Web News

www.upwebnews.com

टिमरला में परचूनी दुकानदार का शव दुकान में फंदे पर मिला

February 13, 2026

टिमरला में परचूनी दुकानदार का शव दुकान में फंदे पर मिला

हाथरस। मुरसान कोतवाली क्षेत्र के गांव टिमरला में एक परचूनी दुकानदार का शव उसकी दुकान के अंदर फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। बुधवार सुबह ग्राहक दुकान पर पहुंचे तो शटर बंद मिला। संदेह होने पर अंदर झांककर देखा गया तो दुकानदार का शव लटका दिखाई दिया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान 55 वर्षीय श्रीनिवास पुत्र ज्ञान सिंह के रूप में हुई है, जो गांव में परचूनी की दुकान चलाते थे।
परिजनों ने घटना के कारणों की जानकारी से इनकार किया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। मामले की जांच की जा रही है।

जिलाधिकारी ने किया बरसाना में लड्डूमार और लट्ठमार होली की तैयारियों का निरीक्षण

Mathura DM
मथुरा । जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने तहसील गोवर्धन के अंतर्गत नगर पंचायत बरसाना में आयोजित विश्व प्रसिद्ध लडडूमार होली तथा लठामार होली की तैयारियों के सम्बन्ध में निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने गोवर्धन से बरसाना की ओर पड़ने वाले रेलवे फाटक के आस पास का जायजा लिया। उन्होंने फाटक के दोनों ओर यातायात प्रबंधन हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एहसी व्यवस्था सुनिश्चित करें जिससे फाटक के आस-पास जाम की समस्या उत्पन्न न हो।
         जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बरसाना स्थित हेलीपैड स्थल का निरीक्षण किया तथा आस-पास अभियान चलाकर साफ-सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हेलीपैड के चारों ओर बैरिकेडिंग सुनिश्चित करें तथा दीवारों पर वॉल पेंटिंग कराए। जिलाधिकारी ने ड्रेन का निरीक्षण किया तथा सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यापक स्तर पर ड्रेन की सफाई करे तथा ड्रेन के आस-पास हुए अतिक्रमण को हटवाने के निर्देश दिए।
           जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि अवैध होर्डिंग को हटाए। जिलाधिकारी ने नगर पंचायत बरसाना में मेला क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण करते हुए निर्देशित किया कि समस्त ट्रांसफार्मर एवं विद्युत के खंभों पर प्लास्टिक रैपिंग सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि बरसाना क्षेत्र को थीम आधारित वॉल पेंटिंग से आकर्षित बनाए। पर्वों से पूर्व प्रमुख मार्गों, स्थलों, चौक एवं चौराहों को सजाए। उन्होंने कहा कि बरसाना क्षेत्र को झालर, लाइटिंग, फसाड आदि के माध्यम से जगमग करें।  जो भी श्रद्धालु, पर्यटक एवं दर्शनार्थी बरसाना आए, वह एक नई पहचान लेकर जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं को अच्छा अनुभव प्रदान कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
         जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने रंगीली चौक, कटारा चौक, लाडो  गेट, सुदामा चौक, श्री राधा रानी जी मंदिर को जोड़ने वाले समस्त मार्गों व गलियों तथा प्रवेश व निकास द्वारों, श्री राधा रानी जी मंदिर आदि का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने सीढ़ियों के आस पास पेंटिंग करने के निर्देश दिए।
         जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी गोवर्धन को निर्देश दिए कि उक्त मेला को प्लास्टिक मुक्त मेला बनाए। प्लास्टिक का प्रयोग न करने हेतु दुकानदारों को प्रोत्साहित करे तथा अनुपालन न करने वालों पर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सड़कों की मरम्मत करे, डिवाइडर को पेंट करे, विभिन्न स्थानों पर बनाए जाने वाली पार्किंगों का कार्य ससमय करे, बैरियर एवं बैरिकेडिंग के कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को नालियों की सफाई तथा समस्त खुली नालियों को ढकने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी दुकानदारों को प्रोत्साहित करे कि गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का प्रयोग करे। मिलावटी खाद्य सामग्री/ पदार्थों को नष्ट कराए तथा नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करें।
           जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था के सम्बंध में एस0पी0 ग्रामीण को निर्देश दिए कि सीसीटीवी कैमरे एवं कंट्रोल रूम के माध्यम से सम्पूर्ण मेला क्षेत्र की निगरानी सुनिश्चित करें। जहां आवश्यकता है, वहां नए सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराए। थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर बनाए रखे, अफवाह फैलाने वालों पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करें तथा ड्रोन के माध्यम से मेला क्षेत्र की नियमित समीक्षा करते रहे।
         उन्होंने निर्देश दिए कि सुरक्षा के दृष्टिगत जो भी महत्वपूर्ण कदम उठाने है, उन्हें पहले से इंगित करते हुए कार्य सुनिश्चित करे। बैरियर, कंट्रोल रूम एवं वॉचटावर पर एक्टिव अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाए, जो स्थिति के अनुसार तेजी से अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नकली गुलाल का प्रयोग एवं बेचने वालों पर कठोर कार्यवाही करे।
         जिलाधिकारी ने अभियान चलाकर सम्पूर्ण बरसाना मेला क्षेत्र में उत्कृष्ट साफ सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं हेतु पुलिस प्रशासन कटिबद्ध है। श्रद्धालुओं को सरल, सुगम, सुदृढ़ दर्शन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
           निरीक्षण में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ0 पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, एस0पी0 ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, उप जिलाधिकारी गोवर्धन प्राजक्ता त्रिपाठी, मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण के सचिव आशीष कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई नवीन कुमार, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन धीरेंद्र प्रताप सिंह, लोक निर्माण विभाग के ए0ई0 राहुल कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

