मथुरा में युवक की गोली मारकर हत्या, नाबालिग युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में लगाई फांसी
मथुरा। जनपद के एक गांव में युवक को गोली मारे जाने के तत्काल बाद नाबालिग लड़की गले में फंदा लगाकर लटक गई।
जनपद के नौहझील थाना क्षेत्र के सुहागपुर गांव में मंगलवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां एक 30 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसी गांव की 15 वर्षीय नाबालिग युवती संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। युवती को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
एक ही गांव के थे दोनों
मृतक युवक अर्जुन और नाबालिग युवती दोनों सुहागपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार अर्जुन ट्रक चालक था और चार दिन पहले ही छुट्टी पर घर आया था।
भाई पर हत्या का आरोप
परिजनों के मुताबिक नाबालिग युवती के भाई हर्ष उर्फ भोला ने अर्जुन को मंगलवार को बुलाया। आरोप है कि जब अर्जुन मौके पर पहुंचा तो हर्ष ने उसके सीने में गोली मार दी। गोली लगने के बाद अर्जुन घर की ओर भागा, लेकिन करीब 50 मीटर की दूरी पर उसे दोबारा गोली मारी गई। गंभीर रूप से घायल अर्जुन को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी ने सोशल मीडिया पर हथियार के साथ अपनी तस्वीर भी साझा की।
युवती फांसी पर लटकी मिली
घटना के बाद जब आरोपी घर पहुंचा तो उसकी बहन संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। परिजनों ने उसे तुरंत नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार युवती की इंस्टाग्राम पर बातचीत को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अपर पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। आरोपी की तलाश की जा रही है और पूरे प्रकरण की गहन जांच जारी है। दोषी पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।

