Web News

www.upwebnews.com

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को संविधान की प्रति देने जा रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने रोका

January 8, 2026

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को संविधान की प्रति देने जा रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने रोका

मथुरा के होली गेट पर पुलिस और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में हुई तीखी नोक झोंक

मथुरा, 08 जनवरी 2026 (उप्रससे)। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से मिलने  वृंदावन जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने मथुरा के होली गेट पर रोक लिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और झड़प की स्थिति उत्पन्न हो गई।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को संविधान की प्रति और तिरंगा झंडा भेंट करने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।

जैसे ही पुलिस ने बैरिकेटिंग लगाकर कार्यकर्ताओं को रोका, मौके पर नारेबाजी शुरू हो गई और माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया। पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को वहीं रोक लिया।

कांग्रेस नेताओं ने पुलिस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए विरोध दर्ज कराया। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत यह कदम उठाया गया।

इस दौरान मुकेश धनगर कुंवर सिंह निषाद राजन पाठक हरवीर सिंह पुंडीर संदीप हिंडोल आदित्य तिवारी अश्वनी शुक्ला प्रवीन ठाकुर हर्ष चौरसिया दुर्गेश बघेल हरीश पचौरी प्रदीप सागर प्रमोद शर्मा धीरज शर्मा आशीष अग्रवाल राशिद खान हाकिम सिंह छोकर ललिता देवी आशा चौधरी अनाम धन्य तिवारी उमाशंकर शर्मा रमेश कश्यप जिलानी कादरी रवि वाल्मीकि हाशिम हुमेर दीपक आर्य शैलेंद्र चौधरी राजा गौतम टिंकू धनगर बालवीर सिंह राजरानी निमेष सुनील बाल्मीकि विशाल वाल्मीकि लक्ष्य गौड़ राकेश शुक्ला हरिओम उपाध्याय अमित राज महेश चौबे नितिन वार्ष्णेय अशोक निषाद करन निषाद पूरन सिंह अनवर फारुकी शाहरुख खान अजीम शाह बंटी दिवाकर अर्पित जादौन अनिल खरे राजेश कुमार विवेक कुमार सहित सैकड़ो की संख्या मे कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

January 6, 2026

नवागत थाना प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार ने लिया बलदेव में चार्ज

मथुरा। पुष्पेंद्र कुमार को थाना बलदेव का थाना प्रभारी बनाया गया है। चार्ज लेने के बाद उन्होंने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देशों का पालन करते हुए थाना क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए रात्रि गश्त को बढ़ाया जाएगा।

थाना प्रभारी ने बताया कि उनका मुख्य लक्ष्य आम जनता में विश्वास और अपराधियों में भय का माहौल बनाना है। थाने में आने वाले परिवादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनकर उनका समय पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की है कि थाना क्षेत्र में कहीं भी कोई अपराध होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस मौके पर पहुंचकर तुरंत कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण, शांति व्यवस्था कायम रखना व नागरिकों के बीच पुलिस की बेहतर कार्य कुशलता व छवि प्रस्तुत करना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। स्थानीय व्यापारी नेता विनोद मोदी,युवा नेता मोहित चौधरी,शुभम चौधरी,आचार्य मनीष गर्गाचार्य, सुजीत वर्मा,आदि ने नवागत थाना प्रभारी का सम्मान कर बधाई दी।

January 4, 2026

मथुरा में सर्राफा कारोबारी की हत्या

मथुरा, 04 जनवरी 2026 (उ.प्र.समाचार सेवा)। महानगर के गोविंद नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत लाल दरवाजा स्थित तेलीपाड़ा मोहल्ले में रविवार सुबह सर्राफा कारोबारी की हत्या से सनसनी फैल गई। चांदी कारोबारी का खून से लथपथ शव उनके बेड पर पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सतीश चंद्र गर्ग के रूप में हुई है जो चांदी खरीदकर उसे पिघलाकर बेचने का कार्य करते थे। उनका तीन मंजिला मकान है, जिसमें ऊपर और नीचे किरायेदार रहते हैं जबकि बीच की मंजिल पर वह स्वयं अकेले रहते थे। रविवार सुबह जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं हुई तो किरायेदारों ने पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही एसएसपी, एसपी सिटी, सीओ सिटी एवं गोविंद नगर थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो सतीश चंद्र गर्ग का शव खून से लथपथ अवस्था में बेड पर पड़ा मिला।

पुलिस के अनुसार मृतक के चेहरे पर चोट के निशान भी पाए गए हैं जिससे मामला और अधिक संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। वहीं कमरे में रखी अलमारी खुली होने के कारण लूट के इरादे से हत्या की आशंका जताई जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए, साथ ही डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया।

