Web News

www.upwebnews.com

कपड़ा कारोबारी के घर लगी भीषण आग, 5 बच्चों समेत 6 की मौत, शॉर्ट सर्किट की आशंका

February 24, 2026

कपड़ा कारोबारी के घर लगी भीषण आग, 5 बच्चों समेत 6 की मौत, शॉर्ट सर्किट की आशंका

मेरठ। लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र अंतर्गत किदवई नगर में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। कपड़ा कारोबारी के मकान में लगी भीषण आग में 5 बच्चों सहित कुल 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में 6 महीने की जुड़वा बहनें भी शामिल हैं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रुखसार (30) पत्नी आसिम, अकद्दस (3) पुत्र आसिम, नाबिया (6 माह) पुत्री आसिम, इनायत (6 माह) पुत्री आसिम, महविश (12) पुत्री फारुख और हम्माद (4) पुत्र फारुख के रूप में हुई है। वहीं, इकबाल की पत्नी अमीर बानो (55) गंभीर रूप से झुलस गईं, जिन्हें हालत नाजुक होने पर रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन मकान तक जाने वाली गली बेहद संकरी होने के कारण राहत कार्य में काफी दिक्कत आई। इसके बाद फायर कर्मियों ने पड़ोसियों की छतों के रास्ते घर में प्रवेश किया और काफी प्रयास के बाद आग बुझाई। झुलसे लोगों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि 112 नंबर पर आग लगने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मकान में कपड़ों का काम भी होता था, जिससे आग तेजी से फैल गई।

February 23, 2026

प्रधानमंत्री ने मेरठ में भारत के प्रथम रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम दिल्ली-मेरठ नमो भारत का सम्पूर्ण कॉरिडोर राष्ट्र को समर्पित किया

  • प्रधानमंत्री ने मेरठ में भारत के प्रथम रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम दिल्ली-मेरठ नमो भारत का सम्पूर्ण कॉरिडोर राष्ट्र को समर्पित किया
  • प्रधानमंत्री ने मेरठ मेट्रो व ‘नमो भारत’ ट्रेन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया
  • प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ने मेरठ मेट्रो में मेरठ साउथ से शताब्दी नगर तक सफर किया
  • उ0प्र0 के किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 95 हजार करोड़ रु0 प्राप्त हो चुके, मेरठ के किसानों को लगभग 800 करोड़ रु0 मिले
  • प्रधानमंत्री जी नये व आधुनिक भारत के शिल्पी : मुख्यमंत्री

PM Narendra Modi Showed Green Flag to Meerut Metro

मेरठ , 22 फरवरी, 2026, प्रधानमंत्री श्नरेन्द्र मोदी जी ने आज मेरठ में भारत के प्रथम रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आर0आर0टी0एस0) दिल्ली-मेरठ नमो भारत का सम्पूर्ण कॉरिडोर राष्ट्र को समर्पित किया। उन्होंने मेरठ मेट्रो (मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक-21 कि0मी0) तथा आर0आर0टी0एस0 के सराय काले खाँ से न्यू अशोक नगर, दिल्ली तक नमो भारत खण्ड (05 कि0मी0) और मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक नमो भारत खण्ड (21 कि0मी0) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गरिमामयी उपस्थिति रही।

प्रधानमंत्री जी ने मेरठ मेट्रो व ‘नमो भारत’ ट्रेन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। प्रधानमंत्री जी एवं मुख्यमंत्री जी ने मेरठ मेट्रो में मेरठ साउथ से शताब्दी नगर तक सफर किया। प्रधानमंत्री जी ने मेट्रो में दिव्यांग बच्चों, स्कूली बच्चों, मेडिकल छात्रों व अन्य लोगों से संवाद किया। इस अवसर पर इन परियोजनाओं पर आधारित डॉक्यूमेण्ट्री फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज शुभारम्भ की गई परियोजनाओं से मेरठवासियों सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों का जीवन बदलने वाला है। सराय काले खाँ, आनन्द विहार, गाजियाबाद और मेरठ के स्टेशनों पर भारतीय रेल, मेट्रो और बस अड्डों को आपस में जोड़ा गया है। देश में यह पहली बार हो रहा है, जब एक ही स्टेशन और एक ही ट्रैक पर ‘नमो भारत’ और मेट्रो रेल चलेगी। अब एक ही प्लेटफॉर्म से लोग शहर के भीतर यात्रा कर पाएंगे, और उसी स्टेशन से दिल्ली भी आ-जा सकेंगे। इससे मेरठ के पढ़ाई, नौकरी करने वाले तथा हजारों कामकाजी उन लोगों को फायदा होगा, जो रोजाना दिल्ली आते-जाते रहते हैं। अब दिल्ली में नौकरी करने वाले मेरठ के लोगों को वहां किराए का घर लेने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा।

