उप्रससे अजय बरया ललितपुर- उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में सदर ललितपुर के विधायक रामरतन कुशवाहा ने प्रभावशाली और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण वक्तव्य देते हुए ललितपुर एवं बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ सदन के केंद्र में ला दिया। उनके भाषण ने यह स्पष्ट कर दिया कि अब सीमावर्ती क्षेत्रों की आवाज विधानसभा में और अधिक ताकत के साथ गूंज रही है।
विधायक ने कहा कि बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि जनता की उम्मीदों और विकास का संकल्प है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी , मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा वित्त मंत्री सुरेश खन्ना का आभार व्यक्त करते हुए बजट को समग्र विकास का रोडमैप बताया।
बड़ा राजनीतिक संदेश: ललितपुर आखिरी जिला नहीं, उत्तर प्रदेश का मुख्य प्रवेश द्वार
सदन में बोलते हुए विधायक ने कहा कि ललितपुर को सीमावर्ती नहीं, बल्कि रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जनपद के रूप में देखा जाना चाहिए। मध्यप्रदेश से लगी सीमाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने क्षेत्रीय विकास को प्रदेश की प्रगति से सीधे जोड़कर प्रस्तुत किया।
वही विधायक ने विकास का मजबूत एजेंडा — सड़क, सेतु और कनेक्टिविटी पर फोकस करते हुए
विधायक ने बजट में सड़क एवं सेतु निर्माण के लिए हुई बड़ी वित्तीय व्यवस्था का स्वागत करते हुए सदन में कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं—
• जखौरा–तालबेहट संपर्क मार्ग का उच्चीकरण
• दैलवारा से अमरपुर मंडी तक हाईवे कनेक्टिविटी
• रेलवे स्टेशन दैलवारा पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण
• ललितपुर नगर में इनर रिंग रोड का निर्माण, जिससे देवगढ़, राजघाट एवं जखौरा मार्ग सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग–44 से जुड़ सकें
• शहजाद नदी पर पंचमुखी हनुमान मंदिर, बार बांसी मार्ग और पारौन हज़ारिया मार्ग (किमी-3) पर तीन दीर्घ सेतुओं का निर्माण
सदन में क्षेत्रीय सम्मान और गौरव को ध्यान में रखते हुए विधायक ने महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे—
• देवगढ़ मार्ग पर सेतु निगम द्वारा निर्मित रेलवे ओवरब्रिज का नाम “महाराजा छत्रसाल सेतु” रखा जाए।
• शहजाद नदी पर निर्माणाधीन दीर्घ सेतु का नाम भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी सेतु रखा जाए।
इन प्रस्तावों को क्षेत्रीय इतिहास और राष्ट्रीय नेतृत्व को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
शिक्षा, तकनीकी संस्थान और युवाओं पर विशेष जोर
विधायक ने कहा कि सीमावर्ती ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों की शिक्षा को ध्यान में रखते हुए विकासखंड तालबेहट की ग्राम पंचायत पूरा कला में राजकीय इंटर कॉलेज की स्थापना अत्यंत आवश्यक है।
साथ ही उन्होंने मांग रखी—
• ललितपुर में इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना
• युवाओं की खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने हेतु स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना
अपने संबोधन में विधायक ने करकरावल कॉरिडोर, देवगढ़ किला, दशावतार मंदिर, बेतवा तट, गोविंद सागर बांध, राजघाट बांध क्षेत्र एवं पंचमुखी हनुमान मंदिर को जोड़कर बुंदेलखंड धार्मिक एवं विरासत पर्यटन सर्किट विकसित करने का प्रस्ताव रखा।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह प्रस्ताव क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने वाला साबित हो सकता है।
फुलावन, पठारी एवं रमपुरा कठवर सहित लगभग 20 ग्रामों के पास भव्य राज्य प्रवेश द्वार बनाए जाने की मांग रखते हुए विधायक ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और गौरव का प्रतीक बनेगा।
विधायक ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री जी के निर्देशन और मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में बुंदेलखंड अब विकास और समृद्धि की नई पहचान बनेगा।
ललितपुर सीमा नहीं, प्रदेश का गौरव और उत्तर प्रदेश का मुख्य प्रवेश द्वार है।