 

मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पत्नी रजनी गर्ग का चार वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। उनके तीन पुत्र मुकुल (पुणे), मयंक (नोएडा) एवं अभिषेक (गुरुग्राम) में नौकरी करते हैं। पत्नी के निधन के बाद से सतीश चंद्र गर्ग मकान में अकेले ही रह रहे थे।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पांच पुलिस टीमें गठित की गई हैं और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि वारदात में मृतक का कोई परिचित शामिल हो सकता है।

 

घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

 

January 3, 2026

मथुरा के बीएसए ने अनियमितता पर प्रधानाचार्य को किया निलंबित  

मथुरा। जनपद के विकास खंड गोवर्धन स्थित संविलित विद्यालय नगला खारी में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी के अनुसार अध्यापकों द्वारा की गई सामूहिक शिकायत के आधार पर गठित दो सदस्यीय जांच समिति की आख्या में विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक कुशल सिंह को प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया है। इसके बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के आदेश के अनुसार 05 फर. 2025 को खंड शिक्षा अधिकारी बलदेव एवं मथुरा की संयुक्त जांच समिति गठित की गई थी। समिति द्वारा की गई विस्तृत जांच के उपरांत 28 दिसं 2025 को जांच आख्या प्रस्तुत की गई जिसमें कई गंभीर तथ्य सामने आए।

जांच रिपोर्ट के अनुसार विद्यालय में लगातार तीन शैक्षिक सत्रों से छात्र नामांकन में गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले दो वर्षों के मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) से संबंधित रजिस्टर उपलब्ध नहीं कराए गए जिससे प्रधानाध्यापक की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।

जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि विद्यालय में किसी प्रकार का शैक्षणिक या वित्तीय अभिलेख उपलब्ध नहीं है जो कि बेसिक शिक्षा नियमावली का खुला उल्लंघन है। विद्यालय परिसर में गंदगी, कबाड़ और अतिरिक्त कक्षों में अव्यवस्था पाई गई जिससे यह प्रतीत होता है कि प्रधानाध्यापक को शासकीय दायित्वों में कोई रुचि नहीं है।

जांच समिति ने अपनी आख्या में उल्लेख किया है कि विद्यालय को प्राप्त कम्पोजिट ग्रांट, खेलकूद सामग्री एवं ईको क्लब मद की धनराशि का कोई लेखा-जोखा उपलब्ध नहीं है। इससे सरकारी धन के दुरुपयोग एवं गबन की आशंका प्रबल हुई है। इसके अलावा अधिकांश शिक्षकों से समन्वय न करते हुए केवल एक शिक्षिका को अनुचित लाभ देना और उसे अवैध रूप से अनुपस्थित रहते हुए उपस्थित दर्शाना भी गंभीर कदाचार की श्रेणी में पाया गया है।

इन सभी तथ्यों के आधार पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने कुशल सिंह इंचार्ज प्रधानाध्यापक संविलित विद्यालय नगला खारी विकास खंड गोवर्धन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें संविलित विद्यालय कुंजैरा विकास खंड गोवर्धन से संबद्ध किया गया है।

निलंबन काल में उन्हें वित्तीय हस्तपुस्तिका के नियमों के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी समग्र शिक्षा मथुरा तथा खंड शिक्षा अधिकारी मांट की दो सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है। समिति को निर्देश दिए गए हैं कि आरोप पत्र शीघ्र जारी कर एक माह के भीतर विस्तृत जांच आख्या जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को उपलब्ध कराई जाए।

शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई से जनपद में हड़कंप मच गया है और इसे सरकारी स्कूलों में पारदर्शिता व अनुशासन की दिशा में बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

मथुरा में माघ पूर्णिमा के दिन लगाया भंडारा

मथुरा।माघ पूर्णिमा के अवसर पर ऐतिहासिक तीर्थ विश्राम घाट पर यमुना में स्नान करने के पश्चात यमुना में पूजा अर्चना किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा अनेक जगह भंडारा लगाया गया और प्रसाद वितरण किया। इस मौके पर भरतपुर गेट पर विशाल भंडारा लगाया गया एवं श्रद्धालुओं एवं गरीब असहाय लोगों को भोजन वितरण किया। शाम को जोगेंद्र नाथ महादेव मंदिर में सुंदरकांड का पाठ सामूहिक रूप से किया गया एवं भजन संध्या का आयोजन हुआ। काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने इस धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। ठाकुर बालाजी हनुमान महाराज की महाआरती की गई, प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस कार्यक्रम में विशेष रूप से कमोद कुमार शर्मा, डॉ नवीन शर्मा, रशीद भाई आदि का विशेष सहयोग रहा।

« Newer PostsOlder Posts »