एटा में बेटी के घर आए पिता-भाई को ससुराल वालों ने दहेज के लिए लाठी-डंडों और फावड़े से पीटा, पिता को छत से फेंका
एटा 20 फरवरी उप्रससे। जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र के मिहुता गांव में दहेज उत्पीड़न के एक मामले में बेटी के घर आए पिता और भाई पर ससुरालियों ने हमला कर दिया। लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों और फावड़े से किए गए इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद खून से लथपथ पिता-पुत्र अलीगंज कोतवाली पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने घायल पिता सुरेंद्र पुत्र वेदराम और उपेंद्र पुत्र सुरेंद्र का मेडिकल परीक्षण कराया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि पिता सुरेंद्र की हालत चिंताजनक बनी हुई है। दोनों फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर गांव के निवासी हैं।
सुरेंद्र अपने पुत्र उपेंद्र को लेकर बेटी के ससुराल मिहुता गांव आए थे। आरोप है कि ससुराल वाले बेटी को अतिरिक्त दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। बेटी की सूचना पर वे उसे समझाने आए थे, तभी यह हमला हुआ।
बेटी अनीता ने बताया कि ससुराल वाले उनसे एक लाख रुपये की मांग कर रहे थे। उन्होंने अपने पिता को फोन किया था, जिसके बाद वे पैसों का इंतजाम करके आए थे। अनीता के अनुसार, उनके पति देवेश, ससुर मनीराम और जेठ नेम सिंह ने मिलकर उन्हें पीटा और छत से नीचे फेंक दिया, जिससे उनके पिता और भाई घायल हो गए। अनीता ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें आए दिन अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता है।
घायल उपेंद्र ने बताया कि वे अपनी बहन को वापस बुलाने आए थे। तभी देवेश, नेम सिंह और मनीराम ने लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों से उन पर हमला किया और फावड़ा मार दिया। उपेंद्र ने कहा कि ससुराल वालों को उनकी बहन पसंद नहीं है, जबकि उन्होंने कभी दहेज देने से मना नहीं किया।
क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि शिकायत पत्र मिलते ही तत्काल एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है।
