Web News

www.upwebnews.com

फिल्म अभिनेत्री अमीषा पटेल के खिलाफ कोर्ट से गैर जमानती वारंट

February 16, 2026

फिल्म अभिनेत्री अमीषा पटेल के खिलाफ कोर्ट से गैर जमानती वारंट

Amisha Patel Actress

अमीषा पटेल

नौ फरवरी को मुरादाबाद में अपर सिविल जज की अदालत ने दिए आदेश

Posted on 16.06.2026 Time 07.46 PM Monday, Rajesh Bhatia, Amisha Patel 

मुरादाबाद,16 फरवरी(उप्र समाचार सेवा।
फिल्म अभिनेत्री अमीषा पटेल के खिलाफ मुरादाबाद की अदालत ने गैर जमानती वारंट जारी किए हैं। नौ फरवरी को अपर सिविल जज जूनियर डिवीजन ने यह आदेश दिए। कोर्ट में अगली सुनवाई 27 मार्च को होगी।
2017 में एक शादी समारोह में आने के लिए अभिनेत्री अमीषा पटेल को 11 लाख रुपए दिए गए। कटघर के निवासी इवेंट मैनेजर पवन वर्मा का कहना है कि समारोह में शामिल होने के लिए दो लाख रुपए की और मांग की गई। उन्होंने और पैसे देने में असमर्थता जताई। इस पर अभिनेत्री दिल्ली में आने के बाद वापस चलीं गईं। पर जब दी गई रकम की मांग की गई तो जवाब नहीं मिला। इस पर अधिवक्ता पवन शर्मा के जरिए 2017 में अभिनेत्री के खिलाफ परिवाद दायर किया गया। मैनेजर का कहना है कि अपनी फीस लेने के बाद भी इवेंट में न आने और पैसे न देने के लिए फिल्म अभिनेत्री के अलावा सुरेश परमार, राजकुमार गोस्वामी आदि को आरोपित किया गया। आरोप है कि 15 नवंबर, 17 को अभिनेत्री दिल्ली पहुंच गई पर दो लाख की और डिमांड की। डिमांड पूरी करने के इंकार पर समारोह में शामिल नहीं हुईं। इसे लेकर परिवाद दाखिल किया गया।
सोमवार को अधिवक्ता पवन शर्मा और मैनेजर पवन वर्मा ने बताया कि नौ फरवरी को अपर सिविल जज जू.डि. की अदालत ने मामले में संज्ञान लेते हुए अभिनेत्री के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए हैं। अदालत में 27 मार्च को सुनवाई के लिए तलब किया गया है।

*लिखित समझौते के बाद सारी धनराशि लौटाई*

मुरादाबाद में अमीषा पटेल के वकील अभिषेक शर्मा का कहना है कि यह विवाद 2017 का है। पवन कुमार से लिखित समझौते के बाद सारी धनराशि उनके खाते में ट्रांसफर की जा चुकीं हैं। चार बार में आठ लाख रुपए की धनराशि अदा की गई है।

एटा में युवक ने मकान की दूसरी मंजिल पर फांसी लगाकर की आत्महत्या

Posted on 16.02.2026, Time 01.24 PM

एटा 16 फरवरी उप्रससे। जनपद के मलावन थाना क्षेत्र में 28 वर्षीय युवक रूपेंद्र पुत्र रामनरेश ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना सकीट रोड स्थित एक मकान की दूसरी मंजिल पर हुई। परिजनों ने जब कमरे में जाकर देखा तो युवक पंखे से लटका मिला। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।

मृतक के भाई आकाश ने बताया कि घर पर काम चल रहा था। जब वह ऊपर कमरे में गए तो रूपेंद्र पंखे से लटके हुए थे। उन्होंने ही पुलिस को सूचना दी। आकाश के अनुसार, घर में किसी से कोई विवाद नहीं हुआ था। उन्होंने आशंका जताई कि रूपेंद्र ने नशे की हालत में आत्महत्या की होगी।

मलावन थाना प्रभारी आर. के. सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। उन्होंने पुष्टि की कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

एटा में अज्ञात वाहन ने ननिहाल जाते समय दो दोस्तों को रौंदा, मौतः

एटा 16 फरवरी उप्रससे। जिले के मलावन थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। जवाहर तापीय परियोजना पावर प्लांट के सामने एक अज्ञात भारी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

