हाथरस। शहर के बलदेव नगर, कोटा रोड क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोर करीब सात लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए। घटना के समय परिवार गांव गया हुआ था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित वीरेंद्र पाराशर पुत्र विनोद पाराशर ने बताया कि उनका मूल निवास दाऊजी के पास अतरौली क्षेत्र में है। शनिवार 14 तारीख को शाम लगभग पांच बजे वह परिवार सहित गांव गए थे। रविवार रात करीब 8 से 8:30 बजे के बीच लौटने पर देखा कि घर का मुख्य गेट खुला था और ताला गायब था। अंदर जाने पर ऊपर के कमरे का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा था।
जांच में पता चला कि दो अंगूठियां, एक पेंडेंट, एक मंगलसूत्र, कान के झाले, दो जोड़ी पाजेब सहित कीमती जेवरात चोरी हो गए। एक गुल्लक भी नहीं मिली, जिसमें करीब चार से छह हजार रुपये नकद रखे थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग सात लाख रुपये बताई गई है।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग रिहायशी इलाकों में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर चिंता जता रहे हैं।
