Web News

www.upwebnews.com

ननिहाल में शादी में आए लापता मासूम का तालाब में मिला शव, ग्रामीणों ने किया हंगामा

February 24, 2026

ननिहाल में शादी में आए लापता मासूम का तालाब में मिला शव, ग्रामीणों ने किया हंगामा

7 दिन से तलाश रही थी पुलिस और परिजन, सीसीटीवी में बाहर जाते दिखा था बालक
​आक्रोशित ग्रामीणों ने की SIT जांच की मांग, गांव में तनाव का माहौल
मथुरा(चौमुहाँ। ​थाना छाता के गांव तरौली जनूबी में सात दिन पहले अपनी ननिहाल से लापता हुए 9 वर्षीय मासूम दुष्यंत का शव मंगलवार को गांव के ही एक तालाब में मिलने से सनसनी फैल गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की एसआईटी जांच की मांग को लेकर हंगामा किया।
जिला आगरा के थाना जगनेर अंतर्गत गांव चौरे का बरगंवा निवासी हरिओम का पुत्र दुष्यंत (9) अपनी मां संजू के साथ 10 फरवरी को तरौली स्थित अपनी ननिहाल आया था। परिवार को 21 फरवरी को वृंदावन में एक रिश्तेदारी की शादी में शामिल होना था, जिसके चलते दुष्यंत यहीं रुका हुआ था। 18 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी नानी सावित्री से बाहर खेलने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
परिजनों की सूचना पर छाता पुलिस ने तलाश शुरू की थी। गांव में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में दुष्यंत गांव से बाहर की ओर जाने वाले रास्ते पर पैदल जाता हुआ दिखाई दिया था, जिसके बाद उसका कोई सुराग नहीं लग सका। मंगलवार सुबह गांव के तालाब में शव उतराता देख ग्रामीणों के होश उड़ गए। शिनाख्त होने पर पता चला कि यह शव लापता दुष्यंत का ही है।
चौथी कक्षा में पढ़ने वाला दुष्यंत अपने भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी मौत से मां संजू और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का आरोप है कि मामला संदिग्ध है, इसलिए इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। हंगामे की सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच तेज कर दी है।