अमरोहा कौशल महोत्सव’ में 2400 से अधिक युवाओं को मिला रोजगार

Central Minister Jayant Chaudhary

जयन्त चौधरी ने सौंपे नियुक्ति पत्र
बोले-अमरोहा में अपार संभावनाएं हैं यहां कि उद्यमशील सोच और मेहनती युवा आबादी इसकी पहचान
गजरौला। केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्यमंत्री जयन्त चौधरी ने अमरोहा कौशल महोत्सव में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार जमीनी स्तर पर कौशल को रोजगार से जोडऩे के लिए लगातार काम कर रही है। भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय द्वारा आयोजित कौशल महोत्सव को अमरोहा और आसपास के जिलों के युवाओं से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। लगभग 4,000 उम्मीदवार इंटरव्यू (साक्षात्कार) के लिए पहुंचे। विभिन्न क्षेत्रों में 2,400 से अधिक उम्मीदवारों का चयन किया गया और उन्हें नौकरी की पेशकश की गई। कार्यक्रम में 55 से अधिक कंपनियों ने भाग लिया, जिन्होंने ऑटोमोबाइल, लॉजिस्टिक्स, हेल्थकेयर, बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं व बीमा, मैन्युफैक्चरिंग, रिटेल और सेवा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में अवसर उपलब्ध कराए। यह कार्यक्रम एक सिंगल-विंडो मंच के रूप में आयोजित किया गया, जहां युवाओं को नौकरी, अप्रेंटिसशिप और करियर मार्गदर्शन की सुविधा एक ही जगह मिली। यह मंत्रालय की परिणाम आधारित कौशल प्रशिक्षण पर जोर को दर्शाता है।
अपने संबोधन में श्री चौधरी ने कहा, “चौधरी अजित सिंह की जयंती पर हम ग्रामीण भारत और उसके युवाओं की ताकत में उनके अटूट विश्वास को नमन करते हैं। अमरोहा में अपार संभावनाएं हैं यहां की उद्यमशील सोच और मेहनती युवा आबादी इसकी पहचान है। आज 4,000 से अधिक युवाओं की भागीदारी उनके सपनों और काम के लिए उनकी तैयारी को दिखाती है। कौशल महोत्सव जैसे मंच प्रतिभा और अवसर के बीच की दूरी को कम करने में अहम भूमिका निभाते हैं। ये उद्योगों को युवाओं तक लाते हैं, जिससे उन्हें नौकरी, अप्रेंटिसशिप और करियर मार्गदर्शन के लिए काम की तलाश में बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ती। बोले, “मैं अमरोहा के युवाओं से आग्रह करता हूं कि वे — स्किलिंग फॉर एआई रेडीनेस जैसी पहलों के माध्यम से अपने कौशल को लगातार निखारते रहें, ताकि वे नई तकनीक से जुड़ी नौकरियों के लिए तैयार हो सकें। उन्हें इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता के क्षेत्रीय चरणों में भी भाग लेना चाहिए, जो हर दो साल में आयोजित होते हैं, जहां अमरोहा जैसे जिलों के प्रतिभाशाली युवा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व भी कर सकते हैं। आज कौशल विकास का मतलब है स्थानीय प्रतिभा को आगे बढ़ाना और वैश्विक स्तर पर आत्मविश्वास बनाना। ऐसे मंचों के जरिए ही अमरोहा जैसे जिले विकसित भारत 2047 के सपने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे,” उन्होंने आगे कहा कि कौशल महोत्सव को किसान ट्रस्ट का सहयोग मिला, जिसने जमीनी स्तर पर व्यापक जनसंपर्क और जागरूकता के प्रयास किए। वहीं, राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) ने उद्योगों के साथ बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया और कार्यक्रम के सफल आयोजन में अहम भूमिका निभाई। इस दौरान सांसद चौधरी कंवर सिंह तंवर, विधायक महेंद्र सिंह खडग़वंशी तथा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी अरुण यादव, डीडीजी और वी.एस. अरविंद, निदेशक, एमएसडीई भी उपस्थित रहे।
फोटो-१०

