Web News

www.upwebnews.com

एटा में पति से झगड़े के बाद महिला ने दो मंजिला से लगाई छलांग

February 13, 2026

एटा में पति से झगड़े के बाद महिला ने दो मंजिला से लगाई छलांग

मायके पक्ष ने फेंकने का लगाया आरोप, गंभीर घायल

एटा 13 फरवरी उप्रससे। कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला पीपल अड्डा में पति से कहासुनी के बाद एक विवाहिता ने दो मंजिला मकान से छलांग लगा दी। इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया।

घायल विवाहिता को परिजन एटा के वीरांगना अवंती मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल, महिला का आगरा के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घायल विवाहिता साधना पत्नी सूरज ने अपने पति और सास पर प्रताड़ित करने तथा मारपीट कर छत से फेंकने का आरोप लगाया है। साधना का कहना है कि उसके पति और सास उसे आए दिन पीटते हैं। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसे ननद की शादी की रस्मों में हिस्सा नहीं लेने दिया गया।

मेरापुर जनपद फर्रुखाबाद निवासी विवाहिता के पिता राकेश ने बताया कि दो दिन पहले उनकी बेटी की ननद की शादी थी। जब वे भात पहनने आए थे, तब भी उनकी बेटी को धमकाया गया था। उन्होंने दावा किया कि उनके दामाद ने उनकी बेटी को छत से फेंका है।

पटियाली गेट चौकी प्रभारी निजामुद्दीन ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। महिला को परिजनों द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि महिला की पति से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद उसने स्वयं छत से छलांग लगा दी।