Web News

www.upwebnews.com

बाल्टिक देशों में सनातन संस्कृति का हो रहा विस्तार

February 8, 2026

बाल्टिक देशों में सनातन संस्कृति का हो रहा विस्तार

डॉ. चिन्मय पंड्या के संचालन में विलनियस के बैलेंस सेंटर में गायत्री यज्ञ का आयोजन

Haridwar Samachar

हरिद्वार समाचार सेवा

हरिद्वार 8 फरवरी। अपने विदेश प्रवास के दौरान अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रतिनिधि डॉ. चिन्मय पंड्या लिथुआनिया की राजधानी विलनियस पहुँचे। इस अवसर पर उन्होंने राजधानी स्थित प्रसिद्ध बैलेंस सेंटर में वैदिक विधि-विधान के साथ गायत्री यज्ञ सम्पन्न कराया। यज्ञ में स्थानीय लिथुआनियाई नागरिकों, भारतीय समुदाय तथा गायत्री परिवार से जुड़े अनेक लोगों की भावपूर्ण सहभागिता रही, जिससे वातावरण शांति, सकारात्मक ऊर्जा और पवित्र चेतना से ओतप्रोत हो गया।
गायत्री यज्ञ के दौरान वैदिक मंत्रों के उच्चारण एवं पवित्र अग्नि में आहुतियों के माध्यम से सर्वे भवन्तु सुखिन: तथा प्रकृति के साथ सामंजस्य तथा मानवीय चेतना के उत्थान की कामना की गई। उपस्थित जनसमूह ने इस आध्यात्मिक अनुष्ठान को केवल एक धार्मिक कर्मकांड के रूप में नहीं, बल्कि आंतरिक संतुलन और सामूहिक चेतना को जाग्रत करने वाली प्रक्रिया के रूप में अनुभव किया।
इस अवसर पर लिथुआनियाई नागरिकों एवं युवाओं को संबोधित करते हुए देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति युवा आइकॉन डॉ. चिन्मय पंड्या ने कहा कि प्राचीन भारतीय वैदिक साधनाएँ आज भी आधुनिक वैश्विक समाज में संतुलन, शांति, नैतिक मूल्यों और एकता की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन पूर्व और पश्चिम के बीच सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक सेतु को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम सिद्ध हो रहे हैं।
यह आयोजन बाल्टिक क्षेत्र में वैदिक परंपराओं के प्रति बढ़ती जागरूकता और रुचि का सजीव प्रमाण बना। विशेष रूप से लिथुआनियाई प्रतिभागियों ने यज्ञ के प्रतीकात्मक अर्थ, पंचतत्त्वों के साथ मानव के संबंध तथा प्रकृति-सम्मान की भारतीय दृष्टि के प्रति गहरी जिज्ञासा और सराहना व्यक्त की। यह कार्यक्रम अखिल विश्व गायत्री परिवार के मुख्यालय शांतिकुंज, हरिद्वार तथा देव संस्कृति विश्वविद्यालय के वैश्विक दृष्टिकोण को भी रेखांकित करता है, जिसके अंतर्गत एशिया का प्रथम एवं विश्व का सबसे बड़ा बाल्टिक सेंटर हरिद्वार स्थित देवसंस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा संचालित किया जा रहा है। यह केंद्र भारत और बाल्टिक देशों के मध्य अकादमिक सहयोग, सांस्कृतिक संवाद और आध्यात्मिक आदान-प्रदान का एक सशक्त मंच बनकर उभर रहा है। इस अवसर पर लिथुआनियाई नागरिकों ने सनातन संस्कृति के प्रति अपनी रुझान को व्यक्त करते हुए भविष्य में ऐसे आयोजनों की निरंतरता की अपेक्षा भी प्रकट की।

