चलती ट्रेन में रेप किया टीटीई ने मेरे साथ
केबिन में ले गया सीट दिलाने के बहाने – बोली युवती , सेना भर्ती की तैयारी कर रही गोरखपुर में
गोरखपुर, एक युवती ने अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस के टीटीई पर रेप का आरोप लगाया है। उसने कहा- मैं एनसीसी सी-सर्टिफिकेट की परीक्षा देने मऊ गई थी । लौटते समय भीड़ ज्यादा होने के कारण टिकट नहीं ले सकी और एसी कोच में चढ़ गई। मै गोरखपुर में सेना भर्ती की तैयारी कर रही हूं। मैं एसी कोच में ही खड़ी थी, तभी टीटीई आया और सीट दिलाने के बहाने मुझे केबिन में ले गया और वहां मेरे साथ रेप किया । धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो बिना टिकट यात्रा मामले में मेरे खिलाफ कार्रवाई करेगा। घटना रविवार रात की इंदारा स्टेशन और देवरिया स्टेशन के बीच की फर्स्ट एसी केबिन की है।
इसके बाद लड़की ने डायल-112 पर सूचना दी। तब तक आरोपी टीटीई देवरिया में ट्रेन से उतरकर भाग गया। गोरखपुर पहुंचने पर लड़की ने जीआरपी थाने में रेप का केस दर्ज कराया है । जिसे देवरिया ट्रांसफर कर दिया गया है। पीड़ित लड़की जिला मऊ की रहने वाली बताई जा रही है । स्टेशन पर ज्यादा भीड़ होने के कारण वह टिकट नहीं ले पाई और ट्रेन आने पर वह बिना टिकट लिए ही ट्रेन के ए सी फर्स्ट कोच में चढ़ गई।
आरोपी की तलाश में जीआरपी टीम छापेमारी कर रही है।
जीआरपी एसपी रेलवे लक्ष्मीनिवास मिश्र ने बताया-आरोपी टीटीई, जो बिहार का रहने वाला है, उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। रेलवे अधिकारियों को भी इस मामले की जानकारी दे दी गई है।