मृतक बंटी पुत्र शेर सिंह और धीरज पुत्र सुखवीर दोनों अपने गांव धनीपुर महुआखेड़ा से अपनी ननिहाल रजपुरा जा रहे थे। तभी अज्ञात लीडर बहन ने बाइक को टक्कर मार दीं जिसमें एक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन एटा स्थित मोर्चरी पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मलावन थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

थाना प्रभारी आर. के. सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।

उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना

Uttarakhand weather Forecast

उत्तराखंड मौसम की सूचना

उप्र समाचार सेवा (UPSS)
दिनांक: 16 फरवरी 2026 | स्थान: वीरभद्र, ऋषिकेश (उत्तराखंड), उत्तराखंड में मौसम का बदलेगा मिजाज, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के आसार
उत्तराखंड में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और दिन में हल्की धूप लोगों को राहत दे रही है, जबकि सुबह-शाम ठंड का असर बरकरार है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के अधिकांश जिलों में 16 फरवरी को मौसम साफ रहने की संभावना है तथा कहीं भी बारिश या बर्फबारी के संकेत नहीं हैं।

हालांकि 17 और 18 फरवरी को पर्वतीय जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के लगभग 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश या बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। मैदानी क्षेत्रों में इस दौरान भी मौसम शुष्क रहेगा और धूप खिली रहने की संभावना है।

19 फरवरी से प्रदेशभर में पुनः मौसम साफ होने की उम्मीद है और किसी प्रकार की वर्षा या बर्फबारी के संकेत नहीं हैं।

यात्रियों के लिए सलाह
ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा करने वाले लोगों को प्रस्थान से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने, गर्म कपड़ों की पर्याप्त व्यवस्था रखने तथा संवेदनशील पर्वतीय मार्गों पर वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

प्रदेश में फिलहाल किसी बड़े मौसमी व्यवधान की संभावना नहीं है, लेकिन पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम तेजी से बदल सकता है, इसलिए स्थानीय प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करना आवश्यक होगा।