निगम-व्यापारियों में नहीं बनीं अंतिम सहमति

दुकानों का किराया विवाद

अपर नगर आयुक्त से हुई किराया वृद्धि पर वार्ता

Posted on 08.02.2026 Sunday, Time: 07.28 PM

Moradabad Samachar

मुरादाबाद समाचार

मुरादाबाद, 8 फरवरी(उप्र समाचार सेवा)।
नगर निगम की दुकानों का किराया बढ़ाए जाने का विरोध दूसरे दिन भी कायम रहा। शहर में बाजार बंद के चलते मेयर विनोद अग्रवाल और अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह की मौजूदगी में व्यापारियों में वार्ता शुरू हुईं। काफी देर चलीं वार्ता में अंतिम सहमति नहीं बन सकीं हालांकि विवाद को देखते हुए हर मार्केट से एक दो व्यापारियों संग सोमवार को निगम से वार्ता होगी।
शहर में नगर निगम की 488 दुकानें हैं। निगम प्रशासन ने सरकार के निर्देश के बाद दुकानों का किराया बढ़ाने का प्रस्ताव रखा। अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने बताया कि 2015-16 में दुकानों के किराए में 12.5 प्रतिशत की वृद्धि के प्रस्ताव पर व्यापारी राजी नहीं हुए। लंबे समय से किराए में अब बढ़ोतरी की गई। पर व्यापारियों ने विरोध कर बाजार बंद कर दिया। किराया वृद्धि विवाद के निपटारे के लिए
रविवार को निगम प्रशासन व व्यापारियों के बीच वार्ता का हुईं। मेयर के हस्तक्षेप के बाद पीली कोठी पर मेयर कैंप हुईं वार्ता में तमाम व्यापारी और निगम अधिकारी रहे।
व्यापारी नितिन राज का कहना है कि दुकानों के किराए में अप्रत्याक्षित वृद्धि की गई। कई मार्केट में किराया कम है। दुकानों का किराया सर्किल रेट के हिसाब से लिया जा रहा है। 15 साल तक किराए के बाद नए सिरे से किराया निर्धारित होगा। हालांकि निगम ने किराया निर्धारण का आश्वासन दिया है।
मेयर विनोद अग्रवाल का कहना है कि 25 साल बाद किराए में वृद्धि की गई है। दुकानदारों को किराए में छूट का प्रस्ताव रखा गया है। तीस प्रतिशत की छूट दी गई है।

47 वर्षीय कलम सिंह बिष्ट ने जीती  120 किलोमीटर लम्बी ओमान  रेस !

Kalam Singh Bist, Chamoli, Ex Army Person

लंबी दूरी की दौड़ का विश्व विजेता कलम सिंह बिष्ट पूर्व सैनिक

  • गढ़वाल राइफल के पूर्व सैनिक ने विश्व मंच पर भारत और  उत्तराखंड का परचम  लहराया 
  • गढ़वाल राइफल के पूर्व सैनिक नायक कलम सिंह बिष्ट ने ओमान में आयोजित 120 किलोमीटर लम्बी अल्ट्रा ट्रेल रेस जीतकर कीर्तिमान बनाया है।
  • लम्बी दौड़ की श्रेणी में अभी तक मैराथन 42 किलोमीटर को सबसे लम्बी दौड़ माना जाता रहा है और यह सामान्य रोड़ पर आयोजित की जाती है। 

Posted on 08.02.2026 Sunday, Time: 09.13 AM, Report Bhupat Singh Bist, Dehradun 

देहरादून, 08 फरवरी। ओमान में आयोजित 120 किलोमीटर लम्बी अल्ट्रा ट्रेल रेस जीतकर उत्तराखंड के कलम सिंह बिष्ट ने रिकॉर्ड बनाया है। बिष्ट पूर्व सैनिक हैं, वे गढ़वाल राइफल्स से सेवानिवृत हुए हैं।

अल्ट्रा ट्रेल रेस का मार्ग पथरीला और रेगिस्तान की दुर्गमता लिए है जाना जाता है। ये दूरी नापने में नायक कलम सिंह बिष्ट ने 18 घंटे और 18 मिनट का समय दर्ज किया। इस दुर्गम रोमांचक दौड़ में 68 देश के हजारों धावक शामिल थे। चमोली गढ़वाल के मुन्दोली ग्राम निवासी कलम सिंह बचपन में 12 किलोमीटर रोजाना स्कूल की दूरी नापा करते थे।

जीवन में अभाव ने संघर्ष की प्रेरणा दी। पिता ने जोश भरा – जीतने से पहले छोड़ना नहीं है। 

