Web News

www.upwebnews.com

महिला डॉक्टर से छेड़खानी, तीन अभियुक्त गिरफ्तार

February 24, 2026

महिला डॉक्टर से छेड़खानी, तीन अभियुक्त गिरफ्तार

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
24/02/2026

*एम्स गेट नंबर-2 पर की गई अभद्रता व जान से मारने की धमकी; मुकदमा दर्ज, अग्रिम कार्रवाई जारी*

गोरखपुर। थाना एम्स क्षेत्र में महिला के साथ छेड़खानी और अभद्रता का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 फरवरी 2026 की रात्रि में वादिनी ओरियन मॉल से बाहर निकल रही थीं। उसी दौरान तीन युवकों द्वारा उनके ऊपर अभद्र टिप्पणी की गई। आरोप है कि इसके बाद एम्स अस्पताल के गेट नंबर-2 के पास उन्हीं युवकों ने वादिनी के साथ गलत हरकत की। जब पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना एम्स में मुकदमा अपराध संख्या 52/2026 धारा 74, 296(ए), 351(3), 352 भारतीय न्याय संहिता के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 23 फरवरी 2026 को अभियुक्त सूरज गुप्ता एवं अमृत विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया। घटना से संबंधित तीसरे अभियुक्त आदित्य राव पुत्र सत्येंद्र राव, निवासी रामपुर खास, थाना रामपुर कारखाना, जनपद देवरिया को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस द्वारा प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

दहेज हत्या के मामले में पति-पत्नी गिरफ्तार*

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
24/02/2029

*थाना बेलघाट पुलिस की कार्रवाई, महिला संबंधी अपराध में दर्ज था मुकदमा*

गोरखपुर। थाना बेलघाट क्षेत्र में दहेज हत्या के आरोप में एक अभियुक्त और एक अभियुक्ता को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों के विरुद्ध पहले से मुकदमा दर्ज था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर द्वारा महिला संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण में थाना बेलघाट पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 275/85/50(2)/115(2)/352 बीएनएस व ¾ दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत दर्ज प्रकरण में आरोपितों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान श्यामनरायन पुत्र सरजू निवासी बेईली कुण्ड थाना बेलघाट जनपद गोरखपुर तथा रमावती उर्फ तारा पत्नी श्यामनरायन निवासी बेईली कुण्ड थाना बेलघाट जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार दोनों के विरुद्ध दहेज हत्या से संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत है। गिरफ्तारी के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला उत्पीड़न एवं दहेज से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

बरसाना में लड्डूमार होली में झूमे श्रद्धालु

Lathhmar Holi Barsana
Posted on 24.02.2026, Time 08.31 PM Barsana Mathura, Lathhmar Holi
मथुरा। ब्रज की पावन धरा बरसाना में मंगलवार को प्रसिद्ध लड्डूमार होली श्रद्धा, उल्लास और भक्ति के रंगों के बीच धूमधाम से मनाई गई। श्रीजी मंदिर परिसर में आयोजित इस अनूठे उत्सव में देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
लड्डूमार होली का आयोजन परंपरागत रूप से श्रीजी मंदिर में किया जाता है, जहां राधारानी के दर्शनों के साथ श्रद्धालुओं पर लड्डुओं की वर्षा की जाती है। मान्यता है कि यह परंपरा भगवान श्रीकृष्ण द्वारा राधारानी और सखियों के संग होली खेलने की स्मृति में निभाई जाती है।
मंदिर के सेवायतों द्वारा श्रद्धालुओं पर लड्डू उछाले गए, जिन्हें प्रसाद स्वरूप ग्रहण करने के लिए भक्तों में विशेष उत्साह देखा गया। पूरा मंदिर परिसर “राधे-राधे” और “श्याम नाम” के जयघोष से गूंज उठा।
प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल तैनात रहा तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन किया गया।
ब्रज की इस अनोखी परंपरा को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक भी पहुंचे। लड्डूमार होली के साथ ही बरसाना में आगामी लट्ठमार होली के आयोजन को लेकर भी उत्साह चरम पर है।
ब्रज की फाल्गुनी उमंग में रंगी लड्डूमार होली ने एक बार फिर आस्था, प्रेम और परंपरा का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।

कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने किया बरसाना में रंगोत्सव का शुभारंभ