प्रधानमंत्री जी ने कहा कि डबल इंजन सरकार आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर पर जो धनराशि खर्च कर रही है, उससे लोगों का पैसा भी बच रहा है और उन्हें रोजगार भी प्राप्त हो रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नये-नये एक्सप्रेस-वे, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर तथा जेवर में इण्टरनेशनल एयरपोर्ट जैसे इन्फ्रास्ट्रक्चर निर्मित हो रहे हैं। जब यह प्रोजेक्ट बनते हैं, तब रोजगार उपलब्ध होते हैं। बाद में इनके बन जाने पर नये-नये उद्योग लगते हैं और नये कारोबार आते हैं, तो इससे भी रोजगार मिलते हैं।

प्रधानमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की धरती श्रम व सृजन की धरती है। यहाँ के किसान, पशुपालक, छोटे लघु उद्यमी, बुनकर तथा शिल्पकार विरासत और विकास के मंत्र को साकार कर रहे हैं। जब भारत का सामर्थ्य बढ़ता है, तो उत्तर प्रदेश के इन सभी लोगों का सामर्थ्य भी विकसित होता है। दुनिया के लोगों में भारत के प्रति बहुत आस्था है। लोग बहुत आशावान हैं। अनेक विकसित देश आज भारत के साथ व्यापारिक समझौते कर रहे हैं और हमारे साथ जुड़ने को उत्सुक हैं, क्योंकि उन्हें भारत के विकास में अपना भविष्य दिखता है। उन्हें भारत की युवा शक्ति में उम्मीदें दिखती हैं। उन्हें लगता है कि भारत में 21वीं सदी की चुनौतियों का समाधान देने की ताकत है।

प्रधानमंत्री जी ने कहा कि विगत वर्षों में हमारी सरकार ने जो वैश्विक समझौते किए हैं, उससे लघु और कुटीर उद्योगों से जुड़े लोगों को बहुत फायदा होगा। मेरठ के स्पोर्ट्स का सामान व कैंची बनाने वाले, मुरादाबाद का पीतल, खुर्जा की क्रॉकरी, बागपत के होम फर्निशिंग उद्योग, सहारनपुर की लकड़ी की नक्काशी सहित प्रदेश के लेदर, टेक्सटाइल तथा ज्वैलरी से जुड़े हर लघु और कुटीर उद्योगों को इन समझौतों का बहुत अधिक लाभ होने वाला है।

प्रधानमंत्री जी ने कहा कि हमारी प्राथमिकता देश के छोटे-बड़े शहरों के सामर्थ्य को दुनिया के कोने-कोने तक ले जाने की है। हमें उत्तर प्रदेश के जनपदों की पहचान को आगे बढ़ाना है। मेरठ सहित यह पूरा क्षेत्र एम0एस0एम0ई0 उद्योगों का बहुत बड़ा केन्द्र है। इस वर्ष के केन्द्र सरकार के बजट में लघु उद्योगों के लिए 10 हजार करोड़ रुपये के विशेष फण्ड की घोषणा की गयी है। इससे उत्तर प्रदेश में एम0एस0एम0ई0 क्षेत्र से जुड़े लोगों को ऋण मिलना बहुत आसान होगा। बजट में कपड़ा उद्योग तथा बुनकर समाज के लिए महात्मा गाँधी ग्राम स्वराज योजना की घोषणा की गयी है। इससे खादी, हैण्डलूम तथा हस्तशिल्प को विश्व बाजार तक पहुँचाने में मदद मिलेगी।

