बच्ची और एक महिला झुलसी
फायर ब्रिगेड की कड़ी मेहनत से पाया आग पर काबू
Posted on 11.02.2026 Time 09.04 PM Wednesday
मथुरा, 11 फरवरी । वृन्दावन में बुधवार को एक बड़ी दुर्घटना होते-होते बची। यहाँ रुक्मिणी विहार स्थित नवनिर्मित होटल सिद्धि विनायक में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब होटल के उद्घाटन समारोह के दौरान ही भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में एक महिला और एक बच्ची झुलस गई,
वृन्दावन कोतवाली के अंतर्गत केशव धाम चौकी क्षेत्र में स्थित इस होटल का आज ही भव्य उद्घाटन होना था। समारोह की तैयारियाँ चल रही थीं, तभी अचानक आग की लपटें उठने लगीं। शुरुआती जाँच में जिला प्रशासन ने आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई है।आग की चपेट में आने से एक महिला और एक बच्ची गंभीर रूप से झुलस गईं, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और काफी प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
जिलाधिकारी सीपी सिंह ने मौके का जायजा लेते हुए बताया कि आग पर नियंत्रण पा लिया गया है और घायलों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।जानकारी के अनुसार इस होटल का निर्माण राया के निवासी विनीत अग्रवाल और अलीगढ़ के हरी अग्रवाल ने पार्टनरशिप में कराया है। फिलहाल दमकल विभाग और पुलिस नुकसान के आकलन और अन्य तकनीकी खामियों की जाँच में जुटे हैं।