नई युवा पीढ़ी को ड्रग और मोबाइल की लत से छुड़ाने के लिए पूर्व फौजी नायक कलम सिंह बिष्ट अब प्रशिक्षक की भूमिका में सुदूर गांवो में शिविर आयोजित कर रहें हैं अल्ट्रा ट्रेल रेस विजेता उत्तराखंड के युवाओं को अंतर -राष्ट्रीय खेलों में सफल देखना चाहते हैं।

प्रस्तुति – भूपत सिंह बिष्ट

दुकानों का किराए बढ़ाने के विरोध में कटरानाज में बाजार बंद

दुकान सील करने की चेतावनी से भड़के दुकानदार

मुरादाबाद, 7 फरवरी (उप्र समाचार सेवा)।
शनिवार को नगर निगम के किराया बढ़ाए जाने का विरोध शुरू हो गया है। टाउन हॉल समेत अन्य दुकानदारों ने निगम के फैसले पर आपत्ति जताते हुए बाजार बंद दिया। दोपहर बाद से विरोध गर्माया तो तमाम व्यापारी एकजुट हो गए और कई घंटे दुकानें नहीं खोली। मामले में कड़ा विरोध जताने के देर रात व्यापारियों ने बैठक भी बुलाई है।
नगर निगम की दुकानों का किराया बढ़ाए जाने पर तमाम व्यापारी नाराज है। व्यापारियों का कहना है कि दुकानों के किराया कई गुना ज्यादा बढ़ा दिया गया। एक हफ्ते पहले निगम ने दुकानदारों से नया किराया जमा करने को कहा। पर शनिवार को मामले ने तूल पकड़ा। निगम की दुकान सील करने की चेतावनी से व्यापारी खफा हो गए और दुकानों को बंद करने का निर्णय ले लिया। दोपहर दो बजे से कटरानाज, पटेल मार्केट, टाउन हॉल, अंबेडकर पार्क समेत अन्य दुकानों पर विरोध शुरू हो गया। व्यापारियों ने दुकानों के शटर गिरा दिए और विरोध स्वरूप प्रदर्शन किया। शाम तक दुकानें बंद रहीं। अब व्यापारी इस मुद्दे पर लंबी लड़ाई लड़ने की तैयारी में है। देर रात व्यापारियों की बैठक भी बुलाई गई जिसमें अगली रणनीति पर विचार विमर्श किया जाएगा।

February 7, 2026

हाथरसः डीआरबी इंटर कॉलेज में हिंदू सम्मेलन, एकजुटता का आह्वान

HINDU SAMMELAN

 

हिंदू सम्मेलन में मौजूद मंचासीन अतिथि

Posted on : 07.02.2026 Saturday, Time: 09.05 PM,

हाथरस।श्री दाऊजी महाराज हिंदू सम्मेलन समिति के तत्वावधान में डीआरबी इंटर कॉलेज परिसर में हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। पूरे प्रांगण को भगवा झंडियों से सजाया गया, वहीं विद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सम्मेलन का शुभारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
मुख्य अतिथि वृंदावन से आए संत सत्यमित्र महाराज ने संबोधन में कहा कि जब तक देश में संत, संघ और सेना है, तब तक राष्ट्र और हिंदू संस्कृति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा सकता। उन्होंने हिंदू समाज से एकजुट होने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि कन्या गुरुकुल की अधिष्ठात्री डॉ. पवित्रा अलंकार ने मातृशक्ति से सनातन संस्कृति और संस्कारों को परिवार में स्थापित करने की अपील की। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने कहा कि हिंदू समाज अब जागरूक हो चुका है और अपने अधिकारों को पहचान रहा है। वृंदावन की डॉ. रेणुका ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विचारों और पंच परिवर्तन को जीवन में अपनाने की बात कही।
मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ब्रज प्रांत के प्रांत कार्यकारिणी सदस्य श्याम ने संघ की 100 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एकजुट हिंदू समाज ही देश की सबसे बड़ी शक्ति है।
कार्यक्रम में अतिथियों का पटका पहनाकर और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। एक नन्हे कलाकार द्वारा शिव तांडव की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सरस्वती वीणा हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. रजत महेश गुप्ता ने की तथा संचालन अभिषेक रंजन आर्य ने किया। सम्मेलन में सांसद अनूप प्रधान, जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग उपस्थित रहे।

« Newer PostsOlder Posts »