एटा 14 फरवरी उप्रससे। पुलवामा आतंकी हमले की बरसी पर 14 फरवरी 2019 को शहीद हुए जवानों को देश ने याद किया। इस अवसर पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने शहीद पार्क जीटी रोड पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। सभा के दौरान शहीदों को नमन करते हुए वैलेंटाइन डे का बहिष्कार करने का संकल्प भी लिया गया।
विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष शिवांग गुप्ता ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पुलवामा के बलिदानियों का त्याग व्यर्थ नहीं जाएगा। उन्होंने देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों के राष्ट्र के प्रति समर्पण की सराहना की। शहीदों की आत्मशांति के लिए दो मिनट का मौन भी रखा गया। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष अभिनव मिश्रा ने बजरंग दल के युवाओं को देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई।
अभिनव मिश्रा ने युवाओं से वैलेंटाइन डे का बहिष्कार करने की अपील की। उन्होंने इसे भारतीय संस्कृति का हिस्सा नहीं बताया, बल्कि एक विदेशी उत्सव करार दिया जो केवल व्यापारिक लाभ के लिए थोपा गया है और युवा पीढ़ी को नैतिक मूल्यों से भटका रहा है।
संगठन के कार्यकर्ताओं ने पार्कों, मॉल और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी रखी, ताकि मर्यादा के विरुद्ध होने वाली गतिविधियों को रोका जा सके। कार्यकर्ताओं ने युवाओं को गुलाब देने के बजाय ‘मातृ-पितृ पूजन’ करने और अपने महान पूर्वजों के आदर्शों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मुकेश राठौर (जिला मंत्री), अभिनव गुप्ता (सह मंत्री), सौरभ सोलंकी (जिला गौ रक्षा प्रमुख बजरंग दल), नितिन गुप्ता (नगर संयोजक), अंकित बघेल, अश्वनी चक, सदानंद गिहार, आकाश यादव सहित दर्जनों बजरंग दल कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

