Web News

www.upwebnews.com

सिकंदराराज में सड़क हादसा: बाइक सवार की मौत, कार चालक पर मुकदमा

February 21, 2026

सिकंदराराज में सड़क हादसा: बाइक सवार की मौत, कार चालक पर मुकदमा

हाथरस।सिकंदराराज कोतवाली क्षेत्र में 18 फरवरी की शाम हुए सड़क हादसे में ग्राम शेरपुर निवासी देवेंद्र कुमार की मौत के मामले में कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दुर्घटना नवली-रेवती कॉलेज के पास की बताई गई है, जहां पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल देवेंद्र कुमार को राहगीरों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराज पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें अलीगढ़ रेफर किया गया। परिजनों के अनुसार वहां आवश्यक सुविधा उपलब्ध न होने के कारण उन्हें निजी अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उपचार के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
19 फरवरी को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद गांव शेरपुर और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल बना हुआ है

जर्मन दूल्हे ने भारतीय दुल्हन संग लिए सात फेरे विदेशी मेहमानों ने सराही भारतीय संस्कृति।

फिरोजाबाद। जिले में एक अनोखी अंतरराष्ट्रीय शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। सात समुंदर पार जर्मनी से आए दूल्हे ने फिरोजाबाद के पाढम गाँव की दुल्हन के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह रचाया। इस ऐतिहासिक विवाह के गवाह सैकड़ों लोग बने, वहीं विदेश से आए मेहमान भी भारतीय संस्कृति और परंपराओं में सराबोर नजर आए।
जर्मनी निवासी दूल्हा गुस्ताव और फिरोजाबाद की युवती खुशी ने पूरे विधि-विधान के साथ सात फेरे लेकर एक-दूसरे को जीवनसाथी स्वीकार किया। दूल्हा भारतीय परिधान शेरवानी और साफा पहने हुए थे, जबकि दुल्हन खुशी लाल जोड़े में बेहद आकर्षक लग रही थीं। खास बात यह रही कि दूल्हे ने अपने हाथों में मेहंदी से पत्नी का नाम भी लिखवाया था जो समारोह में मौजूद लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। विवाह समारोह में वरमाला, फेरे और विदाई सहित सभी रस्में भारतीय परंपरा के अनुसार सम्पन्न कराई गईं, लेकिन इसमें जर्मन संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। विदेशी मेहमानों ने भारतीय शादी की रस्मों को बड़े उत्साह से देखा और उनमें भागीदारी भी की। भाषा की समस्या न हो, इसके लिए चार अनुवादकों की व्यवस्था की गई थी। विदेशी मेहमानों ने भारतीय संस्कृति की सराहना करते हुए कहा कि भारत एक विशाल और विविधताओं से भरा देश है। यहां के लोगों का अपनापन और मेहमाननवाजी उन्हें बेहद पसंद आई। खासकर शिकोहाबाद जैसे छोटे शहर की आत्मीयता ने उन्हें प्रभावित किया। शादी समारोह में स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए और नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया। दोनों परिवारों ने एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं। गुस्ताव और खुशी ने एक-दूसरे का हाथ थामकर नए जीवन की शुरुआत की।
दुल्हन की चाची ज्योति ने बताया कि खुशी जयपुर में एक जर्मन कंपनी में कार्यरत है। वहीं गुस्ताव का आना-जाना हुआ और दोनों की पहली मुलाकात हुई, जो बाद में दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गई। दूल्हे गुस्ताव ने बताया कि वर्ष 2023 में वह भारत घूमने आए थे। इस दौरान राजस्थान, दिल्ली और आगरा की यात्रा की। जयपुर के एक होटल में ठहरने के दौरान स्विमिंग पूल के पास उनकी मुलाकात खुशी से हुई, जो धीरे-धीरे रिश्ते में बदल गई।
फिरोजाबाद में हुआ यह अंतरराष्ट्रीय विवाह लोगों के बीच चर्चा का विषय होने के साथ ही आकर्षण का केंद्र भी रहा।

भाजपा नेताओं ने किया राहुल गांधी का पुतला दहन


फिरोजाबाद, 21 फरवरी। भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष डॉ सतीश दिवाकर व जिलाध्यक्ष भाजयुमो अंकित तिवारी के नेतृत्व में शनिवार को जैन मंदिर चौराहे पर विरोध प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया। इस दौरान भाजपाइयों ने कांग्रेस विरोधी नारे लगाए व एसडीएम को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन भी सोपा।
जिलाध्यक्ष भाजपा महानगर डॉ. सतीश दिवाकर ने कहा कि राहुल गांधी के इशारे पर यूथ कांग्रेस ने देश की छवि खराब करने के लिए यह कदम उठाया, जो निंदनीय है। जब भारत नवाचार के क्षेत्र में दुनिया के सामने अपनी पहचान बना रहा है, तब ऐसे प्रदर्शन देश को बदनाम करने की कोशिश हैं।
जिलाध्यक्ष भाजयुमो महानगर अंकित तिवारी ने कहा कि ऐसी गतिविधियां देश की छवि को धूमिल करती हैं और राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ हैं। कांग्रेस नेताओं के इस कार्य से भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश है इस प्रकार का आचरण देश की गरिमा और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि के अनुरूप नहीं है। यह राजनीतिक शिष्टाचार के विरुद्ध है
जिला संयोजक स्थानीय निकाय दीपक गुप्ता कालू ने कहा कि नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित आई सबमिट के दौरान कांग्रेसी नेताओं द्वारा कथित तौर पर अर्धनक अवस्था में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी करना कांग्रेस की ओछी मानसिकता को दर्शाता है।
पुतला दहन करने वालो में शैलेंद्र गुप्ता शालू,आकाश गुप्ता, उदय प्रताप सिंह, सुरेंद्र राठौर, नमन बंसल,गौतम कुशवाहा, देश दीपक राजा, प्राचीर सेठ,भारत सिंह वर्मा, रामनरेश कटारा आदि है।

