हाथरस। हसायन कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला मिया पट्टी देवरी में 23 वर्षीय शीनू की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने पति अवनीश पुंढीर समेत ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिजनों का आरोप है कि विवाह के बाद से ही शीनू को दहेज की अतिरिक्त मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किए जाने की बात भी कही गई है। परिवार का यह भी कहना है कि उस पर जबरन गर्भपात कराने का दबाव बनाया गया।
तबीयत बिगड़ने पर उसे दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
