्तक्षेप हो या बढ़ती असहिष्णुता—ऐसे दौर में उपज जैसी संस्थाओं की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। यह संगठन न केवल पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा कर रहा है, बल्कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की लड़ाई भी मजबूती से लड़ रहा है।
एक सुरक्षित, सम्मानित और स्वतंत्र पत्रकार ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला होता है। उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) उसी आधारशिला को मजबूत करने के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है—पत्रकारों के साथ, पत्रकारों के लिए और लोकतंत्र के हित में है।

January 13, 2026

सिकंदराराव में तहसील स्तरीय पत्रकार सम्मेलन का भव्य आयोजन

सिकंदराराव में पत्रकार सम्मेलन के दौरान मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए पत्रकार गण

पूर्व एमएलसी राकेश सिंह राणा का स्वागत
हाथरस, 13 जनवरी 2026 (उप्रससे)।  सिकंदराराव क्षेत्र के एक फार्म हाउस में सोमवार को सिकंदराराव प्रेस क्लब के तत्वावधान में तहसील स्तरीय पत्रकार सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में तहसील क्षेत्र से जुड़े प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के बड़ी संख्या में पत्रकारों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के संयोजक वरिष्ठ पत्रकार मनोज जादौन रहे, जबकि सह-संयोजक के रूप में गौरव पचोरी और पुष्पकांत शर्मा रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार दीपेश भारद्वाज ने किया तथा अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार देवेश सिसोदिया ने की। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व एमएलसी राकेश सिंह राणा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में ठाकुर राम जादौन, उमाशंकर गुप्ता, आशीष जादौन, गंगा शरण कुशवाहा और रिंकू जादौन शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान कवि प्रमोद विषधर, शिवम कुमार एवं ओमप्रकाश ने काव्य पाठ प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। मंच पर उपजा  प्रदेश संगठन मंत्री  नीरज चक्रपाणि, संजय शर्मा राजदीप तोमर सहित कई वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में प्रेस क्लब के संस्थापक संदीप पुण्ढीर एवं उपाध्यक्ष पंकज चौधरी का विशेष योगदान रहा। सम्मेलन में राकेश वार्ष्णेय, राजेश महाजन, विजय शर्मा, ऋषभ प्रताप, सुभाष यादव, यतेंद्र कुमार, सुनील कुमार, जैनेंद्र वार्ष्णेय, अनूप शर्मा, राजा कुरैशी, नीरज गुप्ता, इश्तियाक भारती, पवन पुण्ढीर सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।

January 11, 2026

युवा दिवस पर ब्रह्मचर्य से ओज-तेज की प्रेरणा लेने का आह्वान

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के मीडिया कोऑर्डिनेटर बी.के. दिनेश

हाथरस, 11 जनवरी 2026 (उप्रससे)।  युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के मीडिया कोऑर्डिनेटर बी.के. दिनेश ने युवाओं से पवित्र ब्रह्मचारी जीवन की प्रेरणा स्वामी विवेकानंद से लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारत के उत्थान के लिए युवाओं की ऊर्जा को सबसे बड़ा आधार बताया था और कहा था कि यदि उन्हें 100 ऊर्जावान ब्रह्मचारी युवा मिल जाएं तो वे भारत का चेहरा बदल सकते हैं।
बी.के. दिनेश ने कहा कि आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के युग में एक ओर भक्ति और पूजा-पाठ बढ़ा है, वहीं दूसरी ओर काम विकार का प्रभाव भी तेजी से बढ़ रहा है, जिससे समाज और युवा वर्ग अपनी ऊर्जा खो रहा है। उन्होंने कहा कि असली शक्ति और मर्दानगी काम वासनाओं में नहीं, बल्कि संयम, चरित्र और राष्ट्र सेवा में है। युवाओं को अपनी शक्ति को आध्यात्मिक, सामाजिक और राष्ट्रीय निर्माण में लगाना चाहिए।
उन्होंने महात्मा गांधी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि ब्रह्मचर्य को लेकर सृष्टि के संचालन की चिंता करना मनुष्य की कमजोरी को दर्शाता है। वेदों में वर्णित ब्रह्मचर्य को ओज, तेज और बुद्धि का आधार बताया गया है। उन्होंने कहा कि सभी से आजीवन ब्रह्मचर्य की अपेक्षा नहीं की जा सकती, लेकिन संयमित जीवन अपनाकर युवा अपनी ऊर्जा को सही दिशा दे सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि भारत भ्रमण के दौरान स्वामी विवेकानंद के शिष्य हाथरस के सहायक स्टेशन मास्टर शरत चंद्र गुप्त थे, जो बाद में संन्यास लेकर स्वामी सदानंद कहलाए। इस ऐतिहासिक घटना का उल्लेख हाथरस सिटी स्टेशन पर लगे शिलालेख में था, जो स्टेशन के जीर्णोद्धार के दौरान लापरवाही से हट गया और आज वह स्मृति लुप्त हो चुकी है।
बी.के. दिनेश ने कहा कि स्वामी विवेकानंद को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब भारत का युवा अपनी ऊर्जा को राष्ट्र को आध्यात्मिक, सामाजिक और भौतिक रूप से सशक्त बनाने में लगाए।

Older Posts »