मंत्रालय ने कौशल महोत्सव को बड़े स्तर पर आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई
‘अमरोहा कौशल महोत्सव’ मंत्रालय की चल रही जिला-स्तरीय पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य युवाओं तक उनके घर के पास ही रोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसर पहुंचाना है। इस कार्यक्रम में भारत के कौशल विकास तंत्र में हो रहे व्यापक बदलावों को भी रेखांकित किया गया, जिनमें पीएमकेवीवाई 4.0, एनएपीएस के तहत बढ़ाई गई अप्रेंटिसशिप और हाल ही में शुरू की गई योजना पीएम-सेतु के तहत आईटीआई का आधुनिकीकरण शामिल है। मंत्रालय ने देशभर में ऐसे कौशल महोत्सवों को और बड़े स्तर पर आयोजित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई, ताकि समावेशी विकास को मजबूत किया जा सके और एक कुशल, आत्मविश्वासी तथा भविष्य के लिए तैयार कार्यबल तैयार किया जा सके।
————————————————–

केन्द्रीय बजट 2026-27 में देश के सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रावधान: जयन्त
गजरौला। ‘अमरोहा कौशल महोत्सव’ में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए केन्द्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्यमंत्री जयन्त चौधरी ने केन्द्रीय बजट की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि केन्द्रीय बजट 2026-27 में देश के सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रावधान किए गए हैं। यह देश की भविष्य की दिशा दिखाता है। किसान, युवा, महिला और गरीब सभी की चिंता सरकार ने की है।
बोले, केन्द्रीय वित्तमंत्री ने नवीं बार देश का बजट प्रस्तुत किया है। उनके पास एक बड़ा अनुभव है। उन्होंने बजट में वर्तमान के साथ-साथ भविष्य का भी ध्यान रखा है। कौशल विकास के बजट को 62 फीसदी बढ़ाते हुए दस हजार करोड़ निर्धारित किया गया है, जिससे स्पष्ट है कि केन्द्र सरकार का युवाओं के रोजगार, उनकी शिक्षा को आगे बढ़ाने की तरफ पूरा ध्यान है।
जयन्त ने कहा कि शिक्षा के बजट में डेढ़ लाख करोड़ की बढ़ोत्तरी की है। उद्योग और कुटीर उद्योग के बढ़ावा देने के लिए भी बजट में पूरा ध्यान रखा गया है। इसी के साथ ही बजट में पहली बाहर स्पोर्टस मैनुफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए 500 करोड़ रूपये के बजट का प्रावधान किया गया है। इसी तरह रेल प्रबंधन में भी उत्तर प्रदेश के लिए 20 हजार करोड़ रूपये के बजट का प्रावधान किया गया है। जिससे नई रेल लाइन समेत अन्य विकास कार्यों पर व्यय किया जाएगा। इसी के साथ ही बजट में कृषि एवं कुटीर उद्योग को बढ़ावा देने के लिए प्रावधान किया गया है। कहा कि उत्तर प्रदेश में पहले उद्योग लगाने में उद्योगपति संकोच करते थे मगर अब केन्द्र व प्रदेश की सरकार में उद्योगपतियों को निवेश के लिए सुरक्षा और सुविधा दोनों ही प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को बड़े पैमाने से रोजगार देने के लिए बड़े स्तर पर कौशल महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। पहले लखनऊ, फिर बिजनौर व अमरोहा में यह महोत्सव आयोजित किया गया है। जिसमें भारी संख्या में युवाओं को रोजगार के ऑफर लेटर प्रदान किए गए हैं। पत्रकार वार्ता में राष्ट्रीय महासचिव संगठन त्रिलोक त्यागी, मंडलाध्यक्ष रामवीर सिंह, जिलाध्यक्ष सचिन चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष उदयगिरि गोस्वामी, दिनेश शर्मा आदि मौजूद रहे।
