एटा 11 फरवरी उप्रससे। जनपद में मलावन थाना क्षेत्र के गांव पुरा में एक शादीशुदा प्रेमी युगल ने गांव से बाहर एक पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह ग्रामीणों ने पेड़ पर दोनों के शव लटके देखे, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलने पर मलावन थाना पुलिस और क्षेत्राधिकारी सकीट कृतिका सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फील्ड यूनिट तथा डॉग स्क्वॉड को बुलाया। रमन पुत्र रामेंद्र, उम्र 20 वर्ष और रोशनी पत्नी जोगेंद्र पाल निवासी गांव पुरा के शवों को पेड़ से नीचे उतारा गया और पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया। पुलिस इस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। समाज के बंधनों के कारण जब वे एक-दूसरे के नहीं हो पाए, तो उन्होंने आत्महत्या का रास्ता चुना।
