Web News

www.upwebnews.com

मुमुक्षु महोत्सव के दूसरे दिन भी दिखा श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास का संगम

February 25, 2026

मुमुक्षु महोत्सव के दूसरे दिन भी दिखा श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास का संगम

( संजीव गुप्त द्वारा )
*गुरुपूजन*
मुमुक्षु आश्रम में चल रहे मुमुक्षु महोत्सव के द्वितीय दिवस का शुभारंभ गुरु पूजन कार्यक्रम से हुआ। अमरकंटक से पधारे महामंडलेश्वर स्वामी हरिहरानंद जी महाराज के द्वारा स्वामी शुकदेवानंद की प्रतिमा के समक्ष गुरुपूजन किया गया। पूजन कराने वालों में आदेश पांडेय, ललित शुक्ला आदि रहे। इस अवसर पर अनंत श्री स्वामी अभेदानंद सरस्वती जी महाराज, अनंत श्री स्वामी सर्वेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज एवं स्वामी गंगेश्वरानंद जी महाराज उपस्थित रहे। पूजन के उपरांत रुद्राष्टाध्यायी के पाठ के साथ रुद्र महायज्ञ प्रारंभ हुआ।

*श्रीरामकथा*

*’देखि सुदामा की दीन दसा, करुना करिके करुनानिधि रोये..”*
*श्रीकृष्ण व सुदामा के मिलन का प्रसंग सुन भक्त हुए भावुक*

*शिव पार्वती विवाह प्रसंग ने श्रोताओं का ध्यान खींचा*
दूसरे दिन श्री राम कथा का शुभारंभ हनुमान स्तुति एवं “श्री राम जय राम जय जय राम..” भजन के साथ हुआ। कथा व्यास श्री विजय कौशल जी महाराज ने कहा कि यदि जीवन में श्रद्धा है तो संत स्वयं चले आते हैं, उन्हें बुलाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। शिव पार्वती प्रसंग को आगे बढ़ाते हुए कथाव्यास ने कहा कि नारद ने पार्वती की हस्तरेखाओं को देखकर कहा कि यदि वे गहन तप करें तो शिव उन्हें पति के रूप में प्राप्त होंगे। इस पर पार्वती की मां मैना चिंतित हो उठीं कि उनकी बेटी इतनी कम उम्र में तप कैसे करेगी। इस पर देवर्षि नारद ने कहा कि वरण एवं मरण व्यक्ति को स्वयं ही तय करने पड़ते हैं। उन्होंने मैना को समझाया कि पार्वती साक्षात जगदंबा है एवं शिव ही उनके पति होंगे। इसके बाद कथाव्यास ने शिव पार्वती विवाह का प्रसंग बड़े ही मनमोहक अंदाज में सुनाया। उन्होंने कहा कि पार्वती की कठोर तपस्या के उपरांत भगवान शिव ने उनका प्रेम स्वीकार किया।भगवान शिव की बारात में उनके अघोरी रूप, भस्म लेपन, गले में सांप और भूत-प्रेतों की टोली देखकर पार्वती की मां मैना और अन्य लोग डर से मूर्छित हो गए थे। बाद में माता पार्वती के अनुरोध पर शिवजी ने सुंदर रूप धारण किया। अंततः उनका विवाह विधि विधान से संपन्न हुआ।
इसके आगे कथाव्यास ने भगवान श्रीकृष्ण एवं सुदामा के मिलन का मार्मिक प्रसंग बड़े ही प्रभावशाली लहजे में श्रोताओं के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि जैसे ही श्रीकृष्ण को सुदामा के आगमन की सूचना मिली, वे तुरंत सिंहासन छोड़कर दौड़े चले आए। सुदामा की दीन हीन दशा देखकर कृष्ण की आंखों से आंसू गिरने लगे और उन आंसुओं से ही सुदामा के चरण धुल गए। सुदामा के पैरों में चुभे कांटों को कृष्ण ने अपने दांतों से खींचकर निकाला।
“हाय महादुख पायो सखा, तुम आए इतै न कितै दिन खोए।
देखि सुदामा की दीन दसा, करुना करिके करुनानिधि रोए।
पानी परात को हाथ छुयो नहि, नैनन के जल सों पग धोए।”
यह भजन सुनकर श्रोताओं की आंखों में आंसू उतर आए।