Bangladesh Election ढाका में बदलाव, भारत के सामने नई कसौटी

New Government of Bangladesh
Posted on 16.02.2026, Monday Time 10.07 AM , Dhaka, Writer Priyanka Saurabh 
(सत्रह वर्षों बाद सत्ता में लौटी बीएनपी ने बांग्लादेश की राजनीति की दिशा बदली है; भारत के सामने अब अवसरों के साथ नई अनिश्चितताएँ भी खड़ी हैं।)
 डॉ. प्रियंका सौरभ
बांग्लादेश के हालिया आम चुनावों में बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी (बीएनपी) Bangladesh Nationalist Party (BNP) ने तारिक रहमान Tarik Rehman के नेतृत्व में प्रचंड बहुमत के साथ ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। सत्रह वर्षों के लंबे निर्वासन के बाद राजनीति में लौटे तारिक रहमान ने अपनी माँ और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया Khalida Jiya की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए पार्टी को दो-तिहाई से अधिक सीटें दिलाईं। यह जीत न केवल एक चुनावी सफलता है, बल्कि बांग्लादेश की राजनीति में सत्ता संतुलन के व्यापक पुनर्संयोजन और एक नए राजनीतिक दौर की शुरुआत का संकेत भी देती है। भारत के लिए यह परिणाम अवसरों के साथ-साथ कई रणनीतिक अनिश्चितताएँ भी लेकर आया है, जिनका प्रबंधन आने वाले वर्षों में द्विपक्षीय संबंधों की दिशा तय करेगा।
पिछले डेढ़ दशक से अधिक समय तक बांग्लादेश की राजनीति पर अवामी लीग और शेख हसीना Sheikh Hasina का वर्चस्व रहा। इस अवधि में स्थिरता, आर्थिक विकास और क्षेत्रीय सहयोग के साथ-साथ सत्ता के केंद्रीकरण, विपक्ष के दमन और लोकतांत्रिक संस्थाओं के कमजोर होने के आरोप भी लगातार लगते रहे। लंबे समय तक एक ही राजनीतिक धारा के प्रभुत्व ने मतदाताओं में प्रशासनिक थकान और परिवर्तन की आकांक्षा को जन्म दिया। बीएनपी की जीत को इसी व्यापक जन-असंतोष और राजनीतिक विकल्प की तलाश के परिणाम के रूप में देखा जा सकता।
तारिक रहमान लंबे समय से बांग्लादेश की राजनीति में एक प्रभावशाली, किंतु विवादास्पद चेहरा रहे हैं। निर्वासन काल के दौरान उन पर भ्रष्टाचार, सत्ता के दुरुपयोग और कट्टरपंथी तत्वों से संबंधों जैसे आरोप लगे, जिनके कारण उनकी छवि धूमिल हुई। हालांकि दिसंबर 2025 में लंदन से स्वदेश वापसी के बाद उन्होंने अपने राजनीतिक दृष्टिकोण में बदलाव के संकेत दिए। उन्होंने पार्टी संगठन का पुनर्गठन किया, युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाया और जमीनी स्तर पर जन आंदोलन को पुनर्जीवित किया। निर्वासन काल के अनुभवों को उन्होंने राजनीतिक पूंजी में बदला और बीएनपी को चुनावी रूप से पुनर्स्थापित किया। इस संदर्भ में यह जीत केवल पारिवारिक विरासत का विस्तार नहीं, बल्कि रणनीतिक पुनर्संयोजन, संगठनात्मक अनुशासन और बदलते राजनीतिक यथार्थ को समझने की क्षमता की सफलता भी मानी जा रही है।
बीएनपी ने 13वें आम चुनावों में आर्थिक सुधार, भ्रष्टाचार उन्मूलन और अल्पसंख्यक सुरक्षा को अपने प्रमुख चुनावी मुद्दों के रूप में प्रस्तुत किया। बेरोज़गारी, महँगाई और शासन में पारदर्शिता की कमी जैसे मुद्दों ने मतदाताओं को गहराई से प्रभावित किया। पार्टी ने अपनी पारंपरिक कट्टरपंथी छवि से दूरी बनाने का प्रयास किया और हिंदू समुदाय सहित सभी अल्पसंख्यकों को सुरक्षा का आश्वासन दिया। यह जनादेश इस बात को रेखांकित करता है कि लंबे समय से चले आ रहे राजनीतिक वर्चस्व और प्रशासनिक थकान के बाद मतदाताओं ने परिवर्तन को प्राथमिकता दी। लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से सत्ता परिवर्तन ने यह भी संकेत दिया कि बांग्लादेशी समाज स्थिरता के साथ-साथ उत्तरदायी शासन की अपेक्षा रखता है।
