Web News

www.upwebnews.com

परीक्षा देने गए छात्र की विवाद के बाद मौत, ईंट से हमले में घायल युवक ने तोड़ा दम

February 26, 2026

परीक्षा देने गए छात्र की विवाद के बाद मौत, ईंट से हमले में घायल युवक ने तोड़ा दम

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
26/02/2026

डीबी इंटर कॉलेज परिसर में हुई घटना से क्षेत्र में सनसनी, आरोपी छात्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज*

गोरखपुर। शाहपुर थाना क्षेत्र के पादरी बाजार स्थित डीबी इंटर कॉलेज में परीक्षा देने गए एक छात्र की मामूली विवाद के बाद हुई मारपीट में गंभीर चोट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी है।
जानकारी के अनुसार अंकुश सिंह (18 वर्ष) पुत्र जनार्दन सिंह निवासी सरदार पटेल नगर, पादरी बाजार थाना शाहपुर, जनपद गोरखपुर, 25 फरवरी 2026 को डीबी इंटर कॉलेज में आयोजित परीक्षा देने गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद कॉलेज परिसर स्थित पार्किंग स्थल में उसकी किसी बात को लेकर सत्यम कुमार गौड़ से कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि सत्यम कुमार गौड़ नीना थापा इंटर कॉलेज का छात्र है और एम्स गोरखपुर क्षेत्र का निवासी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद अचानक बढ़ गया और गुस्से में आकर आरोपी सत्यम कुमार गौड़ ने पास पड़ी ईंट उठाकर अंकुश सिंह के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से अंकुश मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौजूद छात्रों व परिजनों द्वारा उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए अंकुश सिंह को लखनऊ रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान गुरुवार 26 फरवरी 2026 को अंकुश सिंह ने दम तोड़ दिया। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया तथा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलने पर शाहपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस द्वारा मुकदमा अपराध संख्या 35/2026 धारा 109(1) एवं 115(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत आरोपी सत्यम कुमार गौड़ के विरुद्ध पंजीकृत किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है तथा घटना से संबंधित साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिससे घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा सके।
इस घटना के बाद अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों ने शिक्षण संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग उठाई है। वहीं पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले में दोषी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।