Barsana Rangotsav
Posted on 24.02.2026 Tuesday, Time 08.24 PM, Barsana, Mathura, Rangotsav, Holi, Chudhary Laximi Narayan
मथुरा । बरसाना स्थित श्री राधा बिहारी इंटर कॉलेज के ग्राउंड में रंगोत्सव 2026 के संबंध में आयोजित भव्य कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें  लक्ष्मी नारायण चौधरी  द्वारा किया गया।  मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें  लक्ष्मी नारायण चौधरी , उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष  शैलजा कांत मिश्र , मंडलायुक्त  नगेन्द्र प्रताप , पुलिस उप-महानिरीक्षक  शैलेश कुमार पाण्डेय , जिलाधिकारी  चंद्र प्रकाश सिंह , वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार , मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन , उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी  सूरज पटेल आदि ने कार्यक्रम में दीप प्रज्जवलित किया। कार्यक्रम शुभारंभ अवसर पर सर्वप्रथम श्री राधा कृष्ण जी के स्वरूप में नृत्य प्रस्तुति हुई।
   मंत्री  ने कार्यक्रम में सभी लोगों को संबोधित करते हुए रंगोत्सव 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि बृजवासी श्री राधा-रानी जी और श्री कृष्ण जी को अपने परिवार का सदस्य मानते हैं। जो प्रेम की भाषा और संतों का सम्मान बृज की भूमि में मिलता है, वह और कहीं नहीं है। पहले बरसाना की लट्ठमार होली उत्तर भारत में ही एक प्रसिद्ध पर्व के रूप में मनाई जाती रही है, लेकिन आज बरसाना की होली विश्व प्रसिद्ध हो चुकी है। दुनिया भर से श्रद्धालु यहां की होली खेलने के लिए आतुर रहते हैं। यह प्रदेश की वर्तमान  योगी आदित्यनाथ  की सरकार की वजह से संभव हुआ है। कोई भी संत कितना भी ज्ञान अर्जन कर ले लेकिन ब्रजभूमि के दर्शन किए बिना उनकी तपस्या पूर्ण नहीं मानी जाती। ऐसे पवित्र स्थल की पवित्रता और तीर्थ स्थल को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
           मंत्री ने कहा कि न सिर्फ मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन, बरसाना में पर्यटन व तीर्थों का विकास हुआ है बल्कि पूरे प्रदेश में भी पर्यटन व धार्मिक स्थलों का विकास हुआ है। इससे साफ है कि वर्तमान प्रदेश सरकार की कार्यशैली से उत्तर प्रदेश की छवि बदल चुकी है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से आग्रह किया कि रंगोत्सव के दौरान बरसाना में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के प्रति विनम्र व्यवहार बनाए रखें। श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं दर्शनार्थियों की सुविधा व सुरक्षा का पूरा ख्याल रखा जाए।
            रंगोत्सव 2026 शुभारंभ के अवसर पर मंच पर बृज संस्कृति में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। बरसाना की विश्व प्रसिद्ध लट्ठमार होली पर आधारित नृत्य प्रस्तुति ने सभी मंचासीन अतिथियों और श्रद्धालुओं का मन मोहा। प्रस्तुति दे रहे कलाकारों ने जब दर्शक दीर्घा में बैठे लोगों के ऊपर फूलों की बरसात की तो पूरा माहौल बृज की होली में सराबोर हो गया।
            अंत में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों का स्वागत अभिनंदन करते हुए रंगोत्सव के भव्य आयोजन हेतु आयोजकों तथा शानदार प्रस्तुति देने वाले कलाकारों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

ननिहाल में शादी में आए लापता मासूम का तालाब में मिला शव, ग्रामीणों ने किया हंगामा

7 दिन से तलाश रही थी पुलिस और परिजन, सीसीटीवी में बाहर जाते दिखा था बालक
​आक्रोशित ग्रामीणों ने की SIT जांच की मांग, गांव में तनाव का माहौल
मथुरा(चौमुहाँ। ​थाना छाता के गांव तरौली जनूबी में सात दिन पहले अपनी ननिहाल से लापता हुए 9 वर्षीय मासूम दुष्यंत का शव मंगलवार को गांव के ही एक तालाब में मिलने से सनसनी फैल गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की एसआईटी जांच की मांग को लेकर हंगामा किया।
जिला आगरा के थाना जगनेर अंतर्गत गांव चौरे का बरगंवा निवासी हरिओम का पुत्र दुष्यंत (9) अपनी मां संजू के साथ 10 फरवरी को तरौली स्थित अपनी ननिहाल आया था। परिवार को 21 फरवरी को वृंदावन में एक रिश्तेदारी की शादी में शामिल होना था, जिसके चलते दुष्यंत यहीं रुका हुआ था। 18 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी नानी सावित्री से बाहर खेलने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
परिजनों की सूचना पर छाता पुलिस ने तलाश शुरू की थी। गांव में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में दुष्यंत गांव से बाहर की ओर जाने वाले रास्ते पर पैदल जाता हुआ दिखाई दिया था, जिसके बाद उसका कोई सुराग नहीं लग सका। मंगलवार सुबह गांव के तालाब में शव उतराता देख ग्रामीणों के होश उड़ गए। शिनाख्त होने पर पता चला कि यह शव लापता दुष्यंत का ही है।
चौथी कक्षा में पढ़ने वाला दुष्यंत अपने भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी मौत से मां संजू और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का आरोप है कि मामला संदिग्ध है, इसलिए इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। हंगामे की सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच तेज कर दी है।
« Newer PostsOlder Posts »