भारत के दृष्टिकोण से बीएनपी की यह जीत मिश्रित संकेत देती है। ऐतिहासिक रूप से भारत के संबंध अवामी लीग सरकार के साथ अधिक सहज और स्थिर रहे हैं। सीमा प्रबंधन, आतंकवाद-रोधी सहयोग और कनेक्टिविटी परियोजनाओं में शेख हसीना सरकार ने भारत के साथ घनिष्ठ तालमेल रखा। इसके विपरीत, बीएनपी को लेकर नई दिल्ली में हमेशा संदेह बना रहा है, विशेषकर 2001–06 के शासनकाल के अनुभवों के कारण। हालांकि हाल के वर्षों में तारिक रहमान ने भारत के प्रति अपेक्षाकृत संतुलित और व्यावहारिक रुख अपनाने के संकेत दिए हैं। चुनावों से पहले भारत द्वारा बीएनपी को अनौपचारिक रूप से “ग्रीन सिग्नल” देना इसी बदलते दृष्टिकोण को दर्शाता है। यह संकेत करता है कि भारत अब बांग्लादेश की आंतरिक राजनीति में किसी एक दल पर निर्भर रहने के बजाय बहुआयामी संवाद की नीति अपनाने को तैयार है।
आर्थिक दृष्टि से बीएनपी सरकार भारत के लिए नए अवसर खोल सकती है। बांग्लादेश भारत का एक प्रमुख व्यापारिक साझेदार है और दक्षिण एशिया में भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति का अहम स्तंभ भी है। नई सरकार के कार्यकाल में द्विपक्षीय व्यापार के 20 अरब डॉलर तक पहुँचने की संभावना जताई जा रही है। कनेक्टिविटी परियोजनाओं, जलविद्युत सहयोग, सीमा व्यापार, डिजिटल कनेक्टिविटी और औद्योगिक निवेश जैसे क्षेत्रों में सहयोग को नई गति मिल सकती है। बांग्लादेश की तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था भारतीय निवेश के लिए आकर्षक अवसर प्रस्तुत करती है। अल्पसंख्यक हितों की रक्षा को लेकर बीएनपी की सार्वजनिक प्रतिबद्धता भारत की सामाजिक और राजनीतिक चिंताओं को कुछ हद तक कम करती है।
इसके बावजूद, अनिश्चितताएँ बनी हुई हैं। बीएनपी पर कट्टरपंथी तत्वों के प्रति नरमी बरतने के आरोप लगते रहे हैं और जमात-ए-इस्लामी जैसे संगठनों की भूमिका को लेकर सतर्कता आवश्यक है। तारिक रहमान पर लगे पुराने भ्रष्टाचार आरोप, पाकिस्तान के साथ कथित संबंध और हालिया सांप्रदायिक हिंसा की घटनाएँ भारत की सुरक्षा चिंताओं को बढ़ाती हैं। भारत–बांग्लादेश सीमा पर घुसपैठ, तस्करी, मानव तस्करी और आतंकवाद से जुड़े जोखिम भी पूरी तरह समाप्त नहीं हुए हैं। यदि इन मुद्दों पर ठोस और पारदर्शी कार्रवाई नहीं होती, तो द्विपक्षीय विश्वास प्रभावित हो सकता है।
बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन का असर केवल भारत-बांग्लादेश संबंधों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका प्रभाव व्यापक दक्षिण एशियाई भू-राजनीति पर भी पड़ेगा। चीन और पाकिस्तान क्षेत्र में अपने प्रभाव को लगातार बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में भारत के लिए आवश्यक होगा कि वह बांग्लादेश के साथ आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी को मज़बूत रखे, ताकि क्षेत्रीय शक्ति संतुलन भारत के प्रतिकूल न जाए। बहुपक्षीय मंचों और उप-क्षेत्रीय सहयोग पहलों के माध्यम से संवाद और सहयोग को सुदृढ़ किया जा सकता है।
ऐसे परिदृश्य में भारत के लिए संतुलित और सक्रिय कूटनीति अपनाना अनिवार्य होगा। अवामी लीग के साथ पुराने संबंधों को बनाए रखते हुए बीएनपी सरकार के साथ संवाद स्थापित करना भारत के दीर्घकालिक हित में है। एकतरफा झुकाव के बजाय संस्थागत और बहुदलीय संपर्क भारत को अधिक रणनीतिक लचीलापन प्रदान करेगा।
मानवाधिकार, अल्पसंख्यक सुरक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों के मुद्दों पर भारत को न तो उपेक्षा करनी चाहिए और न ही अत्यधिक हस्तक्षेप करना चाहिए। विवेकपूर्ण संतुलन ही भारत की प्रभावशीलता को बनाए रख सकता है।
तारिक रहमान के नेतृत्व में बीएनपी की यह जीत भारत के लिए न तो पूरी तरह जोखिमपूर्ण है और न ही पूर्णतः अवसर-प्रधान। यह एक संक्रमणकालीन दौर है, जिसमें सतर्कता, संवाद और व्यावहारिक कूटनीति के माध्यम से भारत न केवल अपने हितों की रक्षा कर सकता है, बल्कि भारत–बांग्लादेश संबंधों को एक नई और अधिक परिपक्व दिशा भी दे सकता है। यदि अनिश्चितताओं का प्रभावी प्रबंधन किया गया और सहयोग के क्षेत्रों को सुदृढ़ किया गया, तो यह राजनीतिक परिवर्तन न केवल द्विपक्षीय संबंधों को, बल्कि पूरे दक्षिण एशिया में स्थिरता और सहयोग की संभावनाओं को भी सशक्त कर सकता है।
Dr Priyanka Saurabh Writer, Poet

डॉ. प्रियंका सौरभ
पीएचडी (राजनीति विज्ञान)
कवयित्री | सामाजिक चिंतक | स्तंभकार

« Newer PostsOlder Posts »