Web News

www.upwebnews.com

एटा में 16 साल के लड़के का घर के पास सरसों के खेत में खून से लथपथ मिला शव

February 6, 2026

एटा में 16 साल के लड़के का घर के पास सरसों के खेत में खून से लथपथ मिला शव

एटा 06 फरवरी उप्रससे। जनपद में निधौली कलां थाना क्षेत्र के जौहर पुर गांव में एक 16 साल के किशोर का शव खून से लथपथ मिला है। शव सरसों के खेत में पड़ा हुआ था। पुलिस को किशोर की हत्या की आशंका है।

जौहर पुर निवासी मृतक धर्मेंद्र पुत्र नेम सिंह 16) का शव घर के पास सरसों के खेत में खून से लथपथ पड़ा मिला। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। सीओ जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह भी फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड की टीमें को लेकर मौके पर पहुंचे।

क्षेत्राधिकारी जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सूचना मिली की एक किशोर का शव खून से लथपथ सरसों के खेत में पड़ा है तुरंत मौके पर पहुंच कर फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड की टीमें को लेकर पहुंचे, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुख्यालय भेज दिया पर जनों ने हत्या की आशंका जताई है जिसकी गंभीरता से जांच कर हत्यारोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

धर्म स्थल और पर्यटन स्थल में फर्क किया जाना चाहिए: आलोक कुमार

Haridwar Samachar

हरिद्वार समाचार सेवा

Posted on: 06.02.2026 Friday, Time: 07.51 PM , Ramchandra Kannojia 
हरिद्वार, 5 फरवरी। विश्व हिन्दू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि हिन्दू समाज के धार्मिक पूजा स्थलों एवं श्रद्धा केंद्रों की अपनी प्राचीन परंपराएं, मर्यादाएं एवं धार्मिक व्यवस्था है। मंदिर पर्यटन या भ्रमण के स्थल नहीं हैं। इसलिए धर्म स्थल और पर्यटन स्थल में फर्क किया जाना चाहिए। मंदिर में भगवान की प्रतिष्ठा होती है और श्रद्धालु पूजा-अर्चना के उद्देश्य से वहां आते हैं। जो इस परंपरा में विश्वास रखते हों, उन्हें ही मंदिरों और अन्य धर्मस्थलों पर जाने की अनुमति हो। जो धर्म मूर्ति पूजा में विश्वास नहीं रखता और मूर्ति तोड़ने का आदेश देता हो अथवा जो मानते हों कि उन्हीं का भगवान, उन्हीं की पुस्तक से उन्हें मोक्ष मिलेगा। ऐसे संदर्भों में धार्मिक संस्थाएं अपनी परंपरागत व्यवस्था लागू कर सकती हैं। भारत माता मंदिर के संस्थापक ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी के समाधि मंदिर मूर्ति स्थापना कार्यक्रम में भाग लेने आए हरिद्वार आए विहिप अध्यक्ष आलोक कुमार ने प्रैस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि नवरात्रि के दौरान किए जाने वाला गरबा नृत्य केवल मनोरंजन का कार्यक्रम नहीं, अपितु माता अंबा की आराधना से जुड़ी धार्मिक परंपरा है। पारंपरिक रूप से इसे नंगे पैर एवं दीप ज्योति की परिक्रमा करते हुए देवी की आराधना के रूप में किया जाता है। ऐसे आयोजनों की मूल धार्मिक भावना एवं परंपरा को सुरक्षित रखा जाना चाहिए। इस कार्यक्रम में अन्य धर्मों के लोगों को आने का आग्रह करना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि विश्व के विभिन्न धर्मों में भी उनके विशिष्ट धार्मिक स्थलों को लेकर विशेष परंपराएं हैं। इस्लाम धर्म में मक्का-मदीना के पवित्र स्थलों पर गैर मुस्लिम प्रवेश प्रतिबंधित है तथा विभिन्न ईसाई संप्रदायों एवं अन्य धार्मिक परंपराओं में भी धार्मिक स्थलों के संबंध में विशेष व्यवस्थाएं प्रचलित हैं। हमे यह स्वीकार है। क्योंकि वह उनके विशिष्ट धार्मिक स्थल हैं। विश्व हिन्दू परिषद का मानना है कि प्रत्येक धर्म को अपनी आस्था और परंपरा के अनुसार व्यवस्था बनाए रखने का अधिकार है। उत्तराखण्ड की जनसंख्या संरचना के विषय पर विश्व हिन्दू परिषद की चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य के कुछ क्षेत्रों में डेमोग्राफी में परिवर्तन देखने को मिल रहा है। विश्व हिन्दू परिषद मांग करती हैं कि यह अध्ययन किया जाए कि हरिद्वार एवं आसपास के क्षेत्रों में किसी विशेष समुदाय की बसावट किसी संगठित योजना के अंतर्गत तो नहीं बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि विश्व हिन्दू परिषद का मानना है कि धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय एकता को ध्यान में रखते हुए समाज एवं शासन को मिलकर संवैधानिक ढांचे के अंतर्गत कार्य करना चाहिए। कोटद्वार में हुई घटना के संबंध में पूछे गए प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि इसकी जांच होनी चाहिए। विहिप ने बजरंग दल सहित अपने सभी संगठनों को कानून के दायरे में रहकर काम करने का प्रशिक्षण दिया है। संगठन कानून के दायरे में रहकर ही गौरक्षा, लव जेहाद, धर्मांतरण आदि विषयों पर काम करते हैं। कहा कि साथ ही कांग्रेस को बताना चाहिए कि क्या वह कानून हाथ में लेकर मारपीट करने वाले को बब्बर शेर मानती है। यूजीसी के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यूजीसी मामला सुप्रीम कोर्ट में है। उम्मीद है कि सर्वोच्च अदालत इस पर सर्वमान्य निर्णय देगी। पत्रकारवार्ता के दौरान विहिप के प्रांत प्रचार प्रसार विभाग प्रमुख पंकज चौहान व अन्य विहिप पदाधिकारी मौजूद रहे।

