Web News

www.upwebnews.com

काशी में पंकज चौधरी का भव्य स्वागत

January 9, 2026

काशी में पंकज चौधरी का भव्य स्वागत

लखनऊ 08 जनवरी 2026। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने गुरूवार को वाराणसी में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। प्रदेश अध्यक्ष के रूप में प्रथम आगमन पर स्वागत से अभिभूत पंकज चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ताओं की गर्मजोशी 2027 में भाजपा की बड़ी विजय का शंखनाद है। वाराणसी रोहनिया के गोकुल धाम रिसोर्ट में आयोजित काशी क्षेत्र के 16 जिलों के पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बावजूद जिस प्रकार कार्यकर्ताओं ने पूरे यात्रा मार्ग में जगह-जगह स्वागत और अभिनंदन किया, उसने उन्हें भावुक कर दिया है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ताओं के प्रेम, स्नेह और सम्मान के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित संगठन है। भाजपा ही देश का एक मात्र राजनैतिक दल है, जिसमें बूथ स्तर पर काम करने वाला कोई भी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष सहित किसी भी पद तक पहुंच सकता है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता किसी भी दायित्व का निर्वहन करने में सक्षम है। पं. दीनदयाल उपाध्याय का अंत्योदय मंत्र और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण का संकल्प भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता की प्रेरणा है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के अनुशासित कार्यकर्ताओं के परिश्रम से प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में 2017 से अधिक सीटें जीत कर भाजपा नया इतिहास रचेगी। सतत संपर्क व संवाद भाजपा की परम्परा है और इस परम्परा के साथ हमें हर बूथ, हर घर और हर व्यक्ति तक भाजपा की विचारधारा तथा मोदी सरकार व योगी सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही भाजपा की शक्ति हैं और संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करना हम सबका दायित्व है। प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि योगी सरकार ने बीमारू कहे जाने वाले उत्तर प्रदेश को एक नई पहचान दी है।
श्री चौधरी ने अपने राजनीतिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी ने 1989 में उन्हें सभासद, 1990 में डिप्टी मेयर बनाया, नौ बार लोकसभा का प्रत्याशी बनाया और केंद्र सरकार में दो बार वित्त राज्यमंत्री के रूप में कार्य करने का अवसर दिया। आज प्रदेश अध्यक्ष के रूप में जो बड़ी जिम्मेदारी मिली है।
कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए श्री पंकज चौधरी ने कहा कि संगठन के कार्यों को पूरा करने वाला कार्यकर्ता ही आगे बढ़ता है। पार्टी जो भी दायित्व सौंपे, उसे निष्ठा और ईमानदारी से निभाना ही सच्ची संगठन निष्ठा है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान में जुटने का आह्वान किया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन अशोक चौरसिया ने किया।

January 8, 2026

सोनभद्र से सपा विधायक का पीजीआई में निधन

लखनऊ, 08 जनवरी 2026, सोनभद्र के दुद्धी से समाजवादी पार्टी के विधायक विजय सिंह गोंड का आज यहीं एसजीपीजीआई में निधन हो गया। उनके निधन पर विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शोक व्यक्त किया है।

विधायक श्री गोंड काफी समय से गुर्दे की बीमारी से पीड़ित थे। एसजीपीजीआई में उनका इलाज चल रहा था।

एटा में लोधी समाज की महिलाओं पर बर्बरता, एक बेहोश दूसरी की हड्डियां तोड़ी, किसानों पर जुल्म की इंतेहा

एटा 08 जनवरी 2026 (उप्रससे) । जनपद में तहसील जलेसर अंतर्गत गांव नगला गोधी मजरा मढ़ई प्रहलाद नगर में गुरुवार को तहसीलदार संदीप सिंह द्वारा कराई गई पैमाइश ने  क्रूरता की नई मिसाल कायम कर दी है। कृषि प्रधान देश में अन्नदाता लोधी समाज के किसानों और उनकी महिलाओं पर पुलिस ने तहसीलदार की मौजूदगी में ऐसी बर्बर लाठीचार्ज और मारपीट की कि एक महिला बेहोश होकर जिंदगी और मौत से जूझ रही है, दूसरी महिला की हड्डी टूटने से वह स्थायी दिव्यांग बन गई है, जबकि एक दर्जन से अधिक महिला-पुरुष गंभीर रूप से घायल हैं। यह पूरी कार्रवाई पूर्व ब्लॉक प्रमुख गीतम सिंह की पैतृक जमीन पर अवैध रूप से पैमाइश करने के नाम पर की गई, जो स्पष्ट रूप से दादागीरी और षड्यंत्र का हिस्सा लगती है। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने इस जघन्य अत्याचार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और शासन प्रशासन से कड़े सवाल उठाए हैं। भाकियू का कहना है कि विवादित भूमि पर कमिश्नर अलीगढ़ न्यायालय में वाद विचाराधीन है, जिसकी अगली सुनवाई 16 जनवरी 2026 को निर्धारित है।