*पूजन, आरती एवं प्रसाद वितरण*
श्री संजीव बंसल एवं श्रीमती कल्पना बंसल दूसरे दिन कथा के मुख्य यजमान रहे। इसके अतिरिक्त कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर आर के आजाद एवं श्रीमती रश्मि आजाद ने भी पूजन एवं आरती की। “हे राजा राम तेरी आरती उतारूँ..” की धुन से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। प्रसाद वितरण कॉलेज के क्रीड़ा सचिव प्रोफेसर अजीत सिंह चारग की ओर से हुआ।

*ये रहे उपस्थित*
कथा के दौरान मंच पर मुमुक्षु शिक्षा संकुल के मुख्य अधिष्ठाता स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती, स्वामी हरिहरानंद, स्वामी सर्वेश्वरानंद एवं स्वामी गंगेश्वरानंद उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त शाहजहांपुर के नगर आयुक्त डॉ विपिन कुमार मिश्रा, एडवोकेट बृजेश पांडेय, डॉ के. के. शुक्ला, डॉ सत्य प्रकाश मिश्रा, श्री रामचंद्र सिंघल, श्री श्याम कटियार, श्री अशोक अग्रवाल मोती, प्रबंध समिति के सचिव प्रो अवनीश मिश्रा, प्रो प्रभात शुक्ला, प्रो मधुकर श्याम शुक्ला, प्रो आदित्य सिंह, डॉ आलोक सिंह, डॉ रामनिवास गुप्ता सहित श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद रही।

एटा में दूसरे के स्थान पर हाईस्कूल गणित परीक्षा दे रहा ‘मुन्नाभाई’ पकड़ा, एफआईआर दर्ज

एटा 25 फरवरी उप्रससे। जनपद में कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के कासगंज रोड पीएसी के सामने स्थित श्री रामस्वरूप सिंह परीक्षा केंद्रहाईस्कूल गणित की परीक्षा के दौरान एक ‘मुन्नाभाई’ दूसरे परीक्षार्थी के स्थान पर पेपर हल करते हुए पकड़ा गया।

बुधवार को सुबह की पाली में गणित की परीक्षा चल रही थी। इसी दौरान एसडीएम और तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय ने परीक्षा केंद्र का सघन निरीक्षण किया। पूछताछ के दौरान एक परीक्षार्थी संदिग्ध प्रतीत हुआ। कड़ाई से पूछने पर वह हड़बड़ा गया और जांच में फर्जी पाया गया।
पकड़ा गया युवक हेमंत, वास्तविक परीक्षार्थी अय्यूब की जगह परीक्षा दे रहा था। अधिकारियों ने उसे तत्काल हिरासत में लेकर नकल विरोधी अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी। मामले में संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। इसी परीक्षा केंद्र से जुड़ा एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कथित ऑडियो में एक कर्मचारी द्वारा परीक्षार्थी से नकल कराने के लिए सुविधा शुल्क मांगने की बात कहता है।

वर्जन
एसडीएम विपिन कुमार मोरल ने बताया कि ऑडियो का संज्ञान लिया गया है। उसकी जांच की जा रही है। उन्होंने पुष्टि की कि निरीक्षण के दौरान एक ‘मुन्नाभाई’ को पकड़ा गया, जो किसी अन्य छात्र की जगह परीक्षा दे रहा था। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दुष्कर्म में बुलंदशहर के दोषी को बीस साल की सजा पाँक्सो कोर्ट-1 ने दोषी पर लगाया 96 हजार जुर्माना

Post on 25.2.26
Wednesday time 6.45
Moradabad, Rajesh Bhatia

मुरादाबाद, 25 फरवरी(उप्र समाचार सेवा)।
बुलंदशहर के युवक को नाबालिग को अगवा व दुष्कर्म में बीस साल की सजा मिली है।
बुधवार को विशेष न्यायाधीश- पाँक्सो कोर्ट-1 अविनाश चंद्र मिश्र ने बताया फैसला सुनाया।दस साल पूर्व घटना में साक्ष्यों के आधार पर दोषी करार देते हुए युवक पर 96 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है।
मूंढापांडे थाने में एक छात्रा के अपहरण-दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज को तहरीर दी गई थी। वादी की ओर से रिपोर्ट में कहा गया कि कक्षा 10 छात्रा है। 15 मई, 2016 को रिजल्ट जारी हुआ। एक फोन आने के बाद वह मुरादाबाद चलीं गईं। पर पीड़िता का बुलंदशहर के डिबाई निवासी राजेंद्र सिंह अगवा कर ले गया। इस दौरान उसने दुष्कर्म किया। दो दिन बाद पीड़िता जैसे तैसे वापस घर पहुंची और परिजनों को बात बताई। पहले मूंढापांडे में तहरीर दी गई। पर घटनास्थल कटघर होने से पाँक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज हुआ।
मामले की सुनवाई विशेष न्यायाधीश (पाँक्सो) कोर्ट में हुईं। विशेष लोक अभियोजक अभिषेक भटनागर व मनोज कुमार वर्मा के अनुसार अदालत में गवाह और पीड़िता के बयान हुए। अदालत ने दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद राजेन्द्र सिंह को दोषी ठहराया। अदालत ने बीस साल की सजा और अलग -अलग धाराओं में सजा व जुर्माना लगाया। दोषी पर 96 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। इसमें आधी रकम प्रतिकर के रूप में पीड़िता को देने के आदेश भी दिए।