निगम ने ट्रांसपोर्ट नगर में हटाया अतिक्रमण अवैध कब्जों पर नगर निगम सख्त।

मुरादाबाद में अतिक्रमण हटाते नगर निगम अधिकारी और कर्मचारी

Posted on 06.02.2026 Friday, Time 10.10 AM , Rajesh Bhatia Moradabad

मुरादाबाद, 6 फरवरी (उप्र समाचार सेवा)।
संभल रोड पर स्थित आरटीओ कार्यालय के पास जमे ट्रांसपोर्ट नगर में अतिक्रमणकारियों को खदेड़ा गया। नगर निगम की प्रवर्तन विभाग की टीम ने मौके से अतिक्रमण को हटाया। टीम
संग फोर्स की सख्ती देख अतिक्रमण कारी ज्यादा विरोध नहीं जता सकें।
गुरुवार को सहायक नगर आयुक्त विशाल सिंह, सीएसओ एके गौतम समेत अन्य अधिकारी प्रवर्तन टीम को लेकर
लाकड़ी फाजलपुर पहुंचे। आरटीओ कार्यालय के बाहर बड़े पैमाने पर फैले अतिक्रमण को हटाने की चेतावनी दी। अवैध कब्जेधारियों ने विरोध जताया। इस पर निगम की प्रवर्तन टीम में शामिल फोर्स ने सख्ती दिखाई। मौके पर सभी को अवैध कब्जों को हटाने के लिए मौका दिया। विरोध के बीच कुछ देर बाद अपना सामान समेटने लगे। अतिक्रमण कारियों को हटाकर अवैध कब्जा हटा लिया गया।नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने अतिक्रमण को लेकर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

February 5, 2026

Amroha प्रेम-प्रसंग के चलते की गई विवाहिता ‘रूबी’ की हत्या

हत्यारोपी बोला-वह मेरी बात नहीं मान रही थी….मेरी थी मैंने ही मार दी

Amroha Police arrests murder accused

रूबी का हत्यारोपी धीरज पुलिस गिरफ्त में

Posted on 05.02.2026 Thursday, Time 08.51 PM, Amroha News 
अमरोहा,05 फरवरी । पचौकरा गांव में विवाहिता रूबी की हत्या प्रेम प्रसंग के चलते की गई थी। पूछताछ के दौरान आरोपी धीरज ने सारी कहानी पुलिस को बताई है। तीन साल से चल रहे प्रेम प्रसंग में अब रूबी ने उससे बात करना बंद कर दिया था। बार-बार वह रूबी से बात करने का दबाव बना रहा था। इससे क्षुब्ध होकर धीरज ने उसकी हत्या कर दी थी।
देहात थाना क्षेत्र के गांव पचौकरा में रहने वाले मजदूर नरेंद्र सिंह की पत्नी रूबी की बुधवार दोपहर गांव के ही राशन डीलर ब्रजपाल सिंह के बेटे धीरज ने चाकू घोप कर हत्या कर दी थी। वह गांव में ही एक वैवाहिक कार्यक्रम से खाना खाकर घर लौट रही थी। जब वह धीरज के घर के पास पहुंची थी तो उसने रास्ते में रोक कर रूबी से बात करने का प्रयास किया था तथा विरोध करने पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी थी।
घटना के बाद गांव में तनाव बन गया था। मृतका के परिजनों व गांव के लोगों ने धीरज के घर में तोडफ़ोड़ की थी। पुलिस से भी तीखी नोकझोंक हुई थी। देर शाम तक हंगामा होता रहा था। वहीं जिस समय धीरज ने घटना को अंजाम दिया था उसी समय उसका बड़ा भाई नीरज भी वहां पहुंच गया था। वह धीरज को पकड़ कर घर में ले गया था तथा कमरे में बंद कर लिया था।
जिसे पुलिस ने लोगों के आक्रोश के बीच वर्दी पहना कर वहां से निकाला था। पूछताछ के दौरान धीरज ने हत्या का कारण स्पष्ट किया। एसपी अमित कुमार ने बताया कि धीरज व रूबी के बीच तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परंतु चार महीना से रूबी ने उससे बात करना बंद कर दी थी। जिससे धीरज क्षुब्ध था। वह बार-बार उस पर बात करने का दबाव बना रहा था।
परंतु रूबी ने परिवार की बदनामी के चलते उससे बात करने से इन्कार कर दिया था। बताया कि इसी वजह से धीरज ने रूबी की हत्या की है। मृतका के पति नरेंद्र की तहरीर पर धीरज व उसके भाई नीरज के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।

