Posted on 24.02.2026 Tuesday, Time 08.24 PM, Barsana, Mathura, Rangotsav, Holi, Chudhary Laximi Narayan
मथुरा । बरसाना स्थित श्री राधा बिहारी इंटर कॉलेज के ग्राउंड में रंगोत्सव 2026 के संबंध में आयोजित भव्य कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें लक्ष्मी नारायण चौधरी द्वारा किया गया। मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें लक्ष्मी नारायण चौधरी , उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र , मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप , पुलिस उप-महानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय , जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह , वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार , मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन , उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल आदि ने कार्यक्रम में दीप प्रज्जवलित किया। कार्यक्रम शुभारंभ अवसर पर सर्वप्रथम श्री राधा कृष्ण जी के स्वरूप में नृत्य प्रस्तुति हुई।
मंत्री ने कार्यक्रम में सभी लोगों को संबोधित करते हुए रंगोत्सव 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि बृजवासी श्री राधा-रानी जी और श्री कृष्ण जी को अपने परिवार का सदस्य मानते हैं। जो प्रेम की भाषा और संतों का सम्मान बृज की भूमि में मिलता है, वह और कहीं नहीं है। पहले बरसाना की लट्ठमार होली उत्तर भारत में ही एक प्रसिद्ध पर्व के रूप में मनाई जाती रही है, लेकिन आज बरसाना की होली विश्व प्रसिद्ध हो चुकी है। दुनिया भर से श्रद्धालु यहां की होली खेलने के लिए आतुर रहते हैं। यह प्रदेश की वर्तमान योगी आदित्यनाथ की सरकार की वजह से संभव हुआ है। कोई भी संत कितना भी ज्ञान अर्जन कर ले लेकिन ब्रजभूमि के दर्शन किए बिना उनकी तपस्या पूर्ण नहीं मानी जाती। ऐसे पवित्र स्थल की पवित्रता और तीर्थ स्थल को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
मंत्री ने कहा कि न सिर्फ मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन, बरसाना में पर्यटन व तीर्थों का विकास हुआ है बल्कि पूरे प्रदेश में भी पर्यटन व धार्मिक स्थलों का विकास हुआ है। इससे साफ है कि वर्तमान प्रदेश सरकार की कार्यशैली से उत्तर प्रदेश की छवि बदल चुकी है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से आग्रह किया कि रंगोत्सव के दौरान बरसाना में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के प्रति विनम्र व्यवहार बनाए रखें। श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं दर्शनार्थियों की सुविधा व सुरक्षा का पूरा ख्याल रखा जाए।
रंगोत्सव 2026 शुभारंभ के अवसर पर मंच पर बृज संस्कृति में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। बरसाना की विश्व प्रसिद्ध लट्ठमार होली पर आधारित नृत्य प्रस्तुति ने सभी मंचासीन अतिथियों और श्रद्धालुओं का मन मोहा। प्रस्तुति दे रहे कलाकारों ने जब दर्शक दीर्घा में बैठे लोगों के ऊपर फूलों की बरसात की तो पूरा माहौल बृज की होली में सराबोर हो गया।
अंत में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों का स्वागत अभिनंदन करते हुए रंगोत्सव के भव्य आयोजन हेतु आयोजकों तथा शानदार प्रस्तुति देने वाले कलाकारों का धन्यवाद ज्ञापित किया।