लखनऊ मेट्रो में सीएजी में बड़ा घोटाला पकड़ा है.

मेट्रो शोर ज्यादा करती है.. मेट्रो के टेंडर में अफसरों और ठेकेदारों ने मिलीभगत कर खूब वारे न्यारे किये..
लखनऊ। सीएजी ने अमौसी से मुंशी पुलिया तक बने लखनऊ मेट्रो कॉरिडोर के डीपीआर से लेकर टेंडर प्रक्रिया, निर्माण कार्य, खरीद की प्रक्रिया, सुरक्षा के मानक और संचालन के तरीकों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.. सीएजी रिपोर्ट के मुताबिक 6,928 करोड़ रुपए लागत वाले इस प्रोजेक्ट में मेट्रो के अफसरों ने संबंधित विभागों और सक्षम व्यक्तियों की अनुमति नहीं ली.. निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया.. टेंडर ने मनमाने फैसले लिए.. यहां तक की दस्तावेजों की जांच भी नहीं कराई..
मेट्रो के लिए पटरी बिछाने का ठेका मेसर्स कालिंदी रेल निर्माण लिमिटेड को मिला था. आईआईटी कानपुर से पटरियों की जांच कराई गई तो खुलासा हुआ कि पटरियों की कठोरता भारतीय रेलवे के निर्धारित मानकों से कम थी.. इससे न सिर्फ पटरियों बल्कि ट्रेन के पहियों के जल्दी घिसने या टूटने का खतरा बना हुआ है.
सीएजी रिपोर्ट के मुताबिक मेट्रो के लिए 24 फर्मों ने दिलचस्पी दिखाई थी जिसमें से 8 फर्म टेंडर प्रक्रिया में शामिल हुईं.. इसमें से 5 फर्म लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड, एफकांस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड, गैमन इंडिया लिमिटेड, सिंपलेक्स इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड और पीएलएल सीआर 19 बी ने टेक्निकल बिड में क्वालीफाई किया. फाइनेंसियल बिड में मेसर्स गैमन इंडिया लिमिटेड को फाइनेंसियल बिड से बाहर कर दिया गया.. बाकी जो चार फर्म फाइनेंशियल बिड में शामिल हुईं, उसमें मेसर्स लार्सन एंड टुब्रो के साथ एग्रीमेंट कर लिया गया.. ऐसा क्यों किया गया!! इसका जवाब किसी के पास नहीं है..

गोरखपुर में छात्र नेता के घर फायरिंग

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur

Date 21/02/2026

बाइक सवार बदमाशों ने तोड़फोड़ कर फैलाई दहशत, महिला से भी की मारपीट

गोरखपुर, 21 फरवरी, कोतवाली थाना क्षेत्र के अलीनगर उत्तरी मोहल्ले में शुक्रवार की देर रात सपा छात्र नेता के घर बदमाशों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी। बाइक से आए बदमाशों ने घर के बाहर तोड़फोड़ भी की।

विरोध करने पर घर में मौजूद छात्र नेता की मां से मारपीट की गई। घटना की सूचना पर पुलिस अधिकारियों के साथ भारी फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर कर रही हैं पूछताछ।

कोतवाली क्षेत्र निवासी उज्ज्वल यादव सपा के छात्र नेता हैं। वर्तमान में बाहर गए हुए हैं। घर पर उनकी मां संध्या, पिता अंबुज और दो बहनें रहती हैं। शुक्रवार रात करीब 11:20 बजे दो बाइक पर सवार 04 युवक उनके घर के सामने पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने ट्रांसफार्मर के पास खड़े होकर दाएं-बाएं दिशा में आठ राउंड फायरिंग की।

पुलिस को मौके से आठ खोखे बरामद हुए हैं। परिजनों का आरोप है कि फायरिंग के दौरान आरोपियों ने संध्या का मुंह दबा दिया और उनके साथ मारपीट की। गोली चलने की आवाज से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों में दुबक गए। जांच में सामने आया है कि एक युवती से बातचीत को लेकर विवाद की आशंका जताई जा रही है।

इस मामले में आर्थक सिंह, अनिस सहित चार लोगों का नाम सामने आया है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है। घटना की सूचना पर एसपी सिटी अभिनव त्यागी, सीओ कोतवाली ओंकार दत्त और सीओ कैंट योगेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई।

« Newer PostsOlder Posts »