शंकराचार्य के समर्थन में कांग्रेसी, कलेक्ट्रेट पर शंख बजाकर कांग्रेसियों का शंखनाद

Post on 25.2.26
Wednesday, time 5.45 PM
Moradabad, Rajesh Bhatia

मुरादाबाद,25 फरवरी(उप्र समाचार सेवा)।
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के समर्थन में बुधवार को कांग्रेसी सड़क पर उतरे। कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते हुए शंख बजाकर शंखनाद किया और उनके व शिष्य के खिलाफ झूठे मुकदमे की स्वतंत्रत व उच्च स्तरीय एजेंसी से निष्पक्ष जांच की मांग की। बाद में डीएम कार्यालय को ज्ञापन सौंपा।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती व शिष्य के खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर कांग्रेसियों ने विरोध दर्ज कराया। प्रदेश नेतृत्व के आहृवान पर बुधवार को जिले भर से कांग्रेसी एकत्रित हुए। कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद गुंबर ने शंख बजाकर विरोध की शुरुआत की। शहर अध्यक्ष हाजी जुनैद इकराम की अगुवाई में तमाम कांग्रेसी नारेबाजी करते हुए डीएम कार्यालय के सामने पहुंचे और शंकराचार्य के खिलाफ दर्ज मुकदमे पर कड़ी आपत्ति जताई। कांग्रेस अध्यक्षों ने कहा कि षडयंत्र के तहत शंकराचार्य और शिष्य के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मुकदमा कायम किया गया। नेताओं ने कहा कि सनातन परंपरा में सर्वोच्च आध्यात्मिक पद की गरिमा को ठेस पहुंचाना हिन्दुओं की आस्था पर आघात है।
विरोध जताते हुए कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया और मामले की किसी केंद्रीय एजेंसी से निष्पक्ष जांच की मांग की।
इस मौके पर पूर्व विधायक फूल कुंवर सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद, पूर्व बार अध्यक्ष अमीरुल हसन जाफरी, अजय सारस्वत सोनी,एडवोकेट मो अब्बास,अरशद परवेज, निगम पार्षद मोअज्जम, कमर सलीम व नजीमुद्दीन कातिब, नजाकत ठेकेदार, सुहाना फातिमा, फहीम मिर्जा, मुशाहिद चौधरी, अल्ताफ, महबूब हसन, हाजी अनवर मुमताज,अनिल शर्मा, अशोक कपूर आदि रहे।

