Web News

www.upwebnews.com

एटा में आधी-अधूरी तैयारी के बीच शुरू हुआ एटा महोत्सव, अफसरों ने फीता काट किया उद्घाटन

January 15, 2026

एटा में आधी-अधूरी तैयारी के बीच शुरू हुआ एटा महोत्सव, अफसरों ने फीता काट किया उद्घाटन

Etah Mahotsav

एटा महोत्सव का हुआ उद्घाटन

एटा 15 जनवरी उप्रससे। एटा महोत्सव 2026 सैनिक पड़ाव में आधी-अधूरी तैयारियों के बीच शुरू हुआ। उद्घाटन में प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे, लेकिन कोई जनप्रतिनिधि नहीं दिखा।

राजकीय कृषि एवं औद्योगिक विकास प्रदर्शनी, एटा महोत्सव का शुभारंभ इस बार आधी-अधूरी तैयारियों के बीच सैनिक पड़ाव में कर दिया गया। हर वर्ष एक जनवरी से शुरू होने वाला यह बहुप्रतीक्षित आयोजन इस बार 15 जनवरी को शुरू हुआ, वह भी सीमित संसाधनों और अधूरे इंतजामों के साथ। इसके बावजूद प्रशासन ने पूरे विधि-विधान के साथ महोत्सव का उद्घाटन कर औपचारिकता पूरी कर दी।

मंडल आयुक्त संगीता सिंह ने एटा महोत्सव पहुंचकर जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह, एसएसपी श्याम नारायण सिंह, एडीएम वित्त लालता प्रसाद और एसपी सिटी श्वेताभ पांडे के साथ मंत्रोच्चारण के बीच हवन कुंड में आहुति देकर महोत्सव का शुभारंभ किया। शुभारंभ के बाद मंडल आयुक्त ने प्रदर्शनी परिसर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह ने मंडल आयुक्त का औपचारिक स्वागत किया।

एटा के सक्सेना दम्पत्ति को मिला भारत-श्रीलंका हिंदी गौरव सम्मान

एटा के सक्सेना दंपति को मिला हिंदी गौरव सम्मान

एटा 15 जनवरी उप्रससे। विश्व हिंदी दिवस पर भारतीय उच्चायोग कोलम्बो तथा पूर्वोत्तर हिंदी अकादमी शिलांग द्वारा स्वामी विवेकानंद संस्कृति केंद्र कोलम्बो में आयोजित बीसवें लेखक मिलन शिविर में जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय के पूर्व हिंटी विभागाध्यक्ष डाॅ० राकेश सक्सेना एवं डाॅ० सुनीता सक्सेना को हिंदी साहित्य लेखन, प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका के लिए भारत-श्रीलंका हिंदी गौरव सम्मान से विभूषित किया गया। यह सम्मान विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक प्रो० अंकुरण दत्ता, केलणीय विश्वविद्यालय की हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो0 नीता सुभाषिनी तथा प्रो० अतिला कोथलाविया द्वारा प्रदान किया गया। श्रीलंका में आयोजित इस कार्यक्रम में देश के अठारह राज्यों से शताधिक विद्वानों ने सहभाग किया।
इस उपलब्धि पर डाॅ० राजीव कुलश्रेष्ठ, डाॅ०भूपेन्द्र शंकर, डाॅ०भारत भूषण परिहार, रामनरेश मिश्र, अजय चतुर्वेदी, डाॅ० प्रवेश पाण्डेय, संजीव गोयल, डाॅ०अनिल सक्सेना, डाॅ०राकेश मधुकर, डाॅ०जी०के०शर्मा, डाॅ०आनंद गौतम, डाॅ०सुभाष दीक्षित ने हर्ष व्यक्त किया है।

January 13, 2026

एटा में पाले ने छीनी किसानों की खुशी, हज़ारों एकड़ मटर की फसल तबाह

पाले से एटा में मटर की फसल को नुकसान

एटा 13 जनवरी उप्रससे। जनपद में पड़ रहे भीषण पाले ने किसानों की वर्षों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। जिससे उनकी खुशियां निराशा में बदल गई। जनपद में हज़ारों एकड़ में खड़ी मटर की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। खेतों में लहलहाती फसल सुबह देखते ही देखते सफेद पाले की चादर में ढककर बर्बाद हो चुकी थी।