प्रधानमंत्री जी ने कहा कि पहले छोटे कारीगर केवल 10 लाख रुपये तक का सामान कोरियर से भेज सकते थे। अब यह सीमा पूरी तरह हटा दी गयी है। इससे मेरठ सहित उत्तर प्रदेश के सभी बुनकर और अन्य छोटे उद्यमी ऑनलाइन ऐप के जरिए अमेरिका या यूरोप के ग्राहकों को भी अपने प्रोडक्ट आसानी से बेच पाएंगे। हमारी सरकार को चौधरी चरण सिंह जी को भारत रत्न देने का सौभाग्य मिला है। डबल इंजन सरकार उनके विजन पर चलते हुए किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसके लिए फूड प्रोसेसिंग पर बहुत बल दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिलने वाली धनराशि छोटे किसानों के बहुत काम आ रही है। अब तक उत्तर प्रदेश के किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 95 हजार करोड़ रुपये प्राप्त हो चुके हैं। इसमें मेरठ के किसानों को भी लगभग 800 करोड़ रुपये मिले हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने प्रधानमंत्री जी का स्वागत करते हुए कहा कि ‘नमो भारत’ सेमी हाई स्पीड ट्रेन तथा मेरठ मेट्रो का उद्घाटन होली के ठीक पूर्व मेरठवासियों के लिए एक उपहार है। यह उपहार विकसित भारत की उस नींव को सुदृढ़ करने का नया मॉडल है, जिसमें अत्याधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से भारत की ताकत दिखाई देती है। अत्याधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर के प्रति प्रधानमंत्री जी का विज़न विकसित भारत की आधारशिला का विज़न है, जिसकी आज पूरी दुनिया में चर्चा है। नमो भारत रैपिड रेल का उद्घाटन, मेट्रो रेल का विस्तार, वन्दे भारत, वॉटर-वे, एक्सप्रेस-वे, डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर जैसी सुविधाएँ तेजी के साथ पूरे देश में फैली हैं। इनसे लोगों का जीवन आसान हुआ है।

इस अवसर पर केन्द्रीय कौशल विकास व उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी, केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह, जल शक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक, ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेन्द्र तोमर सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

February 21, 2026

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने किया मेरठ में मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण

CM Yogi Adityanath मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहां शताब्दी नगर में मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण किया। कल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यहां रेपिड रेल और मेट्रो का उद्घाटन करेंगे।

February 5, 2026

उपज के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय चौधरी को मीडिया आइकन अवॉर्ड

Media Iconic Award to Ajay Chaudhary

उपज के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय चौधरी को मिला मीडिया आइकन अवॉर्ड

Posted on: 05.02.2026 Thursday, Time: 06.09 PM, Meerut, Ajay Chaudhary Media Icon award, Aesthetic International 

मेरठ, 05 फरवरी 2026, उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) के प्रदेश उपाध्यक्ष और जनपद अध्यक्ष अजय चौधरी को मीडिया आइकन अवॉर्ड प्रदान किया गया है। उन्हें यह सम्मान एस्थेटिक इंटरनेशनल ने प्रदान किया है।

मीडिया क्षेत्र में अजय चौधरी के उल्लेखनीय योगदान और 17 वर्ष से अधिक की सक्रिय पत्रकारिता के लिए सम्मान दिया गया। एक समारोह में एस्थेटिक इंटरनेशनल के फाउंडर तन्मय शर्मा और एमआईटीई के चेयरमैन विष्णु शरण ने सम्मान स्मृति चिन्ह प्रदान किया।

इस सफलता और सम्मान के लिए उपज के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश कुमार सिंह, महामंत्री आनंद कर्ण ने शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। अध्यक्ष ने कहा ये सम्मान सिर्फ प्रदेश उपाध्यक्ष अजय चौधरी का ही नहीं बल्कि पूरी उपज का है। सम्मान से पत्रकार संगठनों के बीच उपज का गौरव बढ़ गया है।

January 15, 2026

मुजफ्फरनगर में रोके गए कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय

मुजफ्फरनगर, 15 जनवरी 2026, पिछड़ा वर्ग के युवक की मृत्यु पर संवेदना व्यक्त करने उसके घर जा रहे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को पुलिस ने खतौली में एक चेक पोस्ट पर रोक लिया। उन्हें आगे नहीं जाने दिया गया।

श्री राय पिछड़ा वर्ग के युवक रोहित कश्यप उर्फ सोनू (29) की मृत्यु होने पर उसके घर जाना चाहते थे। युवक का शव जली हुई अवस्था में मेरठ के सरधना क्षेत्र के जंगल से बरामद हुआ था। वह मूल रूप से मुजप्फरनगर जनपद का निवासी था। श्री राय ने कहा है कि वे सिर्फ संवेदना व्यक्त करने के लिए मृतक के परिवार से मिलने जाना चाहते थे।

Older Posts »