एआई सम्मेलन – भारत की अभूतपूर्व सफलता और व्यथित कांग्रेस

India AI Impact Summit 2026, New Delhi
मृत्युंजय दीक्षित
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई शिखर सम्मेलन में आए विश्व के बड़े बड़े नेता इस पहल से अचंभित थे और भारत की प्रगति की प्रशंसा करते नहीं थक रहे थे। बड़ी बड़ी एआई कंपनियां व निवेशक भारत के साथ समझौते कर रही थीं। जन सामान्य गर्वित हो रहा था क्योंकि यहाँ भारत की युवा प्रतिभाओं की सराहना हो रही थी। सदा से ही राष्ट्र विमुख रही कांग्रेस पार्टी से ये देखा नहीं गया और उनके कुछ चुनिंदा कार्यकर्ता वहां अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करने पहुँच गए। वास्तव में अब कांग्रेस पार्टी अब प्रधानमंत्री मोदी व भाजपा का विरोध करते -करते पूरी तरह भारत विरोधी हो गई है।
कांग्रेस का यह विरोध ऐसा ही था जैसे जब प्राचीन काल में जब ऋषि गण अपने आश्रमो मे किसी अच्छे कार्य के लिए यज्ञादि करते थे तो कुछ राक्षस उस यज्ञ को अपवित्र करने के लिए यज्ञकुंड में हड्डियां डालकर उसे अपवित्र करने का प्रयास करते थे। कांग्रेस ने जो कृत्य विदेशी मेहमानों के समक्ष किया है उससे स्पष्ट है कि कांग्रेस घोर अराजकतावादी बन चुकी है जिसकी अब सारी उम्मीदें समाप्त होती जा रही हैं।
एआई समिट कांग्रेस द्वारा की गई इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना से भारत का जेन- जी भी नाराज़ है जिसको भड़काकर कांग्रेस सड़क पर लाना चाहत है। भाजपा कांग्रेस द्वारा दिए गए इस अवसर को गंवाना नहीं चाहती । पार्टी की तरफ से संपूर्ण भारत में कांग्रेस कर्यालयों के बाहर धरना -प्रदर्शन आयोजित हो रहे हैं। मेरठ में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी भी कांग्रेस पर हमलावर हुए ओैर कहा कि कांग्रेस ने एआई समिट को अपनी नग्न राजनीति का अखाड़ा बना दिया है। उन्होंने कांग्रेस से पूछा कि देश तो जानता ही है कि आप पहले से ही नंगे हो फिर कपड़े उतारने की जरूरत क्यों पड़ी? यह दिखाता है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस अब वैचारिक रूप से कितनी दिवालिया और दरिद्र हो गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि जब मैं कांग्रेस की आलोचना करता हूं तो ऐसी सुर्खियां न चलाएं कि मोदी ने विपक्ष पर हमला बोला। कांग्रेस को बचाने की ये चालाकियां बंद करें।
इस पूरे घटनाक्रम में कांग्रेस को सपा बसपा सहित कई अन्य छोटे क्षेत्रीय दलो का समर्थन नहीं मिला है जिनको कांग्रेस इंडी ब्लॉक की पार्टियाँ कहती है। कांग्रेस के इस कृत्य का लालू यादव की पार्टी राजद ने भी कड़ा विरोध किया है। जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी विरोध किया है। कांग्रेस ने इस तरह का प्रदर्शन करके सहयोगी दलों के बीच भी अपनी फजीहत करवा ली है। आगामी समय में यह दल कांग्रेस से दूरी बनाने पर विचार भी कर सकते हैं यही कारण हे कि इन सभी दलों की प्रधानमंत्री मोदी ने सराहना की है।
कांग्रेस के नेता और प्रवक्ता जिस प्रकार टी वी चैनलों व सोशल मीडिया पर इस हरकत को सही ठहरा रहे हैं उससे स्पष्ट है कि यह कांग्रेस पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की ही योजना थी। उनका कहना है कि लोकतंत्र मे अपनी बात कहने और सरकार का विरोध करने का अधिकार सबको है, उन्होंने अपने संवैधानिक अधिकारों का प्रयोग किया है। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की इस हरकत से पुराने परंपरागत कांग्रेसी से भी खुश नहीं हैं और अपनी नाराजगी व्यक्त कर रहे है। पुराने कांग्रेस नेताओं को इस घटना से कोई हैरानी नहीं है अपितु उनका कहना है कि यह बदली हुई कांग्रेस की बदलती हुई संस्कृति की निशानी है। कांग्रेस नेता शशि थरूर भी एआई समिट को अत्यंत सफल आयोजन बता रहे हैं और कांग्रेस के अर्धनग्न प्रदर्शन की निंदा कर रहे हैं। दरअसल प्रधानमंत्री मोदी की छवि को नुकसान पहुंचाने के चक्कर में कांग्रेस ने भारत की छवि व भारतीय संस्कृति को नुकसान पहुंचाया और इस तरह होली के स्वागत में अपने मुंह पर ही कालिख मल ली।
कांग्रेस के नेताओं की दिली इच्छा रही है कि किसी न किसी प्रकार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भारत की छवि को पूरी दुनिया में खराब किया जाए और भारत में बांग्लादेश व नेपाल जैसी अराजकता का वातावरण पैदा कर अपना स्वार्थ सिद्ध किया जाए किंतु उसका यह सपना पूरा नहीं हो पा रहा है और यही कारण है कि कांग्रेस हताश होकर नंगी राजनीति पर उतर आई है।

Mratunjay Dixit, Journalist lucknow

मृत्युंजय दीक्षित
फोन नं. – 9198571540

« Newer PostsOlder Posts »