मथुरा । जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने तहसील गोवर्धन के अंतर्गत नगर पंचायत बरसाना में आयोजित विश्व प्रसिद्ध लडडूमार होली तथा लठामार होली की तैयारियों के सम्बन्ध में निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने गोवर्धन से बरसाना की ओर पड़ने वाले रेलवे फाटक के आस पास का जायजा लिया। उन्होंने फाटक के दोनों ओर यातायात प्रबंधन हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एहसी व्यवस्था सुनिश्चित करें जिससे फाटक के आस-पास जाम की समस्या उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बरसाना स्थित हेलीपैड स्थल का निरीक्षण किया तथा आस-पास अभियान चलाकर साफ-सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हेलीपैड के चारों ओर बैरिकेडिंग सुनिश्चित करें तथा दीवारों पर वॉल पेंटिंग कराए। जिलाधिकारी ने ड्रेन का निरीक्षण किया तथा सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यापक स्तर पर ड्रेन की सफाई करे तथा ड्रेन के आस-पास हुए अतिक्रमण को हटवाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि अवैध होर्डिंग को हटाए। जिलाधिकारी ने नगर पंचायत बरसाना में मेला क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण करते हुए निर्देशित किया कि समस्त ट्रांसफार्मर एवं विद्युत के खंभों पर प्लास्टिक रैपिंग सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि बरसाना क्षेत्र को थीम आधारित वॉल पेंटिंग से आकर्षित बनाए। पर्वों से पूर्व प्रमुख मार्गों, स्थलों, चौक एवं चौराहों को सजाए। उन्होंने कहा कि बरसाना क्षेत्र को झालर, लाइटिंग, फसाड आदि के माध्यम से जगमग करें। जो भी श्रद्धालु, पर्यटक एवं दर्शनार्थी बरसाना आए, वह एक नई पहचान लेकर जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं को अच्छा अनुभव प्रदान कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने रंगीली चौक, कटारा चौक, लाडो गेट, सुदामा चौक, श्री राधा रानी जी मंदिर को जोड़ने वाले समस्त मार्गों व गलियों तथा प्रवेश व निकास द्वारों, श्री राधा रानी जी मंदिर आदि का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने सीढ़ियों के आस पास पेंटिंग करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी गोवर्धन को निर्देश दिए कि उक्त मेला को प्लास्टिक मुक्त मेला बनाए। प्लास्टिक का प्रयोग न करने हेतु दुकानदारों को प्रोत्साहित करे तथा अनुपालन न करने वालों पर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सड़कों की मरम्मत करे, डिवाइडर को पेंट करे, विभिन्न स्थानों पर बनाए जाने वाली पार्किंगों का कार्य ससमय करे, बैरियर एवं बैरिकेडिंग के कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को नालियों की सफाई तथा समस्त खुली नालियों को ढकने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी दुकानदारों को प्रोत्साहित करे कि गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का प्रयोग करे। मिलावटी खाद्य सामग्री/ पदार्थों को नष्ट कराए तथा नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था के सम्बंध में एस0पी0 ग्रामीण को निर्देश दिए कि सीसीटीवी कैमरे एवं कंट्रोल रूम के माध्यम से सम्पूर्ण मेला क्षेत्र की निगरानी सुनिश्चित करें। जहां आवश्यकता है, वहां नए सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराए। थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर बनाए रखे, अफवाह फैलाने वालों पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करें तथा ड्रोन के माध्यम से मेला क्षेत्र की नियमित समीक्षा करते रहे।
उन्होंने निर्देश दिए कि सुरक्षा के दृष्टिगत जो भी महत्वपूर्ण कदम उठाने है, उन्हें पहले से इंगित करते हुए कार्य सुनिश्चित करे। बैरियर, कंट्रोल रूम एवं वॉचटावर पर एक्टिव अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाए, जो स्थिति के अनुसार तेजी से अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नकली गुलाल का प्रयोग एवं बेचने वालों पर कठोर कार्यवाही करे।
जिलाधिकारी ने अभियान चलाकर सम्पूर्ण बरसाना मेला क्षेत्र में उत्कृष्ट साफ सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं हेतु पुलिस प्रशासन कटिबद्ध है। श्रद्धालुओं को सरल, सुगम, सुदृढ़ दर्शन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
निरीक्षण में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ0 पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, एस0पी0 ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, उप जिलाधिकारी गोवर्धन प्राजक्ता त्रिपाठी, मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण के सचिव आशीष कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई नवीन कुमार, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन धीरेंद्र प्रताप सिंह, लोक निर्माण विभाग के ए0ई0 राहुल कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

