समीक्षा बैठक लेती प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य साथ में अन्य जनप्रतिनिधि
हाथरस। कलेक्ट्रेट आगमन पर प्रभारी मंत्री एवं महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की मंत्री बेबी रानी मौर्य का स्वागत जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बुके भेंट कर किया। इसके पश्चात उन्होंने गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी ली।
मंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ कलेक्ट्रेट परिसर में स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को पोषण पोटली वितरित की गई। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत लाभार्थियों को लैपटॉप प्रदान किए गए। किसानों को मिनी किट बीज वितरित किए गए तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत दो महिला लाभार्थियों को पांच-पांच लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अपराध नियंत्रण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, नहरों की सफाई और टेल तक पानी की उपलब्धता, पेंशन योजनाएं, कृषि, वन विभाग द्वारा वृक्षारोपण, पर्यटन विकास, लोक निर्माण विभाग की सड़कों का निर्माण व मरम्मत, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम, गौ आश्रय स्थल, स्कूल चलो अभियान, स्वास्थ्य सेवाएं, जन आरोग्य योजना, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, आवास योजनाएं, हर घर जल योजना, धान-गेहूं क्रय, टैबलेट व स्मार्ट फोन वितरण, कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, पंचायती राज, बाल विकास एवं विद्युत आपूर्ति सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने से क्षतिग्रस्त सड़कों की मानक अनुसार शीघ्र मरम्मत कराने, बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए सायं छह बजे से निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा ओटीएस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के फोन उठाने और समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने आश्वस्त किया कि मंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों का प्राथमिकता से अनुपालन कराया जाएगा। बैठक में सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, विधायक अंजुला सिंह माहौर, विधायक वीरेन्द्र सिंह राणा, विधायक प्रदीप कुमार, जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।


