Web News

www.upwebnews.com

अवैध पिस्टल का प्रदर्शन बना जानलेवा, दोस्त के हाथों दोस्त की मौत; 7 आरोपी गिरफ्तार*

February 19, 2026

अवैध पिस्टल का प्रदर्शन बना जानलेवा, दोस्त के हाथों दोस्त की मौत; 7 आरोपी गिरफ्तार*

संतोष कुमार सिंह
गोरखपुर


गोरखपुर। थाना चिलुआताल क्षेत्र में दोस्तों के बीच बैठकी के दौरान अवैध असलहे का प्रदर्शन एक युवक की जान ले बैठा। पुलिस ने हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 32 बोर की पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस, तीन मोटरसाइकिल और एक अर्टिगा कार बरामद की गई है।
घटना का खुलासा पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेंद्र, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी एवं क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज अनुराग सिंह मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि थाना चिलुआताल पर दर्ज मु0अ0सं0 98/2026 धारा 191(2), 191(3), 190, 61(2), 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था, जिसमें बरामदगी के आधार पर 3/25/27 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई है।
कैसे हुई घटना
पुलिस के अनुसार मृतक अरुण निषाद अपने छह दोस्तों के साथ मौजूद था। सभी आपस में घनिष्ठ मित्र बताए गए हैं। बातचीत के दौरान विशाल सिंह ने अपने पास मौजूद अवैध 32 बोर पिस्टल निकालकर दोस्तों को दिखानी शुरू की। युवक पिस्टल को घेरे में खड़े होकर देख रहे थे। इसी दौरान अचानक गोली चल गई और वह सीधे अरुण को जा लगी। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल अरुण को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीमों का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त विशाल सिंह पुत्र राजकुमार सिंह निवासी हमीदपुर करीमनगर लल्लन सिंह टोला, थाना चिलुआताल, सोनू यादव उर्फ बल्ले यादव पुत्र बाबूलाल यादव निवासी करीमनगर, थाना चिलुआताल, देवेन्द्र कुमार पुत्र स्व. मोलहू प्रसाद निवासी अमवा हरिजन बस्ती, थाना चिलुआताल , बिट्टू निषाद पुत्र राजू निषाद निवासी तेनुहिया, थाना चिलुआताल , बॉबी निषाद पुत्र रामआशीष निषाद निवासी तेनुहिया, थाना चिलुआताल , रोशन निषाद पुत्र स्व. किशन निषाद निवासी तेनुहिया, थाना चिलुआताल , छोटू उर्फ मानवेन्द्र सिंह पुत्र राजकुमार निवासी मडहा, थाना पीपीगंज है ।
पुलिस के अनुसार सोनू यादव उर्फ बल्ले यादव के खिलाफ पूर्व में मारपीट और धमकी का मुकदमा दर्ज है। देवेन्द्र कुमार पर चोरी और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज रहा है। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक उत्तरी ने कहा कि अवैध हथियार रखना और उसका प्रदर्शन करना गंभीर अपराध है। युवाओं को इस प्रकार की हरकतों से दूर रहना चाहिए। एक क्षण की लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली और कई परिवारों को सदमे में डाल दिया।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है। यह घटना युवाओं के लिए चेतावनी है कि अवैध असलहों का शौक न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकता है।