किसानों का कहना है कि उन्होंने कर्ज लेकर मटर की खेती की थी। बीज, खाद, सिंचाई और दवाइयों पर भारी खर्च किया गया, लेकिन पड़ रहे पाला से सब कुछ तबाह हो गया। अब हालात ऐसे हैं कि कर्ज कैसे चुकाएं और परिवार का पेट कैसे पालें, यही सबसे बड़ा सवाल बन गया है।
पीड़ित किसानों ने बताया कि मटर की फसल बेहद शानदार थी और अच्छी पैदावार की पूरी उम्मीद थी। लेकिन पाले ने फसल को इस कदर झुलसा दिया कि अब खेतों में केवल सूखी और काली पड़ी फसल ही दिखाई दे रही है। कई किसान खेतों में खड़े होकर रोते नजर आए, जिनकी आंखों में बेबसी और चिंता साफ झलक रही थी। किसानों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उनकी इस प्राकृतिक आपदा में आर्थिक सहायता और मुआवजा दिया जाए, ताकि उन्हें कुछ राहत मिल सके और वे दोबारा खेती करने की हिम्मत जुटा सकें।

तहसीलदार सदर नीरज वार्ष्णेय ने बताया कि पाले से हुए नुकसान को लेकर क्षेत्र के लेखपालों को सर्वे के लिए भेजा गया है। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई कर शासन को अवगत कराया जाएगा।

हालांकि, किसानों का कहना है कि सर्वे के साथ-साथ तत्काल राहत भी जरूरी है, क्योंकि उनके सामने अब जीवन यापन का संकट खड़ा हो गया है। पाले की इस मार ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि प्रकृति की मार से अन्नदाता किस कदर टूट जाता है।

January 12, 2026

एटा में लोडर ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, दो बच्चों की मौतः दो की हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर

एटा 12 जनवरी उप्रससे। कोतवाली नगर क्षेत्र में सोमवार देर शाम सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। जबकि दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा जीटी रोड स्थित गौशाला के पास उस समय हुआ। जब एक तेज रफ्तार लोडर वाहन ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस द्वारा वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।

डॉक्टरों ने इलाज के दौरान प्राची (8), अमित (5) को मृत घोषित कर दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल पवन पुत्र प्रेमपाल, ईश पुत्री नागेंद्र को प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। सभी बच्चे कुशवाहा नगर, कोतवाली नगर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

घटना के बाद लोडर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मृत बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

ई-रिक्शा चालक महेंद्र ने बताया कि मोहल्ले के करीब नौ बच्चे घूमने की जिद कर रहे थे, जिसके बाद वह उन्हें लेकर निकला था। गौशाला के पास पीछे से आए लोडर वाहन ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी।

रेवाड़ी मोहल्ले की निवासी शिवानी ने बताया कि बच्चों को लेकर ई-रिक्शा घूमने गया था। लोडर चालक को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वह वाहन समेत फरार हो गया।

कोतवाली नगर प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया। उन्होंने दो बच्चों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि एक बच्चे का उपचार जारी है, जबकि एक को हायर सेंटर भेजा गया है। लोडर वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।

एटा में प्रेमी युगल की हत्या में वांछित 3 अभियुक्त 12 घंटे में गिरफ्तार

एटा 12 जनवरी उप्रससे। जनपद के जैथरा थाना क्षेत्र में रविवार की रात को पीआरवी 112 को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम गढिया सुहागपुर में एक युवक घायल है और एक युवती की हत्या हो गई है। सूचना पर पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा, मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और घायल युवक को उपचार हेतु चिकित्सालय भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर 10/26 धारा 191(2), 191(3), 103(1) के तहत बीएनएस बनाम अभियुक्त अशोक पुत्र रामसनेही सहित कुल 06 अभियुक्तों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया।

एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष जैथरा को निर्देशित किया कि अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। थाना जैथरा पुलिस ने एएसपी श्वेताभ पाण्डेय और योगेन्द्र सिंह के कुशल पर्यवेक्षण तथा सीओ नीतीश गर्ग के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए 12 जनवरी को अभियुक्त अशोक पुत्र रामसनेही, माता बिटोली पत्नी अशोक, शिल्पी पुत्री अशोक निवासी गढिया सुहागपुर थाना जैथरा, जनपद एटा को मुकदमा पंजीकृत होने के 12 घंटे के भीतर ग्राम परौली से गढिया सुहागपुर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया। अभियुक्त अशोक कुमार की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हत्या का आलाकत्ल खुरपा बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध थानास्तर से आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

« Newer PostsOlder Posts »