कई दिन से तलाश में था धीरज
धीरज प्रेमिका रूबी की हत्या करने की फिराक में कई दिन से था। वह लगातार उस पर नजर रख रहा था। परंतु उसे मौका नहीं मिल रहा था। बुधवार को जब रूबी दावत खाने गुड्डू के घर गई थी तो भी धीरज की नजर में थी। वहां से वापस लौटते समय लगभग सौ मीटर तक उसने पीछा किया तथा रूबी को रोक कर बात करने का प्रयास किया था। परंतु रूबी रास्ते में नहीं रूकी तो उसने घर के सामने पहुंचते ही उसकी हत्या कर दी।

धीरज को नहीं किए पर अफसोस
रूबी के हत्यारोपी धीरज को अपने किए पर अफसोस नही है। हालांकि पुलिस सूत्र बताते हैं कि बुधवार को ही उसने पुलिस अधिकारियों से कह दिया था कि वह मेरी बात नहीं मान रही थी। मेरी थी मैंने ही मार दी। इसका कोई अफसोस नहीं है। यही स्थिति गुरुवार को भी रही। जब आरोपी भाइयों को पुलिस अदालत में पेश करने जा रही थी तो धीरज के चेहरे पर कोई अफसोस नहीं था। वह कई बार मुस्कुराया।

विरोध के बीच अंतिम संस्कार के लिए भेजा शव
रूबी की हत्या के बाद गांव पचौकरा का माहौल बदला हुआ है। जहां एक तरफ आरोपियों के घरों पर ताला लटका है वहीं सुरक्षा के लिहाज से गांव में पुलिस बल तैनात है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद जब रूबी का शव गांव लाया गया तो परिजनों ने आक्रोश जताया। परंतु इसी आक्रोश के बीच पुलिस ने उन्हें समझा कर शव अंतिम संस्कार के लिए भेजा।

महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की मिसाल है सरस मेला: निधि गुप्ता वत्स

जिलाधिकारी ने किया विकास भवन में लगे तीन दिवसीय सरस मेले का शुभारंम

Saras Mela Amroha

सरस मेला का अवलोकन करती हुई जिलाधिकारी निधि गुप्ता

Posted on 05.02.2026 Thursday, Time: 08.45 PM, Amroha News
अमरोहा, 05 फरवरी 2026, जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद और मुख्य विकास अधिकारी अश्वनी कुमार मिश्र ने विकास भवन परिसर में आयोजित तीन दिवसीय सरस मेले का शुभारंम किया। इस मेले में राष्ट्रीय आजीविका मिशन ग्रामीण से जुड़े स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के 24 स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर शहद, देसी घी, मिलेट्स उत्पाद, बेडशीट, मसाले, जूट बैग, आर्टिफिशियल ज्वैलरी, रेडीमेड गारमेंट्स, सजावटी सामान, मोबाइल रिपेयरिंग के उपकरण, फिनायल, हैंडवाश, शैंपू, डिटर्जेंट पाउडर, डिस्पोजल प्लेट्स और बाउल जैसे विभिन्न उत्पाद उपलब्ध हैं।
शुभारंम के बाद, उपस्थित अधिकारियों ने सभी स्टॉलों का बारीकी से अवलोकन किया और उत्पादों के बारे में विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की खरीदारी भी की। मेले के दौरान, समूहों से जुड़ी महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और उनसे इन योजनाओं का लाभ उठाने के तरीके भी साझा किए गए। इस अवसर पर कई महिलाओं ने अपनी सफलता के अनुभव भी बताए।
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह मेला उनके उत्पादों की बिक्री के लिए एक नया बाजार और पहचान प्रदान करेगा। उन्होंने जोर दिया कि विकसित भारत के लिए महिलाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, जिसके तहत जनपद के सभी ब्लॉकों में दीदी मार्ट भी स्थापित किए गए हैं। जिलाधिकारी ने आगे कहा कि मेले का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की आजीविका बढ़ाना और उनके उत्पादों को उचित बाजार उपलब्ध कराना है। उन्होंने महिलाओं से उत्पादों की पैकेजिंग, शुद्धता और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। जिलाधिकारी ने उन्हें ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर आने के लिए प्रोत्साहित किया और आश्वासन दिया कि प्रशासन हरसंभव सहयोग के लिए तैयार है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने मेले में प्रदर्शित उत्पादों की सराहना की। उन्होंने महिलाओं से कहा कि स्वरोजगार से जुडक़र और दूसरों को रोजगार देकर आत्मनिर्भर बनना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक एक महत्वपूर्ण कदम है। इस मौके पर जिला विकास अधिकारी सरिता द्विवेदी, पीडी डीआरडीए अम्बीष कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

« Newer PostsOlder Posts »