पूर्व ब्लॉक प्रमुख गीतम सिंह की पैतृक जमीन पर दबंगों द्वारा कथित दादागीरी से कब्जा करने की कोशिश। भूमि विवाद कमिश्नर अलीगढ़ कोर्ट में लंबित। गुरुवार को तहसीलदार संदीप सिंह पुलिस बल के साथ नगला गोधी मजरा मढ़ई प्रहलाद नगर पहुंचे। किसानों के विरोध पर पुलिस ने महिलाओं सहित लोधी समाज के लोगों पर बर्बर मारपीट की। एक महिला बेहोश (जिंदगी की जंग), दूसरी की हड्डियां तोड़ कर दिव्यांग किया, दर्जनों घायल। तहसीलदार पर पुलिस को उकसाने का आरोप।
एकपक्षीय कार्रवाई- पीड़ितों का मेडिकल नहीं कराया गया, जबकि तहसीलदार ने जलेसर थाने में किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी। वीडियो में तहसीलदार की कार सुरक्षित दिखने के बावजूद तोड़फोड़ के झूठे आरोप लगाए गए।

भाकियू ने प्रशासन की पोल खोलते हुए उठाए सटीक सवाल

1.पीड़ित किसान गीतम सिंह (पूर्व ब्लॉक प्रमुख) की पैतृक जमीन पर बिना सरकारी बंटवारे (कुराबंदी) के किस न्यायालय के आदेश पर पैमाइश की गई?
2.कमिश्नर अलीगढ़ कोर्ट में वाद लंबित और सुनवाई की तारीख 16 जनवरी 2026 निर्धारित होने पर न्यायालय पर भरोसा क्यों नहीं दिखाया?
3.पूरे यूपी में SIR प्रक्रिया चल रही है, फिर पैतृक जमीनों की पैमाइश के लिए समय कैसे निकला?
4.यदि समय था तो जलेसर क्षेत्र में हजारों बीघा सरकारी जमीन पर माफियाओं का कब्जा क्यों नहीं हटवाया?
5.पैमाइश के लिए उपजिला मजिस्ट्रेट कोर्ट से विधिवत आदेश लेकर टीम क्यों नहीं गठित की गई?
6.मौके पर संबंधित लेखपाल क्यों अनुपस्थित था?
7.आवश्यक उपकरण जरीब न होने पर इंचटेप से पैमाइश क्यों की गई?
8.बिना लेखपाल और जरीब के सरकारी दस्तावेज कहां से आए, जिन्हें फाड़ने के झूठे आरोप लगाए गए?
9.वीडियो में तहसीलदार की कार साफ-सुरक्षित खड़ी दिख रही है, फिर कार तोड़ने का आरोप पीड़ितों पर क्यों ठोंका?
10.पीड़ितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई, लेकिन उनका मेडिकल क्यों नहीं कराया?
11.कैमरों के सामने पूरी घटना हुई, फिर एकपक्षीय मदद क्यों की गई?
12.तहसीलदार संदीप सिंह की जलेसर तैनाती पर हमेशा गैर-कानूनी पैमाइश और किसानों के खिलाफ साजिश क्यों रची जाती है, जिससे दर्जनों गांवों में एफआईआर हो चुकी हैं?
13.लोधी समाज के किसानों पर हो रहे इन अत्याचारों के खिलाफ भाकियू बड़ा जनआंदोलन, धरना प्रदर्शन करेगी। किसी क्षति की पूरी जिम्मेदारी तहसीलदार संदीप सिंह और उपजिलाधिकारी पर होगी।

भारतीय किसान यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि शासन ने तत्काल न्याय नहीं किया तो तहसीलदार पर मुकदमा, पीड़ितों का पूरा इलाज और क्षतिपूर्ति नहीं की तो पूरे जलेसर क्षेत्र में विशाल आंदोलन होगा। यह घटना यूपी प्रशासन की किसान-विरोधी और लोधी समाज विरोधी साजिश की नंगी तस्वीर उजागर करती है। अन्नदाताओं की महिलाओं पर पुलिसिया जुल्म बर्दाश्त नहीं किया जाएगा – शासन जागे, वरना किसान सड़कों पर उतरेंगे।