फोटो-११
————————————————–

लखनऊ एक्सप्रेस वे कार डिवाइडर से टकराई, एक की मौत, तीन घायल

Posted on 13.02.2926
फिरोजाबाद। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस पर थाना मटसेना क्षेत्र अन्तर्गत बृहस्पतिवार को एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में पंजाब के एक युवक की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल है। घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
हादसा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर मटसेना थाना क्षेत्र अन्तर्गत किलोमीटर संख्या 41.400 के पास हुआ। जहां एक कार अचानक असंतुलित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार सवारों में चीख पुकार मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही यूपीडा और मटसेना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।यूपीडा ने क्रेन से दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को मौके से हटाया और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सक ने एक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान हरपाल सिंह पुत्र मेजर सिंह, निवासी ग्राम सैनीवल, थाना महल कला, जिला बरनाला, पंजाब के रूप में हुई है। वहीं घायलों में हरदीप शर्मा, लखविंदर सिंह व एक अज्ञात शामिल है।
थाना प्रभारी ने अनिल कुमार ने बताया कि हादसे के शिकार सभी लोग पंजाब राज्य के रहने वाले हैं।सड़क निर्माण की ठेकेदारी करने वाले लोग हैं। यह लोग लखनऊ से मशीनों के पुर्जे खरीदने के लिए जा रहे थे। उन्होंने बताया कि संभवतः ड्राइवर को नींद की झपकी आने से यह हादसा हुआ है। घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। हादसे के शिकार लोगों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

भाजपा नेता विंध्यवासिनी कुमार नहीं रहे

UP Web Newsलखनऊ, 13 फरवरी 2026, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता विंध्यवासिनी कुमार नहीं रहे। उन्होंने गुरुवार को अंतिम सांस ली। वे कभी समय से अस्वस्थ थे।

विंध्यवासिनी कुमार भाजपा के प्रदेश महामंत्री और विधान परिषद के सदस्य रहे। वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्णकालिक प्रचारक रहे थे। छात्र राजनीति में उन्होंने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। वे जे पी मूवमेंट भी सक्रिय रहे। उसके बाद राजनीति में आ गए।

उनके निधन पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शोक व्यक्त किया है।

« Newer PostsOlder Posts »