एटा 18 जनवरी उप्रससे। शहर के सैनिक पढ़ाव मैदान में आयोजित एटा महोत्सव उस समय सुर्खियों में आ गया, जब शनिवार की देर रात को हरियाणवी नाइट के दौरान एक तरफ मीडिया कर्मियों को कवरेज से रोका गया, तो दूसरी ओर पंडाल के भीतर खुलेआम हंगामा और तोड़फोड़ देखने को मिली। महोत्सव की चमक-दमक के बीच अव्यवस्था की यह तस्वीर प्रशासन के दावों की पोल खोलती नजर आई।
हरियाणवी नाइट की प्रदर्शनी पंडाल में कवरेज के लिए पहुंचे प्रिंट मीडिया के पत्रकारों को पुलिस ने गेट पर ही रोक दिया। प्रेस कार्ड, कैमरा और नोटपैड होने के बावजूद पत्रकारों को अंदर जाने नहीं दिया गया, जिससे मौके पर तनाव फैल गया। आक्रोशित मीडिया कर्मियों ने आरोप लगाया कि प्रशासन एक ओर प्रचार के लिए मीडिया का सहारा लेता है, लेकिन मौके पर पुलिस उन्हें बाहरी समझकर व्यवहार कर रही है।
मामला बढ़ने पर पत्रकारों ने प्रदर्शनी अध्यक्ष से सवाल किया कि जब रसूखदार और बिना पहचान पत्र वाले लोग वीआईपी क्षेत्रों में बेरोकटोक घूम रहे हैं, तो मीडिया को क्यों रोका जा रहा है। मीडिया कर्मियों ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बताते हुए पुलिस व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की। बाद में एसपी सिटी श्वेताभ पांडेय के हस्तक्षेप से स्थिति कुछ शांत हुई और रोके गए पत्रकारों को पंडाल में प्रवेश मिला।
इधर पंडाल के अंदर कार्यक्रम के लिए प्रारंभ में ही हालात और भी बेकाबू नजर आए। मशहूर हरियाणवी गायिका रुचिका जांगिड़ के कार्यक्रम के दौरान भीड़ ने जमकर उत्पात मचाया। कुर्सियां तोड़ी गईं, लोग पंडाल के खंभों पर चढ़कर बैठते दिखे और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था के दावे इस हंगामे के आगे कमजोर पड़ते दिखे। हालांकि पुलिस दो उपद्रवियों को मौके से पकड़े जाने का दावा कर रही है। कुल मिलाकर एटा महोत्सव में एक ओर मीडिया के साथ टकराव और दूसरी ओर बेकाबू भीड़ का हंगामा प्रशासनिक तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। अब यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
लखनऊ। 18 जनवरी , पूरे विश्व में शान के साथ सनातन धर्म की पताका लहरा रही है। यह मेरा सौभाग्य है कि देश भर से आए संतजनों के दर्शन करने का पुण्य लाभ प्राप्त हो रहा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100वें वर्ष की यात्रा अंतर्गत आयोजित “विराट हिंदू सम्मेलन” को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सभी से राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सद्भाव और शक्ति के लिए “एकता ही शक्ति है” के मूलमंत्र पर चलने का आह्वान किया।
आलमबाग स्थित सेन्ट्रल पार्क, समर विहार कॉलोनी में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कैंट विधानसभा में आयोजित हो रहे इस पावन समारोह के आयोजकों का ह्रदय से आभार है। देश भर से आए संतजनों के विशेष दर्शन करने का पुण्यलाभ हम सभी को प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की पताका आज शान के साथ पूरी दुनिया में लहरा रही है।
उन्होंने विशेषकर सिख समुदाय का उल्लेख करते हुए कहा कि सिख समाज के शूरवीरों के बलिदानों के कारण ही आज सनातन की ध्वजा शान से लहरा रही है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि इस तरह के आयोजन एक-दूसरे के प्रति सद्भाव को बढ़ाती हैं। उन्होंने कहा कि आज सोमवती अमावस्या भी है। गुरुजनों का हमें आशीर्वाद प्राप्त हो रहा है। उन्होंने उपस्थित सभी महानुभावों का आभार भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर समारोह के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, अवध प्रांत के सह प्रांत प्रचारक संजय जी, पूज्य महंत श्री राजीव लोचन शरण जी, श्रीअयोध्या धाम से पधारे पूज्य महंत श्री मनी दास जी, महान संत असूदाराम आश्रम, लखनऊ से पधारे संत शिरोमणि श्री साईं हरीश लाल जी, आर्य समाज मंदिर से श्री रूपचंद दीपक जी, डॉ० भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ० वी०वी० मलिक, अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान से पधारे भंते श्री शीलरत्न जी, श्रीगुरु सिंह सभा, आलमबाग से पधारे निर्मल सिंह, पूर्व महापौर, लखनऊ, नगर निगम संयुक्ता भाटिया, गिरीश मिश्रा, मान सिंह एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
Rss @100year, #RSS100