झूठ मुकदमों को लेकर कांग्रेस करेगी आंदोलन

कांग्रेसी नेता पूर्व ब्लाक प्रमुख पूर्व ब्लाक प्रमुख गीतम सिंह राजपूत एवं कांग्रेस नेत्री अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सदस्य मारहरा विधान सभा से कांग्रेस प्रत्याशी तारा राजपूत पर झूठा मुकदमा लगाकर उनके भाइयों को जेल भेजने को लेकर कांग्रेस करेगी आंदोलन

पूर्व कार्यवाहक जिला अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी एटा,सदस्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनिल सोलंकी ने एटा जिले के जलेसर क्षेत्र में घटी पीड़ित महिलाओं पर हमले की घटना में न्याय सुनिश्चित करने के लिए एक उच्चस्तरीय तथा निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने मांग की है कि इस संवेदनशील मामले की जांच या तो उत्तर प्रदेश पुलिस की अपराध शाखा (CBCID) द्वारा कराई जाए, या फिर किसी अन्य जिले की पुलिस टीम को यह जिम्मेदारी सौंपी जाए।
इस मांग का आधार घटना में सामने आए गंभीर आरोप हैं, जिनमें स्थानीय प्रशासन (तहसीलदार) और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं। एक निष्पक्ष जांच ही पीड़ित परिवार को न्याय दिला सकती है और जनता का विश्वास बहाल कर सकती है। पीड़ित पक्ष के पूर्व ब्लॉक प्रमुख होने से मामले को एक राजनीतिक आयाम मिल गया है।
पीड़ित परिवार और ठाकुर अनिल सोलंकी ने आरोपियों के खिलाफ त्वरित व कठोर कार्रवाई, पीड़ितों को सुरक्षा और एक निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को संविधान की प्रति देने जा रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने रोका

मथुरा के होली गेट पर पुलिस और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में हुई तीखी नोक झोंक

मथुरा, 08 जनवरी 2026 (उप्रससे)। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से मिलने  वृंदावन जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने मथुरा के होली गेट पर रोक लिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और झड़प की स्थिति उत्पन्न हो गई।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को संविधान की प्रति और तिरंगा झंडा भेंट करने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।

जैसे ही पुलिस ने बैरिकेटिंग लगाकर कार्यकर्ताओं को रोका, मौके पर नारेबाजी शुरू हो गई और माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया। पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को वहीं रोक लिया।

कांग्रेस नेताओं ने पुलिस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए विरोध दर्ज कराया। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत यह कदम उठाया गया।

इस दौरान मुकेश धनगर कुंवर सिंह निषाद राजन पाठक हरवीर सिंह पुंडीर संदीप हिंडोल आदित्य तिवारी अश्वनी शुक्ला प्रवीन ठाकुर हर्ष चौरसिया दुर्गेश बघेल हरीश पचौरी प्रदीप सागर प्रमोद शर्मा धीरज शर्मा आशीष अग्रवाल राशिद खान हाकिम सिंह छोकर ललिता देवी आशा चौधरी अनाम धन्य तिवारी उमाशंकर शर्मा रमेश कश्यप जिलानी कादरी रवि वाल्मीकि हाशिम हुमेर दीपक आर्य शैलेंद्र चौधरी राजा गौतम टिंकू धनगर बालवीर सिंह राजरानी निमेष सुनील बाल्मीकि विशाल वाल्मीकि लक्ष्य गौड़ राकेश शुक्ला हरिओम उपाध्याय अमित राज महेश चौबे नितिन वार्ष्णेय अशोक निषाद करन निषाद पूरन सिंह अनवर फारुकी शाहरुख खान अजीम शाह बंटी दिवाकर अर्पित जादौन अनिल खरे राजेश कुमार विवेक कुमार सहित सैकड़ो की संख्या मे कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

गोरखपुर के दिवंगत पत्रकार के परिजनों को मुख्यमंत्री ने प्रदान की पांच लाख की सहायता

गोरखपुर, 08 जनवरी 2026, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद के दिवंगत पत्रकार विवेक कुमार अस्थाना की पत्नी श्रीमती निहारिका अस्थाना एवं बच्चे दिव्य अस्थाना व देव अस्थाना को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री  ने मृतक के शोक सन्तप्त परिजनों से भेंट कर अपनी संवेदना प्रकट की और ढांढस बंधाया।
इस अवसर पर विधायक प्रदीप शुक्ला, विधान परिषद सदस्य डॉ0 धर्मेन्द्र सिंह, गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब के अध्यक्ष रितेश मिश्र एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। ज्ञातव्य है कि विगत दिनों वरिष्ठ पत्रकार एवं गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब के आजीवन सदस्य व रंगकर्मी विवेक कुमार अस्थाना की अचानक मृत्यु हो गयी थी।

« Newer PostsOlder Posts »