Web News

www.upwebnews.com

सीतापुर में नाराज विधायक का थाने में धरना

February 15, 2026

सीतापुर में नाराज विधायक का थाने में धरना

Posted on 15.02.2026, Time 03.33 PM Sunday, Sitapur, Police Station Rampur Mathura, MLA Gyan Tiwari

सीतापुर , 15 फरवरी। रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली को लेकर सेवता से बीजेपी विधायक ज्ञान तिवारी का गुस्सा फूट पड़ा। विधायक अपने समर्थकों के साथ रामपुर मथुरा थाने पहुंचे और थाना परिसर में जमीन पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक संजय पांडेय की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई कर पुलिस मनमानी कर रही है और आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही।

विधायक ज्ञान तिवारी ने थाने में तैनात दीवान रविशंकर यादव और कांस्टेबल विनोद यादव पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि देर रात एक नौटंकी कार्यक्रम को जबरन बंद कराए जाने के बाद मामला अनावश्यक रूप से तूल पकड़ गया और पुलिस ने नियमों की अनदेखी करते हुए कार्रवाई की। इसी से आक्रोशित होकर वे समर्थकों के साथ थाने पहुंचे और पुलिस के खिलाफ धरने पर बैठ गए।
विधायक के थाने पहुंचने की स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर अधिकारी पहुंचे और विधायक को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले संवाद के दौरान सीओ ने मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन विधायक अपनी मांगों पर अड़े रहे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक प्रभारी निरीक्षक, दीवान और कांस्टेबल के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
विधायक ने पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके व्यवहार से जनता में भय और असंतोष का माहौल बन रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वे इस मुद्दे को उच्च स्तर तक उठाएंगे।

February 9, 2026

नाथ संप्रदाय सदैव ही सानातन की रक्षा करने में अग्रणी रहा- योगी आदित्यनाथ


सीतापुर (उ०प्र० समाचार सेवा)। सनातन धर्म के पौराणिक स्थल जनपद सीतापुर स्थित योगी बाड़ा श्री तपोधाम आश्रम में मूर्ति स्थापना दिवस एवं भव्य भण्डारा कार्यक्रम में आज गोरक्षपीठाधीश्वर महंत एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराज सम्मिलित हुए।
इस अवसर पर योगी महाराज ने नवनिर्मित मूर्ति का अनावरण एवं गोरख अमृत धारा का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि दुनिया के अंदर तमाम सभ्यताएं तथा संस्कृतियां बनीं और समाप्त हो गईं, लेकिन सनातन धर्म आज भी गौरव के साथ खड़ा है और दुनिया को ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ का संदेश दे रहा है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नाथ संप्रदाय सदैव ही सानातन की रक्षा करने में अग्रणी रहा है।
सीतापुर जिला मुख्यालय के शास्त्रीनगर मुहल्ले में स्थिति योगी बाड़ा श्री तपोधाम आश्रम जो नाथ संप्रदाय का ही आश्रम है। जहां पर कई वर्षों पूर्व तपस्वी श्री गिरिधारीनाथ जी महाराज ने कई वर्षों तक तपस्या की थी ताकि अपने आराध्यदेव का आशीष प्राप्त कर सकें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अवधूत योगी महासभा के अध्यक्ष होने के कारण उन्हें इसी सभा के उपाध्यक्ष महंत श्री योगी बालक नाथ (सदस्य विधानसभा राजस्थान) तथा योगी बाड़ा तपोधाम आश्रम के महंत श्री योगी तेजनाथ जी ने विशेष रूप से आमंत्रित किया था। इस कार्यक्रम में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पश्चिम उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश आदि कई प्रांतों से कई योगी महंतो ने कार्यक्रम में अपनी उपस्थित दर्ज कराई। मुख्यमंत्री ने अपनी भाषण में बांग्लादेश में हिंदुओं की वर्तमान हालत पर भी बरसे। उन्होंने कहा कि हमें बांग्लादेशी घटनाओं से काफी कुछ सीखने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री के 36 मिनट के भाषण का केंद्र बिंदु सनातन ही रहा।

January 27, 2026

संविधान की रक्षा के लिए निर्णायक संघर्ष होगा: अविनाश पांडे

Avinash Pandey

सीतापुर में कांग्रेस का संविधान बचाओ संवाद आयोजित

सीतापुर, 27 जनवरी। विधानसभा सेवता अंतर्गत रेउसा चौराहा, बाजार पुरवा मोड़ के निकट दिनांक 24 जनवरी 2026 (शनिवार) को “संविधान बचाओ संवाद” कार्यक्रम का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय महासचिव प्रभारी उत्तर प्रदेश अविनाश पांडे जी मौजूद रहे एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय जी ने की ।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर इमरान मसूद सांसद सहारनपुर भी मौजूद रहे ।इस कार्यक्रम का आयोजन राकेश राठौर जी, सांसद सीतापुर के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अविनाश पांडेय जी ने कहा ‘संविधान बचाओ संवाद’ में जनता का उत्साह और भीड़ यह साफ संदेश दे रही है की देश किसी की जागीर नहीं, यह सिर्फ़ बाबा साहेब के संविधान से चलेगा।

भाजपा सरकार की लोकतंत्र-विरोधी सोच के खिलाफ़ कांग्रेस हर मोर्चे पर मजबूती से खड़ी है। संविधान की रक्षा के लिए अब निर्णायक संघर्ष होगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अजय राय ने कहा कि अगले सौ दिनों में ३० संविधान संवाद महापंचायत कार्यक्रम आयोजित होंगे। आज का कार्यक्रम उसी कड़ी का पहला कार्यक्रम है ।

श्री राय ने कहा की इस महापंचायतों का मुख्य उद्देश्य देश के संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय एवं नागरिक अधिकारों की रक्षा को लेकर जन-जागरूकता फैलाना है तथा योगी सरकार की नाकामियों को जानता के समक्ष लाना है ।

कार्यक्रम के समापन पर सांसद राकेश राठौर जी ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संविधान की रक्षा हेतु इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे। श्री राठौर ने कहा कि संविधान सर्वोच्च है इसके संरक्षण के लिए जनता को जागरूक और एकजुट रहना होगा ।

इस संवाद कार्यक्रम में जनपद सीतापुर सहित आसपास के क्षेत्रों से हज़ारों की संख्या में लोगों की उपस्थिति रही। भारी जनसमूह की मौजूदगी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सफल बनाया।