Web News

www.upwebnews.com

सड़क हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई कार, दो बच्चों की मौत

February 16, 2026

सड़क हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई कार, दो बच्चों की मौत

हाथरस। आगरा से जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने आए एक परिवार की कार आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार आगरा के बल्केश्वर निवासी विशाल गोयल 14 फरवरी को हाथरस में आयोजित एक जन्मदिन समारोह में परिवार सहित आए थे। देर रात लौटते समय चंदपा क्षेत्र के गांव संटीकरा के पास उनकी कार आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में विशाल गोयल के 15 वर्षीय पुत्र आदि तथा 8 वर्षीय भतीजे कृष्णा (पुत्र आकाश) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं विशाल गोयल, उनकी पत्नी चारु और पुत्र अंकित गोयल घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से दो की हालत गंभीर होने पर आगरा रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद परिजन देर रात ही दोनों बच्चों के शव बिना किसी कानूनी कार्रवाई के आगरा ले गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है। क्षेत्राधिकारी सादाबाद अमित पाठक ने बताया  परिवार की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। मामले में आगे की कार्रवाई परिजनों की शिकायत मिलने के बाद की जाएगी।