Posted on 14.02.2026 Time 07.45 PM Saturday, Mathura Vrandavan Atul Kumar Jindal
मथुरा, 14 फरवरी।वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर के एक गोस्वामी ने श्रद्धालु को सिर में डंडा मारकर लहूलुहान कर दिया। गोस्वामी से बचाने के लिए श्रद्धालु की पत्नी राहगीरों से मदद मांगती रही।
शनिवार को हुई यह घटना राधा बल्लभ मंदिर के पास की बताई जा रही है। दरअसल, घायल व्यक्ति मंदिर जाते समय सड़क पर एक व्यक्ति से झगड़ रहे गोस्वामी से बीच-बचाव कर दिया था, जिससे वह नाराज हो गया।
घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने आरोपी गोस्वामी को हिरासत में लेकर बांके बिहारी पुलिस चौकी भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को बांके बिहारी मंदिर के शयन भोग पुजारी मनोज गोस्वामी किसी काम से जुगल घाट की तरफ जा रहे थे। दूसरी तरफ गाजीपुर से आए श्रद्धालु कुशेंद्र यादव अपनी पत्नी के साथ बांके बिहारी के दर्शन कर राधावल्लभ मंदिर जा रहे थे।इस दौरान गोस्वामी का राधा बल्लभ मंदिर की सीढ़ियों वाले रास्ते के पास एक युवक से झगड़ा हो गया। उधर से गुजर रहे कुशेंद्र ने बीच-बचाव किया तो उग्र गोस्वामी ने अपने डंडे से उसी पर हमला कर दिया।

